दलेर महंदी से बदसलूकी पर झुके उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल, मांगी माफी, मीका सिंह ने जताई खुशी
उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी से फोन पर माफी मांगी है। मीका सिंह की टीम ने इसकी पुष्टि करते हुए कलाकारों के सम्मान और गरिमा को जरूरी बताया।

सिंगर दलेर मेहंदी को मंच पर सबके सामने टोकने और उनके शराब के नशे में होने का दावा करने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब खत्म होने की ओर बढ़ रहा है। उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने कथित तौर पर फोन पर दलेर मेहंदी से माफी मांग ली है। इस बात की जानकारी सिंगर मीका सिंह की टीम की ओर से जारी बयान में दी गई है। मीका सिंह की टीम ने मंत्री के इस कदम का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि अब इस मामले को पीछे छोड़कर सभी लोग आपसी सम्मान और समझदारी के साथ आगे बढ़ेंगे। इस घटना के बाद मनोरंजन जगत की कई हस्तियों ने दलेर मेहंदी के समर्थन में आवाज उठाई थी और कलाकारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किए जाने की मांग की थी। मीका सिंह लगातार माफी की मांग कर रहे थे।
मीका सिंह की टीम ने जारी किया बयान
दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद पर अब मीका सिंह की टीम की प्रतिक्रिया सामने आई है। टीम ने अपने बयान में बताया कि सुबोध उनियाल ने फोन पर बातचीत के दौरान दलेर मेहंदी से माफी मांगी है। साथ ही इस कदम के लिए मंत्री की सराहना भी की गई है। बयान में कहा गया कि कलाकारों के सम्मान और उनकी गरिमा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। दलेर मेहंदी संगीत जगत के वरिष्ठ कलाकार हैं और उन्होंने भारतीय संगीत उद्योग में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। टीम ने अपने बयान में यह भी कहा कि हर कलाकार सम्मान का हकदार है और किसी भी परिस्थिति में उसके आत्मसम्मान को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए। मीका सिंह की टीम को उम्मीद है कि माफी के बाद इस विवाद पर विराम लगेगा और सभी पक्ष सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ेंगे। इस बयान के जरिए एक बार फिर कलाकारों के सम्मान और सार्वजनिक मंचों पर उनके साथ होने वाले व्यवहार का मुद्दा चर्चा में आ गया है।
कुंजापुरी देवी मेले में क्या हुआ था?
यह पूरा विवाद उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में आयोजित कुंजापुरी देवी मेले के दौरान शुरू हुआ था। 18 अक्टूबर को कार्यक्रम में दलेर मेहंदी अपनी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और उन्होंने बीच कार्यक्रम में ही गायक को टोक दिया। मंत्री ने दावा किया था कि दलेर मेहंदी शराब के नशे में हैं। मंच पर हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मंत्री के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे। कई लोगों ने इसे एक वरिष्ठ कलाकार के प्रति अनुचित रवैया बताया। देखते ही देखते यह मामला केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कलाकारों की गरिमा और सार्वजनिक पद पर बैठे लोगों की जिम्मेदारी को लेकर बहस शुरू हो गई।
मीका सिंह ने मंत्री से मांगा था जवाब
इस विवाद पर दलेर मेहंदी के भाई और सिंगर मीका सिंह ने भी खुलकर नाराजगी जताई थी। उन्होंने मंत्री के व्यवहार को असभ्य और अपमानजनक बताते हुए सवाल किया था कि क्या किसी जनप्रतिनिधि को मंच पर किसी कलाकार के साथ इस तरह पेश आना चाहिए। मीका ने कहा था कि कलाकार लोगों का मनोरंजन करने और अपनी पेशेवर प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए कार्यक्रमों में पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित करने के बजाय सम्मान दिया जाना चाहिए। मीका सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया में यह भी कहा था कि कलाकारों के साथ इस तरह का व्यवहार उन्हें उत्तराखंड में कार्यक्रम करने से हतोत्साहित कर सकता है। उन्होंने राज्य के प्रति अपने लगाव का जिक्र करते हुए मंत्री से अपने शब्दों पर विचार करने और मामले को सम्मानजनक तरीके से सुलझाने की अपील की थी। साथ ही उन्होंने मंत्री से दलेर मेहंदी के नशे में होने के दावे को साबित करने की चुनौती भी दी थी।
कई सितारे आए दलेर मेहंदी के समर्थन में
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद फिल्म और मनोरंजन जगत की कई हस्तियों ने दलेर मेहंदी के समर्थन में अपनी बात रखी। अनूपम खेर, कपिल शर्मा और राजपाल यादव समेत कई कलाकारों ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया दी। दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आए लोगों ने उनके प्रति सम्मान बनाए रखने और सार्वजनिक मंच पर किसी भी कलाकार को अपमानित नहीं करने की बात कही। अब मीका सिंह की टीम के बयान के बाद इस विवाद के शांत होने की उम्मीद जताई जा रही है। मंत्री की ओर से फोन पर माफी मांगे जाने की जानकारी सामने आने के बाद कलाकारों के सम्मान से जुड़ा यह मामला एक नए मोड़ पर पहुंच गया है।