दिल्ली की लापता लड़कियों के बीच 'मर्दानी 3' को लेकर मचा बवाल, YRF ने दी सफाई
हाल ही में दिल्ली पुलिस ने झूठी अफवाहें फैलाने वालों को कड़ी चेतावनी दी थी। यह मामला 'मर्दानी 3' के प्रमोशन से जुड़ा था। अब YRF ने इस मामले पर सफाई दी है।

यश राज फिल्म्स (YRF) ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर लगे उन आरोपों का खंडन किया, जिसमें दिल्ली में हो रही लापता लड़कियों की वायरल रिपोर्ट्स को 'मर्दानी 3' के प्रमोशन से जोड़ा जा रहा था। यह विवाद तब शुरू हुआ, जब रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि 2026 के पहले 15 दिनों में दिल्ली में लापता लोगों की संख्या बढ़ गई है, जिसके बाद कुछ नेटिजन्स ने आरोप लगाया कि यह फिल्म के लिए एक पब्लिसिटी स्टंट है, जो इसी तरह के मुद्दों पर आधारित है। दिल्ली पुलिस ने बाद में X पर अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी चेतावनी जारी की। इसके बाद यश राज फिल्म्स ने वायरल दावों पर जवाब दिया और अपना रुख साफ करते हुए किसी भी तरह के कनेक्शन से इनकार किया।
YRF ने आरोपों से किया इनकार
06 फरवरी, 2026 को YRF ने पेड प्रमोशन के आरोपों से खुद को अलग कर लिया और दिल्ली में लापता लड़कियों की खबरों के बारे में हाइप बनाने में किसी भी तरह की भागीदारी से इनकार किया। जब ANI ने YRF से संपर्क किया तो एक YRF प्रवक्ता ने विवाद पर जवाब देते हुए कहा, 'यश राज फिल्म्स एक 50 साल पुरानी कंपनी है जो नैतिक और पारदर्शी होने के मूल सिद्धांतों पर बनी है। हम सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे इन आरोपों का पुरजोर खंडन करते हैं कि मर्दानी 3 के प्रमोशनल कैंपेन ने ऐसे मुद्दे को सनसनीखेज बनाया है। हमें अपने अधिकारियों पर पूरा भरोसा है कि वे सही समय पर सभी तथ्य और सच्चाई सामने लाएंगे।'
दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की चेतावनी दी
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने देश की राजधानी में लापता लड़कियों की संख्या में बढ़ोतरी को लेकर फैल रही अटकलों को खारिज कर दिया था। बयान में कहा, 'जांच के बाद हमने पाया है कि दिल्ली में लापता लड़कियों की संख्या में बढ़ोतरी की चर्चा पेड प्रमोशन के जरिए फैलाई जा रही है। पैसे के लालच में दहशत फैलाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।' दिल्ली पुलिस के PRO संजय त्यागी ने गुरुवार को कहा कि पिछले सालों की तुलना में शहर में लापता लोगों की रिपोर्ट में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।
मर्दानी 3 का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
'मर्दानी 3', मर्दानी फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है। इस फिल्म को अभिराज मीनावाला ने डायरेक्ट किया है। रानी मुखर्जी के अलावा, इसमें जानकी बोडीवाला और मल्लिका प्रसाद भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म ने आठ दिनों में बॉक्स ऑफिस पर 26.88 करोड़ रुपये कमाए हैं।
ये भी पढे़ं-
फ्लॉप होने के बावजूद क्यों बना संजय मिश्रा और नीना गुप्ता की फिल्म का सीक्वल? ये है असली वजह