मशहूर रैपर और म्यूजिक कंपोजर बादशाह एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में अपने गाने 'ततीरी' को लेकर विवादों में घिरे बादशाह ने अब अपनी गुपचुप शादी की खबरों से इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक बादशाह ने पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री ईशा रिखी के साथ एक निजी समारोह में शादी रचा ली है। हालांकि इस जोड़ी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई घोषणा नहीं की है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों ने उनके फैंस को चौंका दिया है। बता दें, ये बादशाह की दूसरी शादी है, पहली शादी से उनकी एक बेटी भी है।
बादशाह और ईशा रिखी की गुपचुप शादी
पिछले कुछ समय से बादशाह और ईशा रिखी के डेटिंग की खबरें गलियारों में तैर रही थीं, लेकिन अब यह मामला शादी तक पहुंच गया है। वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो के अनुसार यह शादी बेहद निजी रखी गई थी, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त ही शामिल हुए। दिलचस्प बात यह है कि न तो बादशाह और न ही ईशा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर कोई फोटो शेयर की है। इन तस्वीरों में बादशाह आइवरी कुर्ता सेट में नजर आ रहे हैं, जबकि ईशा रिखी ने पारंपरिक लाल रंग का पंजाबी सलवार सूट पहना हुआ है। एक खास तस्वीर में ईशा लिफ्ट के अंदर बादशाह के साथ पोज दे रही हैं, जहां उनकी मांग में सिंदूर, हाथों में चूड़ा और कलीरें साफ देखे जा सकते हैं। इन विजुअल्स ने इस खबर पर मुहर लगा दी है कि दोनों अब आधिकारिक रूप से पति-पत्नी बन चुके हैं।
यहां देखें तस्वीरें
कौन हैं ईशा रिखी?
बादशाह की पत्नी ईशा रिखी पंजाबी सिनेमा का एक चर्चित चेहरा हैं। चंडीगढ़ की रहने वाली ईशा ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी और जल्द ही वे पंजाबी फिल्मों की लीडिंग एक्ट्रेस बन गईं। उन्होंने 'जट्ट बॉयज पुत्त जट्टां दे', 'हैप्पी गो लकी' और 'व्हाट द जट्ट' जैसी कई लोकप्रिय फिल्मों में काम किया है। पंजाबी इंडस्ट्री के अलावा ईशा ने 2018 में फिल्म 'नवाबजादे' के जरिए बॉलीवुड में भी अपनी किस्मत आजमाई थी। ईशा को उनकी सादगी और बेहतरीन अभिनय के लिए जाना जाता है। सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है। बताया जाता है कि बादशाह और ईशा की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी और जल्द ही उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों के बीच की केमिस्ट्री अब शादी की तस्वीरों में साफ झलक रही है, जहाँ ईशा एक सुंदर पंजाबी दुल्हन के रूप में बेहद प्रभावशाली लग रही हैं।
परिवार की ओर से मिला 'आशीर्वाद'
इस गुपचुप शादी की सच्चाई तब सामने आई जब ईशा रिखी की मां पूनम रिखी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से शादी और जश्न की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने तस्वीरों के साथ एक प्यारा सा कैप्शन लिखा, 'भगवान आप दोनों को आशीर्वाद दें।' तस्वीरों के इस कैरोसेल में इस जोड़े को मेहमानों और परिवार के सदस्यों के साथ खुशी के पल साझा करते देखा जा सकता है। बादशाह अक्सर अपनी निजी जिंदगी को कैमरों से दूर रखना पसंद करते हैं, इन तस्वीरों में बेहद खुश और रिलैक्स्ड नजर आ रहे हैं। उनके फैंस इस सरप्राइज से बेहद खुश हैं और सोशल मीडिया पर इस नई जोड़ी को ढेरों बधाइयां मिल रही हैं।
विवादों के बीच खुशियों की दस्तक
बादशाह के लिए पिछला कुछ समय मिला-जुला रहा है। एक तरफ जहां उनके गाने 'ततीरी' को लेकर कानूनी और सोशल मीडिया विवाद चल रहे थे, वहीं दूसरी तरफ उनकी शादी की खबर ने उनके प्रशंसकों को जश्न मनाने का मौका दे दिया है। रणबीर सिंह की 'धुरंधर 2' और अक्षय कुमार की 'भूत बंगला' की चर्चाओं के बीच बादशाह की यह 'रियल लाइफ' स्टोरी बॉलीवुड गॉसिप कॉलम में टॉप पर बनी हुई है। अभी तक इस मामले पर बादशाह या ईशा की पीआर टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन तस्वीरों की गवाही कुछ और ही कह रही है।
ये भी पढ़ें: बदल गई सबसे दमदार सस्पेंस थ्रिलर की रिलीज डेट, पहले दो पार्ट ने बदले सिनेमा के मायने, 7 भाषाओं में बन चुके हैं रीमेक
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' एक्टर रणवीर सिंह पर पड़ा भारी, 'धुरंधर 2' में निकला गेम चेंजर, 12 साल पहले भी दिखा चुका Dhurandhar का कमाल
Latest Bollywood News