ओटीटी पर हर हफ्ते अलग-अलग भाषाओं की फिल्में रिलीज होती हैं। ये अलग-अलग जॉनर की होती हैं जो अलग-अलग दर्शकों को केटर करती हैं। साउथ सिनेमा से भी कई फिल्में और सीरीज ओटीटी पर रिलीज होती हैं। इस हफ्ते भी 7 फिल्में रिलीज हुई हैं, सभी अलग-अलग जॉनर की हैं। अगर आप सोच रहे हैं कि कौन सी नई फिल्म देखें तो यहां जल्द रिलीज होने वाली नई फिल्मों की जानकारी दी गई है। इन 7 अलग-अलग फिल्मों में एक्शन, थ्रिलर, कॉमेडी, हॉरर और रोमांस देखने को मिलेगा। यहां देखें पूरी लिस्ट।
1. दृश्यम 3
जीतू जोसेफ के निर्देशन में बनी मोहनलाल, मीना, अंसिबा हसन, एस्थर अनिल, कलाभवन शाजोन, सिद्दीक, मुरली गोपी और आशा सरथ की 'दृश्यम 3' सिनेमाघरों के बाद ओटीटी पर आ रही है। थ्रिलर ड्रामा जोनर की ये फिल्म मलयालम भाषा में रिलीज हुई। इसे अब आप प्राइम वीडियो पर देख पाएंगे। 18 जून 2026 को ये रिलीज हई। दृश्यम 3 की कहानी पहली दो फिल्मों की घटनाओं के बाद की है। जॉर्जकुट्टी और उसका परिवार एक बार फिर सामान्य जिंदगी की ओर लौट रहे हैं, लेकिन उसे डर है कि कोई उसकी मेहनत से बनाई गई शांति को बिगाड़ सकता है और कई पुराने दबे हुए राज सामने ला सकता है।
जैसे-जैसे अतीत की बातें फिर से सामने आती हैं, जॉर्जकुट्टी की बेचैनी बढ़ती जाती है; कई चुनौतियां उसे घेर लेती हैं और उसे मुश्किल स्थिति में डाल देती हैं। क्या वह एक बार फिर इन चुनौतियों से पार पा पाएगा या उसे अपने अतीत का सामना करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा, यही कहानी का मुख्य हिस्सा है।
2. धैर्य साहसे अमृता
भरत पापिनीनी के निर्देशन में बनी रोमांटिक ड्रामा 'धैर्य साहसे अमृता' में दिनेश कौशिका, वेनी राव, रोड्डा यदागिरी और विजया कुमार पालुरी नजर आएगे। तेलुगु भाषा की ये फिल्म 18 जून 2026 को अहा वीडियो पर रिलीज हो रही है। 'धैर्य साहसे अमृता' मुख्य किरदारों की आपस में जुड़ी यात्राओं को दिखाती है, जिसमें वे जटिल भावनाओं, जिंदगी बदलने वाले फैसलों और गहरे भावनात्मक रोमांस से गुजरते हैं।
3. अतिराडी
अरुण अनिरुद्धन के निर्देशन में बनी एक्शन कॉमेडी 'अतिराडी' का हिस्सा टोविनो थॉमस, बेसिल जोसेफ, विनीत श्रीनिवासन, रिया शिबू, शान रहमान, दर्शना राजेंद्रन, जरीन शिहाब और विष्णु अगस्त्य हैं। मलयालम भाषा की ये फिल्म सोनीलिव पर 19 जून 2026 से देख पाएंगे। 'अतिराडी' सैमकुट्टी की कहानी है, जो एक जोशीला इंजीनियरिंग स्टूडेंट है और कॉलेज के बैन हो चुके फेस्टिवल को फिर से शुरू करने की कोशिश करता है। उनकी कोशिशों की वजह से श्रीकुट्टन के साथ ईगो की लड़ाई शुरू हो जाती है। श्रीकुट्टन एक उभरता हुआ सिंगर है और पहले भी कई बार मुसीबतें खड़ी कर चुका है। इस लड़ाई से चारों तरफ अफरा-तफरी मच जाती है।
