करण जौहर का मशहूर सेलिब्रिटी चैट शो 'कॉफी विद करण' अपने नौवें और आखिरी सीजन के साथ वापसी कर चुका है और सलमान खान शो के पहले गेस्ट बनकर पहुंचे। उनके साथ करिश्मा कपूर भी शो में बतौर गेस्ट बनकर पहुंचीं, जहां करण जौहर ने सलमान खान और करिश्मा कपूर से उनके करियर, पर्सनल लाइफ और इंडस्ट्री के अन्य कलाकारों को लेकर मजेदार सवाल किए। बातचीत के दौरान करण जौहर ने सलमान खान से रणवीर सिंह और रणबीर कपूर की परफॉर्मेंस को लेकर भी सवाल किया। उन्होंने सुपरस्टार से पूछा कि उन्हें 'धुरंधर' में रणवीर सिंह की परफॉर्मेंस अच्छी लगी या फिर 'एनिमल' में रणबीर कपूर की? इसके जवाब में सलमान खान ने क्या कहा, चलिए जानते हैं।
सलमान खान क्या बोले?
रैपिड फायर राउंड के दौरान करण जौहर ने जैसे ही सलमान खान से रणवीर सिंह और रणबीर कपूर की परफॉर्मेंस में से किसी एक को चुनने को कहा, सुपरस्टार ने ऐसा करने से मना कर दिया और कहा कि दोनों ही एक्टर्स ने अपने-अपने किरदार में अलग-अलग खूबियां दिखाई हैं और दोनों में कोई तुलना नहीं है। करण जौहर ने पूछा- 'एनिमल में रणबीर कपूर या धुरंधर में रणवीर सिंह?' जवाब में सलमान खान कहते हैं- 'दोनों ही परफॉर्मेंस का नेचर अलग-अलग था। दो अलग-अलग तरह की परफॉर्मेंस थी, आप उनमें से किसी की भी तुलना नहीं कर सकते।'
करिश्मा ने ली चुटकी
करिश्मा कपूर ने सलमान खान का जवाब सुनकर कहा- 'आप डिप्लोमैटिक हो रहे हैं', तो सलमान खान कहते हैं कि वह डिप्लोमैटिक नहीं हो रहे हैं, बल्कि उन्हें जो लगता है वही कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें सच में लगा कि दोनों ही स्टार्स तारीफ के हकदार हैं। सलमान कहते हैं- 'ये बिलकुल भी डिप्लोमैटिक नहीं है। दोनों ही शानदार एक्टर हैं। एक में जबरदस्त एनर्जी है तो दूसरे में जबरदस्त इंटेंसिटी। दोनों के स्टाइल, एक्टिंग बहुत अलग-अलग हैं।'
धुरंधर में क्या अच्छा लगा?
इसी दौरान सलमान खान ने बताया कि उन्हें 'धुरंधर' में रणवीर सिंह के परफॉर्मेंस की सबसे अच्छी बात कौन सी लगी। यूं तो रणवीर सिंह अपनी एनर्जेटिक परफॉर्मेंस के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इस रोल में उन्होंने जबरदस्त संयम बरता। सलमान खान के अनुसार, रणवीर सिंह ने जैसे इस किरदार को निभाया, उससे पता चलता है कि वह अपने किरदार में कितने सहज थे। वह कहते हैं- 'खासतौर पर धुरंधर में रणवीर को अपनी सारी एनर्जी काबू में रखनी पड़ी। वह हर काम बड़े पैमाने पर करते हैं, लेकिन इस बार उन्हें काफी कंट्रोल रखना पड़ा। ये एक एक्टर के तौर पर असुरक्षा की बात हो सकती है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं था। एक एक्टर के तौर पर वह धुरंधर में अपने रोल में काफी कॉन्फिडेंट थे।'
सलमान खान ने शेयर किए पर्सनल लाइफ से जुड़े किस्से
शो में सलमान खान ने अपने फैमिली होम से जुड़े भी कुछ किस्से शेयर किए। उन्होंने बताया कि उन्हें अपने बेडरूम में ऐसा महसूस होता था, जैसे कोई उनके पीछे खड़ा हो। हालांकि, उन्हें कभी डर नहीं लगा। उन्होंने कहा, 'मैं कभी उस कमरे में अकेले नहीं रहा, हमेशा किसी के साथ रहा। किसी ऐसे के साथ, जिसे मैंने कभी नहीं देखा... बस सुना था। जब मैं उस कमरे से बाहर निकलता तो लाइटें झिलमिलाने लगती थीं। अलमारियां खुद ब खुद खुल जाती थीं। म्यूजिक सिस्टम चालू हो जाता था। मैं बाथरूम में होता तो किसी के बाहर होने का एहसास होता था, जो अलमारियों के साथ छेड़छाड़ कर रहा होता था।'
ये भी पढ़ेंः 'कभी मेरे भी बच्चे होंगे', सलमान खान ने 'कॉफी विद करण 9' में करण जौहर के सामने कही दिल की बात
Latest Bollywood News