1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'राहुल गांधी विदेशी टूलकिट गैंग के मोहरे', BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का बड़ा बयान; बैलेट पेपर पर भी घेरा

'राहुल गांधी विदेशी टूलकिट गैंग के मोहरे', BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का बड़ा बयान; बैलेट पेपर पर भी घेरा

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Oct 17, 2026 11:09 pm IST,  Updated : Oct 17, 2026 11:28 pm IST

BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी को ‘विदेशी टूलकिट गैंग का मोहरा’ बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने SIR के विरोध और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग को लेकर विपक्ष पर जनादेश के अपमान का आरोप लगाया।

Nitin Nabin Rahul Gandhi Statement, BJP Attacks Congress- India TV Hindi
BJP अध्यक्ष नितिन नवीन और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी। Image Source : PTI

Highlights

  • BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी पर भारत के राष्ट्रीय हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया।
  • बिहार में वोटर लिस्ट के SIR और चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष के विरोध पर साधा निशाना।
  • बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग पर बोले नवीन, बिहार को फिर 'जंगलराज' में धकेलने की कोशिश।

पटना: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। पटना में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने राहुल गांधी को 'विदेशी टूलकिट गैंग का मोहरा' बताया। नवीन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनकी टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रगति को स्वीकार नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष देश के विकास की छवि को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है।

'विपक्ष जनता के जनादेश का अपमान कर रहा है'

नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि विपक्ष, खासकर कांग्रेस, चुनाव में हारने के बाद चुनावी संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता के जनादेश का अपमान कर रहा है। उन्होंने कहा,

'विपक्ष, खासकर कांग्रेस, अपनी हार के लिए चुनावी संस्थाओं को जिम्मेदार ठहराकर जनता के जनादेश का अपमान कर रहा है। राहुल गांधी विदेशी टूलकिट गैंग के मोहरे की तरह काम कर रहे हैं और भारत के राष्ट्रीय हितों के खिलाफ काम कर रहे हैं।'

SIR को लेकर विपक्ष के विरोध पर उठाए सवाल

बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर विपक्षी नेताओं, छात्र संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का विरोध जारी है। ये संगठन मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का आरोप लगा रहे हैं। इस पर नितिन नवीन ने सवाल किया कि बिहार में चुनाव आयोग की ओर से SIR की प्रक्रिया पूरी होने और 30 सितंबर 2025 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद कितने विपक्षी नेताओं ने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी।

बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग पर क्या बोले?

विपक्ष की ओर से बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग पर भी नवीन ने निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मांग से बिहार को फिर से 'जंगलराज' के दौर में धकेलने की कोशिश की जा रही है। नितिन नवीन ने दावा किया कि अतीत में बंदूक के दम पर मतदान केंद्रों और मतपेटियों पर कब्जा करने वाले लोग अब बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष का मकसद बिहार को उस दौर में वापस ले जाना है, जब बूथ कैप्चरिंग आम थी।

'जीत पर चुनाव आयोग से शिकायत नहीं'

BJP अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु और केरल जैसे राज्यों में चुनाव जीतने पर चुनाव आयोग पर सवाल नहीं उठाते, लेकिन बिहार और पश्चिम बंगाल में हारने पर आयोग को निशाना बनाते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष का यह रवैया सही नहीं है। नितिन नवीन ने कहा कि चुनावी नतीजों को लेकर संस्थाओं पर सवाल उठाने से लोकतांत्रिक व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कमजोर हो सकता है।

'देश की 140 करोड़ जनता सब देख रही है'

नितिन नवीन ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता सब कुछ देख रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि देश के हितों को कमजोर करने की कोशिशों में विपक्ष को सफल नहीं होने दिया जाएगा। BJP अध्यक्ष ने कहा कि जब पूरा देश आगे बढ़ रहा है, तब देश के भीतर कुछ ताकतें भारत की तरक्की को स्वीकार नहीं कर पा रही हैं। उन्होंने कहा,

'जब पूरी दुनिया गंभीर वैश्विक संकटों के दौर से गुजर रही है, तब भी भारत उन देशों में शामिल है, जो इन चुनौतियों के बावजूद विकास के रास्ते पर लगातार आगे बढ़ रहे हैं।'

नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि विपक्ष इस प्रगति को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है।

जनसमस्याओं के समाधान के लिए ऐप लॉन्च

सभा के दौरान नितिन नवीन ने कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र के लिए जन शिकायत निवारण ऐप भी लॉन्च किया। इसका उद्देश्य स्थानीय लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में बिहार BJP के अध्यक्ष संजय सरावगी और कुम्हरार के विधायक संजय गुप्ता समेत कई लोग मौजूद रहे। बता दें कि कुछ दिन पहले भी नितिन नवीन ने आरोप लगाया था कि विपक्ष विदेशी ताकतों के सहारे देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है। (PTI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: SIR पर चुनाव आयोग के बयान के बाद नितिन नवीन का कांग्रेस पर हमला, बोले -मनगढ़ंत झूठ के आधार पर लगाए आरोप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।