1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. रणबीर कपूर की 'रामायण' पर आया राजामौली का रिएक्शन, नितेश तिवारी की फिल्म की भव्यता से हुए प्रभावित, दी शुभकामनाएं

रणबीर कपूर की 'रामायण' पर आया राजामौली का रिएक्शन, नितेश तिवारी की फिल्म की भव्यता से हुए प्रभावित, दी शुभकामनाएं

रणबीर कपूर स्टारर 'रामायण' की रिलीज को अब बस कुछ ही दिन बचे हैं। इस बीच साउथ सिनेमा के सबसे सफल फिल्ममेकर्स में से एक एसएस राजामौली का भी इस फिल्म पर रिएक्शन आया है। राजामौली ने 'रामायण' के बारे में क्या कहा, चलिए जानते हैं।

ss rajamouli- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@SSRAJAMOULI/@RAMAYANAMOVIE राजामौली ने 'रामायण' की रिलीज को लेकर जाहिर की उत्सुकता।

रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर ‘रामायण- पार्ट 1' इस साल की सबसे चर्चित और मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक है। मेकर्स ने हाल ही में 'रामायण' का इंटरनेशनल ट्रेलर जारी किया था, जिसे दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। दो भागों में बनी इस फिल्म के पहले भाग की रिलीज को अब महज ढाई हफ्ते बाकी हैं और दर्शकों के बीच इसे लेकर जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। सिर्फ आम दर्शकों में ही नहीं, इंडस्ट्री के लोगों में भी इस फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। दिग्गज फिल्ममेकर एसएस राजामौली ने भी 'रामायण' की रिलीज को लेकर उत्सुकता जाहिर की है और साथ ही फिल्म की टीम का उत्साह बढ़ाया है। चलिए जानते हैं कि राजामौली ने 'रामायण' को लेकर क्या कहा।

राजामौली ने 'रामायण' की रिलीज को लेकर जताई उत्सुकता

‘आरआरआर’ और ‘बाहुबली’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के निर्देशक राजामौली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि हर भारतीय कहानीकार बचपन से ही इस कालजयी महाकाव्य को पर्दे पर उतारने का सपना देखता है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के पीछे मौजूद फिल्ममेकर्स की तारीफ करते हुए राजामौली ने लिखा, 'नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा को इसे इतने भव्य स्तर पर पर्दे पर उतारते देखना बेहद खुशी की बात है। हर कलाकार ने इन कालजयी किरदारों को गहराई के साथ जीवंत किया है। 5 नवंबर का इंतजार है। पूरी टीम को शुभकामनाएं।'

मेकर्स ने जारी किया बीटीएस वीडियो

हाल ही में 'रामायण' के मेकर्स ने एक बीटीएस वीडियो भी जारी किया था, जिसमें रणबीर कपूर, नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा फिल्म से जुड़ी डिटेलिंग के बारे में बात करते दिखे। इसी बीटीएस वीडियो में साई पल्लवी का माता सीता के रूप में योद्धा अवतार देखने को भी मिला, जिसमें वह राक्षसी सेना का सामना करती दिखीं और साथ ही तलवारबाजी करती भी नजर आई थीं। वहीं भगवान शिव की एक बड़ी सी मूर्ति के सामने यश को रावण के रूप में शिव तांडव करते भी दिखाया गया है। इससे पहले मेकर्स ने बेंगलुरु में आयोजित एक इवेंट में 'रामायण' का इंटरनेशनल ट्रेलर भी जारी किया, जिसे अब जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।

'रामायण' की कास्ट और रिलीज डेट

नितेश तिवारी के निर्देशन और श्रीधर राघवन की सह-लेखन में बनी ‘रामायण’ पार्ट 1 में रणबीर कपूर प्रभु श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और कन्नड़ सुपरस्टार यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। ये यश की पहली बॉलीवुड फिल्म है। फिल्म में इन तीनों कलाकारों के अलावा सनी देओल, रवि दुबे, अनुपम खेर, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारे, अरुण गोविल, इंदिरा कृष्णन और लारा दत्ता भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। इस फिल्म को जो चीज और खास बनाती है वो है इसका संगीत, जिसे दो ऑस्कर विजेता संगीतकारों हैंस जिमर और ए.आर. रहमान ने तैयार किया है। दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचने के लिए तैयार ‘रामायण: राइज ऑफ अ लेजेंड’ को दुनिया भर के 50,000 से अधिक सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है। फिल्म दिवाली से ठीक पहले 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

ये भी पढ़ेंः फूलों की बारिश देख झल्लाईं फराह खान? टीका लगाने से किया इनकार, वीडियो वायरल होते ही ट्रोल्स से घिरीं

Latest Bollywood News