1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. अर्शदीप सिंह को पैसे और फेम के लिए डेट करने के दावे पर भड़कीं समरीन कौर, बोलीं- 17 साल की उम्र से हूं आत्मनिर्भर

अर्शदीप सिंह को पैसे और फेम के लिए डेट करने के दावे पर भड़कीं समरीन कौर, बोलीं- 17 साल की उम्र से हूं आत्मनिर्भर

अर्शदीप सिंह ने अपनी गर्लफ्रेंड समरीन कौर उनका पोस्ट शेयर कर उनका समर्थन किया। साथ ही उन्होंने साफ कर दिया कि उनके रिश्ते पर बार-बार सवाल उठाने वालों को वह बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे।

Arshdeep Singh- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@SAMREENKAUR__ अर्शदीप सिंह और समरीन कौर

पंजाबी एक्टर-मॉडल समरीन कौर और भारतीय क्रिकेटर अर्शदीप सिंह अपने रिलेशनशिप को लेकर लगातार चर्चा में हैं। पिछले दिनों अर्शदीप सिंह ने समरीन के बर्थडे पर एक प्यार भरा नोट साझा किया था, जिसे फैंस से खूब प्यार मिला। लेकिन, पिछले कुछ दिनों से एक्ट्रेस को उनके रिश्ते के लिए लगातार निशाने पर लिया जा रहा है। अब समरीन ने अर्शदीप सिंह के साथ अपने रिश्ते को लेकर हो रही लगातार टिप्पणियों के खिलाफ आवाज उठाई है। लोगों के लगातार जज करने और शोहरत पाने के लिए अर्शदीप को डेट करने का आरोप लगाए जाने से तंग आकर उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपने रिश्ते को लेकर समाज के डबल स्टैंडर्ड्स पर सवाल उठाए हैं। समरीन ने साफ कर दिया है कि वह अपने फैसलों से खुश हैं और उन्हें सोशल मीडिया पर अनजान लोगों के सामने अपनी निजी जिंदगी को लेकर सफाई देने की कोई जरूरत नहीं है। अर्शदीप ने भी उनका समर्थन किया है। क्रिकेटर अर्शदीप ने समरीन की पोस्ट शेयर करते हुए साफ कहा कि उनके रिश्ते पर बार-बार टिप्पणी करने वालों को वह बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे।

समरीन कौर ने ट्रोलर्स को दिया जवाब

समरीन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए अपने रिश्ते पर हो रही आलोचनाओं का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने प्यार का इजहार किसी भी तरह से करें, उन्हें अक्सर लोगों की आलोचना का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि अगर कोई कपल अपने रिश्ते को निजी रखता है, तो लोग सवाल उठाने लगते हैं और अगर वे अपने रिश्ते को खुलकर जाहिर करते हैं, तो उन पर अटेंशन पाने की कोशिश करने का आरोप लगाया जाता है। उन्होंने लिखा, 'मैं दुनिया को जितना ज्यादा देखती हूं, मुझे उतना ही एहसास होता है कि सोशल मीडिया पर लोग कितने पाखंडी हो सकते हैं। अगर आप अपने पार्टनर को छिपाकर रखते हैं तो माना जाता है कि आपको उस पर गर्व नहीं है। अगर आप सबके सामने अपने प्यार का इजहार करते हैं तो कहा जाता है कि आप सिर्फ शोहरत पाना चाहते हैं। अगर आपके कुछ स्टैंडर्ड्स हैं तो आपको मतलबी कहा जाता है। और अगर आप सच में किसी से इसलिए प्यार करते हैं कि वह इंसान कैसा है और आपके साथ कैसा बर्ताव करता है तो भी लोग यही मान लेते हैं कि आप आखिरकार उसे छोड़ ही देंगे।'

अर्शदीप सिंह को फेम के लिए डेट करने के दावे पर भड़कीं समरीन कौर

उन्होंने उन बातों का भी कड़ा जवाब दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि वह अर्शदीप को उनके पैसे या शोहरत के लिए डेट कर रही हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी जिंदगी खुद बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है। उन्होंने कहा, 'मैं 17 साल की उम्र से काम कर रही हूं, आर्थिक और पेशेवर रूप से अपना ख्याल खुद रख रही हूं, 20 से ज्यादा देशों की यात्रा की है और किसी रिश्ते के होने या न होने की परवाह किए बिना एक खुशहाल जिंदगी बनाई है।'

Image Source : Instagram/@samreenkaur__,_arshdeep.singh__अर्शदीप सिंह ने गर्लफ्रेंड समरीन कौर का सपोर्ट किया।

