मलयालम सिनेमा को कई कल्ट फिल्मों के लिए जाना जाता है। साल 2013 में एक ऐसी सस्पेंस थ्रिलर फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई जो न सिर्फ बंपर कमाई के साथ ब्लॉकबस्टर बनी, बल्कि इस जोनर के लिए मील का पत्थर बन गई। आज की डेट में हर सस्पेंस थ्रिलर फिल्म की तुलना इससे जरूर होती है। क्या आप अब इस फिल्म का नाम गेस कर पाए हैं? इस फिल्म में मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल ने लीड रोल निभाया था। ये फिल्म इतनी सफल रही कि सात भाषाओं में इसके रीमेक बने और अब इसका तीसरा पार्ट रिलीज होने वाला है। हम जिस फिल्म की बात कर रहे हैं, वो 'दृश्यम' है। मोहनलाल की फिल्म को पहले अप्रैल में रिलीज किया जाना था, लेकिन अब फिल्म की रिलीज डेट बदल दी गई है।
बदली गई रिलीज डेट
कुछ दिनों पहले 'दृश्यम' की रिलीज डेट सामने आई थी। मेकर्स ने तय किया था कि फिल्म 2 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देगी, लेकिन अब ऐसा नहीं होने वाला। मेकर्स ने अब रिलीज डेट बदल दी है। जीतू जोसेफ के निर्देशन में बनी मोहनलाला स्टारर फिल्म अब 2 अप्रैल के बजाय मई में रिलीज होगी। फैंस को अब एक महीने से अधिक का इंतजार करना पड़ेगा। उत्सुक फैंस जल्द से जल्द अपने फेवरेट मोहनलाला को बड़े पर्दे पर देखना चाहते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होने वाला है। मोनलाल ने खुद सोमवार को एक एक्स पोस्ट के जरिए नई रिलीज डेट का ऐलान किया है।
यहां देखें मोहनलाल का पोस्ट
कब होगी रिलीज?
मोहनलाल के एक्स पोस्ट के अनुसार अब 'दृश्यम 3' 21 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। माना जा रहा है 'धुरंधर द रिवेंज' की बंपर ओपनिंग और आने वाले समय में थिएटर्स पर कब्जे के चलते 'दृश्यम 3' की रिलीज डेट बदली गई है। बीते दिनों में कई और फिल्मों की रिलीज भी बदली गई, कोई भी मेकर बड़ा नुकसान उठाने के लिए तैयार नहीं है। ऐसे में फिल्मों की रिलीज बदली जा रही है, लेकिन दूसरी ओर ये भी चर्चाएं हैं कि मिडिल ईस्ट में जंग का माहौल भी इस फिल्म की रिलीज टलने में बड़ी वजह है। दरअसल भारी संख्या में मलयाली लोग मिडिल ईस्ट में रहते हैं, जिनके बीच मोहनलाल की तगड़ी फैन फॉलोइंग है और अगर उन देशों में फिल्म नहीं रिलीज होती तो भी बड़ा नुकसान उठाना पड़ेगा।
7 भाषाओं में बने रीमेक
बता दें, दश्यम का रीमेक 7 भाषाओं में बन चुका है, जिसमें मलयालम, कन्नड़, तेलुगु, तमिल, हिंदी, सिंहाला और मैंडेरियन चाइनीज जैसी भाषाएं शामिल हैं। वहीं 'दृश्यम 2' कन्नड़, तेलुगु और हिंदी में बनाई गई है। 'दृश्यम 3' का ऐलान हिंदी में भी हो चुका है, फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अगर आप मोहनलाल वाली 'दृश्यम' ओटीटी पर देखना चाहते हैं तो ये जियो हॉटस्टार पर मौजूद है और अगर आप इसे हिंदी में अजय देवगन वाले अंदाज के साथ देखना चाहते हैं तो ये नेटफ्लिक्स पर है।
'दृश्यम' की कहानी
'दृश्यम' (2013) जॉर्जकुट्टी (मोहनलाल) और उसके परिवार की कहानी है। जॉर्जकुट्टी एक साधारण, कम पढ़ा-लिखा लेकिन चतुर केबल ऑपरेटर है, जो फिल्में देखकर दुनिया की समझ रखता है। कहानी में मोड़ तब आता है जब उसकी बेटी से अनजाने में वरुण (एक पुलिस अधिकारी का बेटा) की हत्या हो जाती है, जो उसे ब्लैकमेल कर रहा था। अपने परिवार को जेल जाने से बचाने के लिए जॉर्जकुट्टी एक काल्पनिक सुरक्षा कवच बुनता है। वह 2 और 3 अक्टूबर की तारीखों को लेकर गवाहों के मन में झूठी यादें बिठा देता है और विजुअल मेमोरी का इस्तेमाल कर पुलिस को भ्रमित कर देता है। आईजी गीता प्रभाकर के कड़े संदेहास्पद प्रयासों के बावजूद जॉर्जकुट्टी का परफेक्ट एलीबाय नहीं टूटता। अंत में वह शव को ऐसी जगह छिपाता है जिसकी कल्पना करना भी नामुमकिन है, यह साबित करते हुए कि एक आम आदमी अपने परिवार की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है।
ये भी पढ़ें: 26/11 की खौफनाक रात ताज होटल में होते अर्जुन रामपाल, जन्मदिन पर देखा मौत का तांडव, अब धुरंधर के जरिए लिया रिवेंज