'कल्लानमारुडे वीडु' जैसी फिल्मों के लिए मशहूर मलयालम फिल्म निर्देशक और निर्माता काजा हुसैन को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। काजा हुसैन को केरल के पलक्कड़ रेलवे स्टेशन से रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। काजा को चोरी के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पल्लकड़ रेलवे पुलिस ने रविवार को ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के महंगे फोन, लैपटॉप चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया है, जिसकी जानकारी खुद शोरनूर रेलवे पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने दी और बताया कि एक महिला द्वारा मोबाइल चोरी होने की शिकायत सामने आने के बाद शुरू हुई जांच के बाद वह काजा हुसैन तक पहुंचे।
मोबाइल-लैपटॉप चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार हुए काजा हुसैन
शोरनूर रेलवे पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने पत्रकारों को बताया कि काजा हुसैन पर मोबाइल-लैपटॉप जैसी चीजें चोरी करने का आरोप है। पुलिस ने कहा कि आरोपी दो दिन पहले ही मंगलुरु सेंट्रल इंटरसिटी SF एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक महिला यात्री का 80,000 रुपये कीमत का मोबाइल फोन चोरी करके फरार हो गया था, जिसके बाद से पुलिस को उसकी तलाश थी।
इन धाराओं के तहत केस दर्ज
चोरी की घटना सामने आने के बाद रेलवे पुलिस ने BNS की धारा 305 (घर, परिवहन के साधन या पूजा स्थल में चोरी) के तहत मामला दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू की और रविवार को हुसैन को गिरफ्तार कर लिया गया। काजा हुसैन 2024 में रिलीज हुई चर्चित मलयालम फिल्म 'कल्लन्नमारुडे वीडु' के डायरेक्टर-प्रोड्यूसर हैं। पुलिस के अनुसार, फिल्म के कमर्शियल रूप से फ्लॉप होने के बाद हुसैन को भारी नुकसान हुआ था, जिसके चलते उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई। ऐसे में नुकसान की भरपाई और पैसे कमाने के लिए उन्होंने चोरी का रास्ता चुन लिया और ट्रेनों में चोरी की वारदात को अंजाम देने लगे।
शोरनूर इलाके में चोरी किए 2 लैपटॉप और 1 मोबाइल
शोरनूर रेलवे पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि अब तक की जांच में खुलासा हुआ है कि काजा हुसैन ने शोरनूर इलाके में दो लैपटॉप और 80 हजार की रुपये कीमत का एक मोबाइल चुराया था। इसके अलावा काजा पर कोझिकोड में भी दो लैपटॉप चुराने का आरोप है। इस खबर से मनोरंजन जगत के लोग भी हैरान हैं। बता दें, 'कल्लन्नमारुडे वीडु' के फ्लॉप होने के बाद काजा हुसैन ने फिल्म के एक्टर बिजुकुट्टन पर आरोप लगाया था कि वह फिल्म के प्रमोशन के दौरान उपस्थित नहीं रहे, जिसका उनकी फिल्म को काफी नुकसान हुआ। उनका कहना था कि अगर एक्टर प्रमोशन के दौरान मौजूद रहते तो इसका दर्शकों पर अलग प्रभाव पड़ता और उनके फैंस जरूर उनकी फिल्म देखने पहुंचते।
(इनपुट पीटीआई)
ये भी पढ़ेंः 'बिग बॉस 20' से बाहर हुए नकुल ढुल? 24 घंटे का भी नहीं रहा सफर, आधी रात आखिर 'मिट्ठू डॉन' ने क्या कर दिया?