1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'सीता' की तलवारबाजी, रावण का शिव तांडव, मेकर्स ने दिखाई 'रामायण' की नई झलक, बताई फिल्म से जुड़ी खास बातें

'सीता' की तलवारबाजी, रावण का शिव तांडव, मेकर्स ने दिखाई 'रामायण' की नई झलक, बताई फिल्म से जुड़ी खास बातें

 Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 17, 2026 01:45 pm IST,  Updated : Oct 17, 2026 01:45 pm IST

मेकर्स ने हाल ही में'रामायण: राइज ऑफ अ लीजेंड' का BTS वीडियो साझा किया, जिसमें योद्धा सीता के रूप में साई पल्लवी की एक नई झलक देखने को मिल रही है। इसके साथ ही, वीडियो में भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर और भगवान शिव के सामने तांडव करते हुए रावण के किरदार में यश की झलक भी दिखाई गई है।

ramayana- India TV Hindi
'रामायण' का बीटीएस वीडियो जारी। Image Source : INSTAGRAM/@RAMAYANAMOVIE

नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित पौराणिक महागाथा 'रामायण: राइज ऑफ़ अ लेजेंड' की रिलीज को अब कुछ ही दिन बचे हैं। ये बहुप्रतीक्षित फिल्म 5 नवंबर को दिवाली के मौके पर रिलीज होने के लिए तैयार है, ऐसे में मेकर्स दर्शकों तक पहुंचने की हर संभव कोशिश में जुटे हैं। इस मोस्ट अवेटेड फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी माता सीता के रूप में और यश रावण के रूप में नजर आने वाले हैं। इस बीच मेकर्स 'रामायण' की नई झलक साझा की है, जिसने फैंस के बीच उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। इस बीटीएस वीडियो में साई पल्लवी का माता सीता के रूप में योद्धा अवतार देखने को मिल रहा है और यश रावण के रूप में शिव तांडव करते नजर आ रहे हैं। हाल ही में, फिल्म निर्माताओं ने ऑनलाइन छह अलग-अलग भाषाओं में फिल्म का दूसरा ट्रेलर जारी किया। इसके एक दिन बाद, उन्होंने एक नया BTS वीडियो पेश किया, जिसमें निर्देशक नितेश तिवारी, रणबीर कपूर और निर्माता नमित मल्होत्रा ​​फिल्म के बारे में चर्चा करते नजर आ रहे हैं।

माता सीता का दिखा योद्धा अवतार

BTS वीडियो में योद्धा सीता के रूप में साई पल्लवी की नई झलक देखने को मिली है, जिसमें वह तलवारबाजी करती दिख रही हैं। इस नए फुटेज में, साई पल्लवी योद्धा के अवतार में राक्षसी सेना से भी लड़ती हुई नजर आ रही हैं। प्रोमो में भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर की भी झलक देखने को मिलती है, जो सूर्योदय के समय एक पहाड़ पर खड़े हैं और फिर राक्षसी सेना का संहार करते नजर आते हैं। इसके बाद वीडियो में यश के रावण का दृश्य आता है, जो भगवान शिव की एक विशाल प्रतिमा के सामने तांडव करते हुए दिखाई देते हैं। वीडियो के साथ मेकर्स ने लिखा, 'एक भव्य महाकाव्य। नमित मल्होत्रा, नितेश तिवारी और रणबीर कपूर के साथ जुड़ें, जहाँ वे 'रामायण: राइज़ ऑफ़ अ लेजेंड' को बड़े पर्दे पर लाने के बारे में चर्चा कर रहे हैं।'

'रामायण' में दुनिया भर में 10,000 तकनीशियन काम कर रहे हैं

फिल्म और इसके प्रोडक्शन के भव्य स्तर के बारे में बात करते हुए, नमित मल्होत्रा ​​ने खुलासा किया कि रामायण में करीब 10 हजार तकनीशियन काम कर रहे हैं। नमित मल्होत्रा कहते हैं, 'रामायण एक बहुत बड़ी महागाथा है, जिसमें किरदारों की गहराई, भावनाएं और भव्यता कूट-कूट कर भरी है। इसमें हर किसी के लिए कुछ न कुछ है। इसलिए जब मेरे पास 'रामायण' बनाने का मौका आया, तो मुझे लगा कि हमें इस पर जरूर काम करना चाहिए। कुछ फिल्में बस बनाई जाती हैं और कुछ अपने आप आकार लेती हैं। 'रामायण' इन्हीं में से एक है।' वहीं फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी ने भी 'रामायण' के बारे में बात की और कहा, 'दुनिया भर के लोग इससे जुड़ सकेंगे। इसमें पिता-पुत्र की एक भावनात्मक और दिल को छू लेने वाली कहानी है और साथ ही इसमें एक बहुत ही साहसी प्रेम कहानी भी है।' इ

रणबीर कपूर क्या बोले?

रणबीर कपूर ने भी 'रामायण' में काम करने को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं और साथ ही साथ प्रोडक्शन के स्तर की भी जमकर तारीफ की। इस बारे में बात करते हुए रणबीर कपूर ने कहा, 'नमित ने जिस तरह की कास्ट और क्रू को एक साथ जोड़ा है, जो मौका और जो पैमाना हमें दिया है, और जिस तरह के क्रिएटिव लोगों को साथ लाए हैं, यह सब इस इंडस्ट्री में वाकई बहुत दुर्लभ है।'

'रामायण पार्ट 1' के प्रोडक्शन की जानकारी

नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित, 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' की बात करें तो इस फिल्म को नमित मल्होत्रा ​​के 'प्राइम फोकस स्टूडियोज' ने DNEG और यश के 'मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स' के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। ये महागाथा दो भागों में रिलीज होगी। पहला भाग दिवाली 2026 से तीन दिन पहले यानी 5 नवंबर को रिलीज होगा और दूसरा दिवाली 2027 पर दर्शकों के बीच दस्तक दे सकता है। इस फिल्म को भारत के बाहर दुनिया भर में 'सोनी पिक्चर्स' द्वारा डिस्ट्रीब्यूट किया जाएगा, जबकि हिंदी भाषी बाजारों में इसके डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी 'धर्मा प्रोडक्शंस' संभालेगी।

ये भी पढ़ेंः रजनीकांत की 'जेलर 2' पर नहीं हुआ 'प्रहार' का असर, 'नई नवेली' भी हुई पस्त, जानें कैसा रहा 'राणाबली' का हाल

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।