फिल्म निर्माता सुभाष घई, जो इस साल भारतीय सिनेमा में अपने 50 साल पूरे कर चुके हैं। उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म 'मान्या' का एक नया पोस्टर जारी किया है। इस फिल्म में श्रेयस तलपड़े मुख्य भूमिका में हैं। पोस्टर को 24 अक्टूबर को रिलीज किया गया, जो सुभाष घई के प्रोडक्शन हाउस 'मुक्ता आर्ट्स' की 48वीं वर्षगांठ का दिन भी था। इस फिल्म के जरिए सुभाष घई और श्रेयस तलपड़े लगभग दो दशकों बाद फिर से साथ आ रहे हैं। इससे पहले वे 2005 की स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म 'इकबाल' में साथ काम कर चुके हैं, जिसने श्रेयस तलपड़े को पहचान दिलाई थी।
श्रेयस तलपड़े की 'मान्या' की कहानी
समीर जोशी द्वारा निर्देशित 'मान्या' एक किशोर लड़के के जीवन पर आधारित है। यह फिल्म केवल अपराध पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय, उस लड़के की परिस्थितियों के पीछे की मानवीय कहानी को सामने लाने की कोशिश करती है। फिल्म में संवेदना सुवालका, दिव्या शर्मा, प्रियदर्शिनी पूजा और जोहेब फारूकी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसे 'स्लो बर्न एंटरटेनमेंट' के सहयोग से 'मुक्ता आर्ट्स', पुनीत अग्रवाल और राहुल पुरी द्वारा प्रोड्यूस किया गया है।
श्रेयस तलपड़े संग काम करने पर सुभाष घई क्या बोले
फिल्म और मुक्ता आर्ट्स की वर्षगांठ पर बात करते हुए, सुभाष घई ने तलपड़े के साथ फिर से काम करने और नई पीढ़ी के कलाकारों के साथ जुड़ने के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा, 'यह पड़ाव मुक्ता आर्ट्स के सफर में एक नई और अहम शुरुआत है। हम आगे कई रोमांचक प्रोजेक्ट्स और अर्थपूर्ण कहानियों पर काम करने जा रहे हैं, जिनमें से पहली है 'मान्या'। लगभग दो दशकों के बाद श्रेयस के साथ काम करना बहुत शानदार रहा। इससे मुझे उनकी काबिलियत और अभिनय की रेंज की याद आ गई। साथ ही फिल्म की पूरी बेहतरीन कास्ट ने कहानी में गहराई ला दी है। नए और उभरते कलाकारों में बहुत क्षमता है, जो इस फिल्म के अन्य किरदारों में बखूबी दिखाई देती है। मुझे बेसब्री से इंतजार है कि आप सभी हमारी नजरों से 'मान्या' के इस सफर को देखें।'
सुभाष घई के नए प्रोजेक्ट्स
'मान्या' के अलावा, सुभाष घई एक्टर संजय दत्त के साथ 'खलनायक रिटर्न्स' और अनिल कपूर के साथ एक कोर्टरूम ड्रामा पर काम कर रहे हैं।
सुभाष घई क्यों नहीं देखते अपनी फिल्में
अरबाज खान के पॉडकास्ट में सुभाष घई ने बताया था कि वह अपनी फिल्में क्यों नहीं देखते हैं। सुभाष ने कहा, 'सच्ची मानेंगे मेरी फिल्म जब भी रिलीज हुई है प्रीमियर हो गया और वो फिल्में हिट हो गई वो फिल्म मैंने कभी देखी नहीं। मैंन कई भी फिल्म पुरानी अपनी देखता नहीं, क्योंकि उसकी याद से जुड़ा नहीं रहना चाहता हूं... मेरे लिए फिल्म है। आज जो मैं कर रहा हूं। इस प्रेजेंट में मेरे पास क्या है। वो न सिर्फ मेरा रेलीवेंट, बल्कि मुझे आनंद भी उसमें आता है। कईयों को अतीती में जीने का आनंद आता है। मुझे होता है कि प्रेजेंट है और इस प्रेजेंट को मैं कैसे अच्छा कर सकता हूं।'
ये भी पढ़ें - अपनी हिट फिल्में कभी नहीं देखते सुभाष घई, प्रीमियर होते ही फेर लेते हैं मुंह, खुद बताई थी अजीब वजह
Latest Bollywood News