विद्या बालन ने अपने दिवंगत को-स्टार इरफान खान को याद किया, जब उन्होंने 25 साल पहले शूट की गई फिल्म 'द लास्ट टेनेंट' पहली बार देखी। इस फिल्म में इरफान भी नजर आए थे और यह अब जाकर यूट्यूब पर रिलीज हुई है। इसे 2020 में गुजर चुके दिवंगत एक्टर की याद में रिलीज किया गया है। गुरुवार को एक्ट्रेस विद्या ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के कुछ क्लिप शेयर किए और इसे देखने के बाद एक इमोशनल नोट शेयर किया। उन्होंने बताया कि यह एक ऐसा प्रोजेक्ट था, जिसे वह कभी भूल जाना चाहती थीं, क्योंकि यह उनके शुरुआती करियर के एक मुश्किल दौर से जुड़ा था, जब उनकी कई फिल्में फ्लॉप हो गई थीं।
25 साल बाद रिलीज हुई विद्या और इरफान की फिल्म
विद्या ने लिखा, 'कल रात मैंने पहली बार द लास्ट टेनेंट देखी, जबकि मैंने 25 साल पहले इसकी शूटिंग की थी। मैंने इसकी शूटिंग की थी, लेकिन फिर किसी वजह से यह फिल्म रिलीज नहीं हो पाई।' फिर उन्होंने उस दौर को याद किया जब यह फिल्म बनी थी और कहा, 'यह उस समय की बात है जब मैं जिस भी काम में हाथ डालती थी, वह पूरा नहीं हो पाता था। मेरी पहली मलयालम फिल्म 'चक्रम' बंद हो गई थी, जिसके बाद अगले तीन सालों में मुझे लगभग एक दर्जन फिल्मों से निकाल दिया गया। साफ शब्दों में कहूं तो उस समय जो दूसरी चीजें भी सफल नहीं हो पाई थीं, उन्हीं की तरह मैं इस फिल्म को भी भूल जाना चाहती थी और मैंने ऐसा ही किया।'
इरफान खान को याद कर भावुक हुईं विद्या
विद्या ने बताया कि डायरेक्टर सार्थक दासगुप्ता ने हाल ही में उन्हें इस फिल्म के रिलीज होने के बारे में बताया, जिसके बाद उन्हें इरफान की याद आ गई। एक्ट्रेस ने आगे कहा, 'मुझे याद है मैंने सेट से अपनी बहन को बड़ी खुशी से फोन करके बताया था कि मैं 'बनेगी अपनी बात' वाले इरफान खान के साथ शूटिंग कर रही हूं। उस समय मुझे लगता था कि वह सबसे प्यारे एक्टर हैं और कल रात भी मुझे वैसा ही महसूस हुआ। उनकी एक्टिंग में कहीं भी कोई बनावटीपन या झूठा सुर नहीं था।'
विद्या बालन को किस बात का है मलाल
विद्या ने इस बात पर भी अफसोस जाहिर किया कि उन्हें इरफान के साथ काम करने का दूसरा मौका नहीं मिला। विद्या ने आगे कहा, 'इरफान के गुजरने के बाद से मुझे इस बात का हमेशा मलाल रहा है कि कुछ फिल्में, जिनमें हम दोनों को एक-दूसरे के साथ काम करना था, वे बन नहीं पाईं... लेकिन अब कम से कम मेरे पास द लास्ट टेनेंट तो है।'
ये भी पढे़ं-
8 साल बड़े आकाशदीप सहगल की मां बनी टीवी की हसीना, दबाव में लिया फैसला? एक्ट्रेस ने खुद बताया सच
मौत की झूठी खबर पर भड़के शक्ति कपूर, अफवाहों पर जताई नाराजगी, कहा- 'ये अच्छी बात नहीं'
Latest Bollywood News