17 साल की उम्र से कमा रहीं समरीन कौर

समरीन ने आगे कहा कि वह बचपन से ही आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर रही हैं। इस एक्टर-मॉडल ने महिलाओं को लगातार जज किए जाने के मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें तब और ज्यादा बुरा लगता है जब दूसरी महिलाएं ही आलोचना कर रही होती हैं। उन्होंने लिखा, 'मैं यह देखकर बहुत थक गई हूं कि कैसे महिलाएं दूसरी महिलाओं को ही नीचा दिखाती हैं। बिना वजह की राय, धारणाएं और नकारात्मकता बहुत थका देने वाली होती हैं।' यह साफ करते हुए कि उनका ऐसी बातों पर ध्यान देने का कोई इरादा नहीं है, समरीन ने कहा कि जो लोग उनके पेज पर नकारात्मकता फैलाते रहेंगे, उन्हें वह ब्लॉक कर देंगी। उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए स्पष्ट किया कि वह अपनी जिंदगी और अपने रिश्ते से खुश हैं। उन्होंने लिखा, 'मैं खुश हूं, मैं प्यार में हूं और अपनी जिंदगी जी रही हूं। बस यही मायने रखता है। कृपया हमें हमारे हाल पर छोड़ दें।'

अर्शदीप सिंह ने समरीन कौर का समर्थन किया

अर्शदीप ने समरीन की पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दी। क्रिकेटर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर समरीन की पोस्ट को शेयर करते हुए उन्हें यह भरोसा दिलाया कि वह उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने लिखा, 'मुझे तुम पर गर्व है बेबी। तुम बहुत मजबूत हो।' उन्होंने उन लोगों के लिए भी एक संदेश दिया जो उनके रिश्ते पर कड़ी नजर रखे हुए हैं और उनके फैसलों पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों से अपनी निजी जजिंदगी पर टिप्पणी करना बंद करने की अपील करते हुए, अर्शदीप ने लिखा, 'जो लोग इस बात को लेकर बहुत चिंतित हैं कि हमें क्या करना चाहिए और क्या नहीं, कृपया थोड़ा ब्रेक लें। खुद भी जिएं और दूसरों को भी जीने दें। इस दुनिया और इंटरनेट को एक बेहतर जगह बनाएं। प्यार फैलाएं और प्यार को अपने पास आने दें। दयालु और अच्छे इंसान बनें। यह आपको ऐसे तरीकों से वापस मिलेगा, जिसकी आपने कभी उम्मीद भी नहीं की होगी।' इसके बाद उन्होंने समरीन के बारे में बात करते हुए उन्हें 'निश्छल, समझदार और प्यार से भरी' बताया। उन्होंने ऑनलाइन आलोचनाओं के बीच उनका समर्थन करने वाले सभी लोगों का भी शुक्रिया अदा किया और कहा, 'प्यार करना और प्यार पाना, इंसान के लिए सबसे बेहतरीन एहसास है... हमारे सभी शुभचिंतकों को आपकी दयालुता और प्यार के लिए धन्यवाद।'

समरीन कौर और अर्शदीप सिंह को ट्रोल क्यों किया जा रहा है?

अर्शदीप और समरीन को सोशल मीडिया पर काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा है, खासकर 2026 के IPL सीजन के दौरान। एयरपोर्ट पर समरीन का बैग उठाते हुए नजर आने के बाद क्रिकेटर को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। कुछ यूजर्स ने उनका मजाक उड़ाते हुए इसे 'कुली की सेवा' तक कह दिया। इतना ही नहीं, कुछ लोगों ने पंजाब किंग्स के लिए उनके प्रदर्शन को भी इस मामले से जोड़ दिया। वहीं, समरीन पर भी आरोप लगाए गए कि वह सिर्फ लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस रिश्ते में हैं। इसके अलावा, कई लोगों को दोनों का सार्वजनिक रूप से प्यार जताना भी पसंद नहीं आया। इस कपल ने जुलाई 2026 में इंस्टाग्राम के जरिए अपने रिश्ते को आधिकारिक किया था। इसके बाद से दोनों कई मौकों पर साथ नजर आ चुके हैं, जिनमें एशियन गेम्स भी शामिल हैं। खबरें यह भी हैं कि दोनों ने एक-दूसरे के नाम के शुरुआती अक्षरों वाले मैचिंग टैटू बनवाए हैं।

ये भी पढ़ें - कौन हैं समरीन कौर? जिनके प्यार में क्लीन बोल्ड हुए भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, सरेआम किया रिश्ते का ऐलान

Latest Bollywood News