1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'द पैराडाइज' ने ओपनिंग वीकेंड पर दिखाया कमाल, तोड़े 6 हिंदी फिल्मों के रिकॉर्ड, कैसा रहा सिद्धार्थ की 'द वन' का हाल?

'द पैराडाइज' ने ओपनिंग वीकेंड पर दिखाया कमाल, तोड़े 6 हिंदी फिल्मों के रिकॉर्ड, कैसा रहा सिद्धार्थ की 'द वन' का हाल?

सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की 'द वन' ने रिलीज के साथ बॉक्स ऑफिस पर कमाल दिखाना शुरू कर दिया है, लेकिन नेचुरल स्टार नानी की 'द पैराडाइज' के आगे ये फीकी पड़ती दिख रही है।

sidharth malhotra- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@SIDMALHOTRA/@NAMEISNANI 'द वन' और 'द पैराडाइज' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन।

श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी नानी स्टारर 'द पैराडाइज' गुरुवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और रिलीज के बाद से ही दर्शकों के बीच इसका दबदबा देखने को मिल रहा है। रिलीज से पहले बुधवार शाम को इसके पेड प्रीमियर दिखाए गए थे, जिसमें फिल्म ने 11 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया और ओपनिंग डे पर इसने 34.65 करोड़ की कमाई की। रिलीज के बाद फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला, लेकिन फिर भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है। शुरुआती गिरावट के बाद अनानी की फिल्म ने दुनियाभर में 138.25 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। सिनेमाघरों में इन दिनों 'हनुमान अंश' और 'द वन' जैसी फिल्में हैं, जो इसे टक्कर दे रही हैं।

'द पैराडाइज' का कलेक्शन

नानी स्टारर 'द पैराडाइज' के कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने 34.65 करोड़ के साथ ओपनिंग की। प्रीव्यू डे पर नानी की फिल्म ने 11.60 करोड़ कमाए और दूसरे दिन 14.90 करोड़ का कलेक्शन किया। तीसरे दिन फिल्म का कलेक्शन 15.25 करोड़ रहा और चौथे दिन यानी पहले रविवार को फिल्म ने 15.70 करोड़ कमाए। इसी के साथ भारत में 'द पैराडाइज' का नेट कलेक्शन 92.10 करोड़ हो गया है और ग्रॉस कलेक्शन 109.00 करोड़ पहुंच गया है। भारत के साथ-साथ विदेशों में भी नानी की फिल्म का कमाल देखने को मिल रहा है। फिल्म के वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो ये 138 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है।

तोड़े इन 6 हिंदी फिल्मों के रिकॉर्ड

रविवार के कलेक्शन के बाद चार दिनों की कमाई के मामले में 'द पैराडाइज' इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' सहित 6 बड़ी हिंदी फिल्मों और 7 तेलुगु फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। रिलीज के चार दिनों में ही ये तेलुगु फिल्मों 'मना शंकर वरा प्रसाद गारू' (79.85 करोड़, 'उस्ताद भगत सिंह' (60.35 करोड़), 'इरुमुडी' (50.50 करोड़), 'अनगनगा ओका राजू' (33.95 करोड़) 'लेनिन' (25.90 करोड़), 'मां इंटि बंगारम' (21.20 करोड़) और 'डकैत' (19.80 करोड़) का रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। वहीं हिंदी फिल्मों की बात करें तो ये इस साल रिलीज हुई 'आवारापन 2' (84.31 करोड़), 'धमाल 4' (67.21 करोड़), 'वेलकम टू द जंगल' (65.83 करोड़), 'भूत बंगला' (65.65 करोड़), 'कॉकटेल 2' (50.1 करोड़) और 'ओ रोमियो' (19.80 करोड़) का रिकॉर्ड ब्रेक कर चुकी है।

कैसा रहा 'द वन' का हाल?

वहीं तमन्ना भाटिया और सिद्धार्थ मल्होत्रा स्टारर माइथोलॉजिकल हॉरर ड्रामा 'द वन' की बात करें तो 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म को भी दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। क्रिटिक्स से मिली-जुली प्रतिक्रिया और धीमी शुरुआत के बाद इस फिल्म ने वीकेंड पर रफ्तार पकड़ी और तीन दिनों में 33.35 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। पहले दिन फिल्म ने 8 करोड़, दूसरे दिन 11.25 करोड़ और तीसरे दिन 14 करोड़ का कलेक्शन किया। बता दें, फिल्म बिहार के रहस्यमयी वन देवी मंदिर पर आधारित है, जहां सूर्यास्त के बाद लोगों के जाने पर सख्त मनाही है।

ये भी पढ़ेंः ‘द पैराडाइज’ मूवी रिव्यू: नानी ने किरदार में झोंकी पूरी ताकत, लेकिन बिखरी कहानी ने कम फीका किया असर

Latest Bollywood News