फिल्मी दुनिया में एंट्री जितनी मुश्किल है, उससे कहीं ज्यादा मुश्किल है यहां अपना मुकाम बनाए रखना। फिल्म इंडस्ट्री में ऐसे कई हीरो-हीरोइन हुए, जो अपनी पहली ही फिल्म से हर तरफ छा गए, लेकिन कुछ ही सालों में इनका नाम-निशान इंडस्ट्री से ऐसा मिटा कि अब तक ये वापसी नहीं कर पाए। ऐसे ही एक स्टार शाइनी आहूजा भी रहे, जो अपनी पहली ही फिल्म से स्टार बन गए, लेकिन एक गलत कदम ने इनका नाम, करियर और किस्मत सब उलट-पलटकर रख दी। शाइनी आहूजा पर ये एक गलत कदम इतना भारी पड़ा कि उन्हें इंडस्ट्री में काम मिलना बंद हो गया, जिसके बाद ये बॉलीवुड से ही नहीं देश से भी गायब हो गए।
शाइनी आहूजा का करियर
शाइनी आहूजा ने 2005 में 'हजारों ख्वाहिशें ऐसी' से बॉलीवुड डेब्यू किया, जिसके निर्देशक सुधीर मिश्रा थे। इस फिल्म में उन्होंने विक्रम मल्होत्रा की भूमिका निभाई और इसके लिए सर्वश्रेष्ठ एक्टर का अवॉर्ड भी हासिल किया। शाइनी ने अपने करियर में गैंगस्टर, वो लम्हे, लाइफ इन ए मेट्रो और भूल भुलैया जैसी सफल फिल्मों में काम किया और खूब तारीफें हासिल कीं। अपनी भूरी आंखों से फीमेल फैंस पर जादू चलाने वाले शाइनी के करियर ग्राफ को देखकर बड़े-बड़े सितारों को अपनी गद्दी खतरे में लग रही थी। अपने अभिनय और लुक्स से सबके दिल जीतने वाले शाइनी हर तरफ चर्चा में थे। इसी बीच उन पर लगे एक आरोप ने सबको चौंका दिया।
रेप केस में गए जेल
2009 में शाइनी को लेकर एक खबर आई, जिसके बाद उनका करियर और जिंदगी सब थम गया। दरअसल, 2009 में ही शाइनी आहूजा पर उनकी 19 साल की हाउस हेल्प के साथ रेप, किडनैपिंग और धमकी देने के आरोप लगे और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। कुछ महीने बाद वह जमानत पर रिहा हो गए। हालांकि, बाद में शिकायतकर्ता ने अपना बयान वापस ले लिया। मगर 2011 में डीएनए रिपोर्ट और पीड़िता के शुरुआती बयान के आधार पर मुंबई की एक फास्ट-ट्रैक कोर्ट ने शाइनी को मामले में दोषी मानते हुए 7 साल की कैद की सजा सुनाई। इस आदेश के खिलाफ, शाइनी ने बॉम्बे हाईकोर्ट में अपील की, जिसे स्वीकार कर लिया गया और बाद में उन्हें जमानत मिल गई। शाइनी ने अनीस बज्मी की 'वेलकम बैक' से वापसी की कोशिश की, लेकिन इसका उन्हें कुछ खास फायदा नहीं हुआ।
कपड़ों का बिजनेस कर रहे शाइनी आहूजा
बॉलीवुड में अपने करियर को ढहते देख और परिवार की भलाई के लिए शाइनी ने बॉलीवुड और देश छोड़ने का फैसला लिया और विदेश में जाकर बस गए। इस बीच एक्टर की एक फोटो काफी चर्चा में है। एक्स पर एक्टर की एक फोटो और पोस्ट वायरल हो रहा है, जिससे हिंट मिलता है कि अब शाइनी कपड़ों का बिजनेस चला रहे हैं और फिलहाल फिलीपींस में हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस तस्वीर में शाइनी काफी अलग-थलग नजर आ रहे हैं और उनका वजन भी पहले से काफी बढ़ा हुआ है।
ये भी पढ़ेंः हैदराबाद में चल रहा था 'चिरंजीवी ढाबा', सुपरस्टार का नाम इस्तेमाल करने पर मिला नोटिस, मालिक ने दिया जवाब
आमिर खान से लेकर शाहिद कपूर संग किया काम, '12वीं फेल' में दिखाया दम, अब सड़क पर मोमोज बेच रहा एक्टर
Latest Bollywood News