'ये तो आमिर खान है...', सुनील ग्रोवर को देखती ही कंफ्यूज हुए लोग, बातें सुनते ही कार्तिक-अनन्या की भी छूटी हंसी
'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' एक बार फिर ओटीटी के पर्दे पर लौट आया है। लोग इस शो को काफी पसंद कर रहे हैं। अब हाल ही में इस शो में कार्तिर आर्यन और अनन्या पांडे पहुंचे थे, तभी सुनील ग्रोवर ने अपने नए लुक से लाइमलाइट लूट ली।
कॉमेडी की दुनिया में सुनील ग्रोवर ऐसा नाम बन चुके हैं, जो हर बार कुछ नया करके दर्शकों को चौंका देता है। उनकी खासियत सिर्फ मजाक तक सीमित नहीं है, बल्कि जिस बारीकी से वह बड़े-बड़े बॉलीवुड सितारों की नकल करते हैं, वह उन्हें बाकी कलाकारों से अलग बनाती है। सालों तक शाहरुख खान की मिमिक्री से लोगों को हंसाने वाले सुनील अब अपने टैलेंट की सीमा को और आगे ले जा चुके हैं। नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहे ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के नए सीजन में सुनील ग्रोवर हर हफ्ते नए अवतार में दिखाई दे रहे हैं। पहले उन्होंने सलमान खान, मशहूर शायर गुलजार और सुपरहिट डायरेक्टर एसएस राजामौली की नकल कर तालियां बटोरीं और अब इस हफ्ते उन्होंने ऐसा कारनामा कर दिखाया कि सोशल मीडिया दंग रह गया। इस बार सुनील आमिर खान बने।
सुनील ने अपनाया आमिर खान अवतार
कपिल शर्मा के शो में इस हफ्ते फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ के प्रमोशन के लिए कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे पहुंचे थे। तभी अचानक आमिर खान के लुक में सुनील ग्रोवर की एंट्री होती है। उनकी बॉडी लैंग्वेज, बोलने का अंदाज और चेहरे के हाव-भाव इतने सटीक थे कि कुछ पलों के लिए सबको लगा मानो असली आमिर खान ही स्टेज पर आ गए हों। सुनील ने आमिर के अंदाज में मेहमानों से बातचीत की, उनकी पर्सनल लाइफ पर हल्के-फुल्के मजाक किए और रिश्तों को लेकर ‘ज्ञान’ भी बांटा। इतना ही नहीं, उन्होंने कार्तिक और अनन्या की फिल्म के लंबे टाइटल पर भी चुटकी लेते हुए माहौल को और मजेदार बना दिया। यह पूरा सेगमेंट इतना नेचुरल और प्रभावशाली था कि दर्शक हंसी रोक ही नहीं पाए।
यहां देखें वीडियो
सोशल मीडिया पर छाया आमिर अवतार
जैसे ही इस एपिसोड का प्रोमो सामने आया, इंटरनेट पर रिएक्शन्स की बाढ़ आ गई। कई यूज़र्स ने लिखा कि उन्हें पहली नज़र में लगा कि असली आमिर खान शो में आ गए हैं। किसी ने कहा, 'इतनी परफेक्ट मिमिक्री कि धोखा हो गया।' वहीं कुछ लोगों ने मजाक में सुनील की तुलना AI से करते हुए लिखा कि AI भी शायद सुनील ग्रोवर से सीखता होगा। कुल मिलाकर उनका आमिर अवतार इंटरनेट पर वायरल हो गया।
दो दशकों से ज्यादा का दमदार सफर
सुनील ग्रोवर का करियर करीब 20 साल से भी ज्यादा पुराना है। टीवी, स्टेज शो, अवॉर्ड फंक्शन और रियलिटी शोज में उन्होंने अपनी कॉमिक टाइमिंग से अलग पहचान बनाई है। हालांकि, हाल के सालों में उन्होंने खुद को सिर्फ कॉमेडी तक सीमित नहीं रखा। शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान’ में उनका गंभीर और नेगेटिव किरदार हो या नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘डब्बा कार्टेल’ में बेरहम ड्रग लॉर्ड की भूमिका सुनील ने हर बार साबित किया कि वह एक वर्सेटाइल कलाकार हैं। फिलहाल, ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में सुनील ग्रोवर की मौजूदगी शो की जान बनी हुई है। हर हफ्ते उनका नया अवतार दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रहा है।
ये भी पढ़ें: फराह खान के भाई के साथ हुआ हादसा, फिल्म के सेट से आनन-फानन में ले जाना पड़ा अस्पताल, की गई सर्जरी
