1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. नसों की गंभीर बीमारी से जूझ रहे सोनू निगम, कई MRI-CT स्कैन और दर्दनाक ट्रीटमेंट के बाद सिंगर ने खुद बताया अपना हाल

नसों की गंभीर बीमारी से जूझ रहे सोनू निगम, कई MRI-CT स्कैन और दर्दनाक ट्रीटमेंट के बाद सिंगर ने खुद बताया अपना हाल

बॉलीवुड के फेमस सिंगर सोनू निगम इन दिनों मुश्किल वक्त से जूझ रहे हैं। सिंगर को एक गंभीर बीमारी हो गई है, जिसके बारे में उन्होंने खुद बयां किया है। वो इसके इलाज के दौरान काफी दर्द में हैं और उनकी आवाज पर भी इसकी वजह से प्रभाव पड़ा है।

Sonu nigam- India TV Hindi
Image Source : SONU NIGAM INSTAGRAM सोनू निगम।

सिंगर सोनू निगम सालों से अपनी सुरीली आवाज से लोगों के फेवरेट बने हुए हैं, लेकिन इन दिनों सिंगर मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं, लेकिन ऐसे में भी उन्होंने काम से ब्रेक नहीं लिया है। हाल ही में उन्होंने एक वीडियो बनाकर फैंस को अपनी हेल्थ के बारे में अपडेट दी है। उन्होंने खुद अपना हाल बताते हुए कहा कि वो काफी दर्द में हैं और उन्हें नसों की गंभीर बीमारी हो गई है, जिसके चलते उन्हें काफी तकलीफ का सामना करना पड़ रहा है। इस बीमारी के चलते उन्हें पिछले कई हफ्तों से मेडिकल ट्रीटमेंट लेना पड़ रहा है, जो कि बिल्कुल भी आसान नहीं है। सिंगर ने बताया कि उन्होंने कई MRI और CT स्कैन करवाए हैं और इलाज के तौर पर कई दवाइयां ले रहे हैं। ये भी बताया कि उन्हें दर्दनाक फीजियोथेरेपी भी करानी पड़ रही है।

सोनू ने बताया कैसी है उनकी हालत?

सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पर ये जानकारी एक वीडियो को जरिए साझा की है। इसके कैप्शन में उन्होंने, '13 जून मुंबई' लिखा है। इसके साथ एक पट्टी लगा दिल वाला इमोजी पोस्ट किया है। वीडियो में वो एक कुर्सी पर बैठे दिख रहे हैं। फॉर्मल कपड़े पहने हुए सिंगर ने शर्ट की कई बटन खोल रखी हैं, जिसमें गर्दन के पास लगी पट्टी साफ नजर आ रही है। वीडियो में सोनू निगम अपनी बीमारी के बारे में बता रहे हैं। उन्होंने इस अनुभव को शारीरिक रूप से मुश्किल और थका देने वाला बताया है। आप वीडियो में सोनू को गर्दन की ओर इशारा करते हुए ये कहते  सुन सकते हैं, 'मेरी ये नसें दब गई हैं। मैं एक हफ्ते से भुगत रहा हूं, MRI, CT स्कैन और फिजियोथेरेपी, बहुत दर्द में था मैं, अब पेनकिलर्स पर हूं। इससे मेरा गला भी थोड़ा भारी हो गया है। आज में परफॉर्म कर रहा हूं, करीब एक महीने 10 दिन के बाद। मेरा कॉन्फिडेंस आज थोड़ा लो है, ऊपर से मेरा गला बहुत भारी हुआ पड़ा है, लेकिन क्या करें जो दवाएं नसों को रिलैक्स करने के लिए ले रहा हूं उनका असर गले पर भी पड़ रहा है। कोई बात नहीं भगवान मुझे मंच पर शक्ति दे।'

यहां देखें वीडियो 

बीमारी के बाद भी सोनू करेंगे परफॉर्म

सिंगर ने बताया कि इस स्थिति के कारण उन्हें लगातार मेडिकल देखरेख में रहना पड़ रहा है और उनके इलाज में कई स्कैन, दवाइयां और रेगुलर फिजियोथेरेपी सेशन शामिल हैं। सिंगर ने बताया कि इलाज के दौरान दी गई मसल-रिलैक्सेंट दवाइयों का असर उनके गले पर भी पड़ा है, जो किसी ऐसे सिंगर के लिए चिंता की बात हो सकती है जो लाइव परफॉर्मेंस की तैयारी कर रहा हो। इसके बावजूद सोनू निगम अपने कमिटमेंट के पक्के हैं और वो परफॉर्म कर रहे हैं। तकलीफ के बावजूद सिंगर ने मुंबई में तय अपनी परफॉर्मेंस जारी रखने का फैसला किया। 

सोनू निगम के बारे में

सोनू को पहला ब्रेक 19 साल की उम्र में गुलशन कुमार जी से मिला, जिसके बाद उन्होंने 1995 में 'सा रे गा मा' किया। 1990 के दशक की शुरुआत में स्टेज शो से शुरुआत करने के बाद उन्होंने हिंदी फिल्मों में प्लेबैक सिंगर के तौर पर 'ओ आसमान वाले जमीन पर उतर के देख' गाने से डेब्यू किया। उन्होंने अलग-अलग भाषाओं में 5000 से ज्यादा गाने गाए हैं और 'कल हो ना हो' के टाइटल ट्रैक के लिए एक नेशनल अवॉर्ड भी जीता है। इन दिनों वो कई लाइव शो करते हैं, पूरे भारत में उनके लाइव शो चल रहे हैं।

ये भी पढ़ें: OTT पर इस हफ्ते साउथ सिनेमा का जलवा, 'दृश्यम 3' से लेकर 'Gu' तक, रिलीज हो रही हैं 7 धमाकेदार फिल्में

Latest Bollywood News