4. रेजर
एक्शन थ्रिलर 'रेजर' 19 जून 2026 को अहा वीडियो पर रिलीज हो रही है। फिल्म की कास्ट में रवि बाबू, तनीश, इनाया सुल्ताना, बेबी तेजल विख्याति, बनर्जी और वीरन्ना चौधरी हैं। इसका निर्देशन रवि बाबू ने किया है। 'रेजर' एक पेट ग्रूमर की कहानी है। उसकी आम जिंदगी तब एक रोमांचक सर्वाइवल ड्रामा में बदल जाती है, जब मुश्किल हालात से गुज़रते हुए उसे अचानक एक छोटी बच्ची की देखभाल की ज़िम्मेदारी मिल जाती है।
5. आशान
कॉमेडी ड्रामा जॉनर की 'आशान' का निर्देशन जॉनपॉल जॉर्ज ने किया। इस फिल्म की कास्ट में इंद्रन्स, जोमोन ज्योतिर, शोबी थिलाकन, मदन गौरी, बिबिन पेरुम्पल्ली, अबिन बिनो और कुडास्सानद कनकम् हैं। ये एक मलयालम फिल्म है, जिसे आप 19 जून 2026 से सन नेक्स्ट पर देख सकेंगे। 'आशान' कहानी है अनंतरामन की, जो एक उभरता हुआ VFX टेक्नीशियन है और आशान की, जो फिल्मों का बहुत बड़ा शौकीन है। जब कोच्चि में एक सुपरस्टार की शूटिंग के लिए 150 लोगों की फिल्म क्रू एक अनोखे गोल आकार के अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में आती है, तो सिनेमा में नाम कमाने का इन दोनों का सपना फिल्म इंडस्ट्री की असलियत से टकराता है।
6. केनाथा कानोम
16 जून 2026 को ही ओटीटी पर दस्तक दे चुकी 'केनाथा कानोम' की कास्ट में योगी बाबू, लवलीन चंद्रशेखर, रैचल रेबेका, रामकृष्णन, राजेंद्रन और जॉर्ज मरियन शामिल हैं। फिल्म का निर्देशन सुरेश संगैया ने किया है। ये फिल्म तमिल भाषा में रिलीज हुई है और इसे जियो हॉटस्टार पर रिलीज हुई है। 'केनाथा कानोम' रामनाथपुरम ज़िले के सूखे से जूझ रहे एक गांव की कहानी है, जहां पानी के लिए कुआं खोदने की कोशिश में वहां के लोगों को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
7. Gu
सैजू कुरुप, देवा नंदा, निरंज मनियनपिल्ला राजू, मनियनपिल्ला राजू, अश्वथी मनोहरन, नंदिनी गोपालकृष्णन और मोहनलाल स्टारर Gu ओटीटी पर दस्तक देने वाली है। मनोरमा मैक्स पर ये 19 जून 2026 से उपलब्ध रहेगी। मलयालम भाषा की ये फिल्म एक हॉरर ड्रामा है और इसका निर्देशन मनु राधाकृष्णन ने किया है। 'Gu' कहानी आठ साल के अप्पू और उसकी कज़िन मिन्ना के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने परिवार की स्थानीय लोक-कथाओं में गहराई से शामिल हो जाते हैं। जब एक और कज़िन अजीब व्यवहार करने लगता है तो बच्चे शांति बहाल करने और अपने आस-पास के रहस्य को समझने की कोशिश में 'गुलिकन' नाम की दैवीय शक्ति से जुड़ी स्थानीय कहानियों का पता लगाने निकल पड़ते हैं।
ये भी पढ़ें: विजय और रश्मिका की ‘राणाबाली’ में हॉलीवुड स्टार की एंट्री, 'द ममी' के विलन अर्नोल्ड वोस्लू का खूंखार लुक आया सामने