1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. फराह खान के भाई के साथ हुआ हादसा, फिल्म के सेट से आनन-फानन में ले जाना पड़ा अस्पताल, की गई सर्जरी

फराह खान के भाई के साथ हुआ हादसा, फिल्म के सेट से आनन-फानन में ले जाना पड़ा अस्पताल, की गई सर्जरी

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Dec 29, 2025 07:44 am IST,  Updated : Dec 29, 2025 07:44 am IST

फराह खान के भाई और निर्देशन साजिद खान के साथ फिल्म के सेट पर हादसा हुआ। एक्सीडेंट के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी सर्जरी की गई है। इसके बारे में फराह खान ने जानकारी साझा की है।

farah khan sajid khan- India TV Hindi
मां के साथ फराह खान और साजिद खान। Image Source : ASLISAJIDKHAN

फराह खान के भाई और फिल्ममेकर साजिद खान को लेकर हाल ही में एक अहम खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक एकता कपूर के प्रोडक्शन हाउस के एक प्रोजेक्ट की शूटिंग के दौरान साजिद खान का एक्सीडेंट हो गया, जिसमें उनके पैर में गंभीर चोट आई। हादसे के तुरंत बाद उन्हें मेडिकल सहायता दी गई और अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी सर्जरी की गई। इस घटना के बाद साजिद की सेहत को लेकर फैंस काफी चिंतित नजर आए। अब इसी मामले में उनकी बहन फराह खान ने उनकी हेल्थ अपडेट साझा की है।

सफल रही साजिद की सर्जरी

अब इस मामले पर उनकी बहन और जानी-मानी फिल्ममेकर फराह खान ने राहत भरी जानकारी साझा की है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार फराह खान ने बताया कि साजिद की सर्जरी सफल रही है और वह तेजी से रिकवर कर रहे हैं। फराह ने कहा, 'सर्जरी हो गई है और वह अब बिल्कुल ठीक हैं।' उनके इस बयान के बाद साजिद की तबीयत को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। बताया जा रहा है कि साजिद खान शूटिंग के दौरान किसी वजह से गिर पड़े, जिससे उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया। हालांकि डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज किया गया और फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। माना जा रहा है कि पूरी तरह ठीक होने में उन्हें कुछ समय लग सकता है।

बीते महीने था साजिद खान का जन्मदिन

गौरतलब है कि पिछले महीने ही साजिद खान ने अपना 55वां जन्मदिन मनाया था। इस खास मौके पर उन्होंने परिवार और करीबी दोस्तों के साथ सादगी से सेलिब्रेशन किया। फराह खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस जश्न का एक वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें साजिद केक काटते हुए नजर आए और उनके दोस्त उनके लिए जन्मदिन का गाना गा रहे थे। वीडियो के साथ फराह ने भावुक कैप्शन लिखा था और भाई के लिए प्यार और शुभकामनाएं जाहिर की थीं। अगर साजिद खान के करियर की बात करें तो उन्होंने बतौर डायरेक्टर बॉलीवुड में एक वक्त पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी। VJ के तौर पर करियर शुरू करने वाले साजिद ने 2006 में हॉरर एंथोलॉजी फिल्म ‘डरना जरूरी है’ में एक शॉर्ट स्टोरी डायरेक्ट कर निर्देशन की दुनिया में कदम रखा।

कैसे बने हिट डायरेक्टर?

इसके बाद 2007 में आई ‘हे बेबी’, जिसमें अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और फरदीन खान नजर आए ने उन्हें पहली बड़ी सफलता दिलाई। 2010 में साजिद ने ‘हाउसफुल’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत की, जो दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय साबित हुई। ‘हाउसफुल 2’ की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद उन्हें हिट डायरेक्टर माना जाने लगा। हालांकि इसके बाद आई ‘हिम्मतवाला’ और ‘हमशकल्स’ जैसी फिल्मों की असफलता ने उनके करियर को गहरा झटका दिया। इसके अलावा यौन उत्पीड़न के आरोपों के चलते साजिद को ‘हाउसफुल 4’ जैसे बड़े प्रोजेक्ट से भी हटना पड़ा। लंबे समय से फिल्मी दुनिया से दूर रहे साजिद खान अब एक बार फिर वापसी की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इस हादसे ने उनकी योजनाओं पर अस्थायी ब्रेक लगा दिया है। फिलहाल उनकी सेहत में सुधार होना उनके और उनके चाहने वालों के लिए सबसे बड़ी राहत की खबर है।

ये भी पढ़ें: 'धुरंधर' की आंधी के बीच आई इस सुपरस्टार की फिल्म, कौड़ियों की हुई मोहताज, कमाई के मामले में हुआ डब्बा गोल

2026 में 8 नए डेब्यू से हिलेगा बॉलीवुड, स्टारकिड्स की होगी भरमार, आउटसाइडर्स भी जमाएंगे पैर

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन