नई दिल्ली: पॉप संगीत के बेताज बादशाह माइकल जैक्सन की बेटी पेरिस जैक्सन गणेश जी की भक्त हैं। हाल ही उनकी एक फोटो देखी गई है जिसमें उन्हें गणेश जी की तस्वीर वाली टीशर्ट पहने देखा जा सकता है। गौरतलब है कि महान पॉप स्टार माइकल जैक्सन की बेटी पेरिस जैक्सन तनाव के लंबे दौर से गुजरने के बाद सिर्फ 17 साल की उम्र में शादी कर रही है। पिछले एक हफ्ते से उनके हाथ में नई अंगूठी देखकर सगाई और जल्द शादी के कयासों से तमाम अखबार और वेबसाइट पर उनकी शादी की चर्चा शुरू हो गई है।
अप्रैल से उनका 18 वर्षीय फुटबॉलर चेस्टर कैस्टेलॉ के साथ जबरदस्त रोमांस चल रहा है। दोनों अकसर रूमानी अंदाज में साथ देखे जाते हैं। पेरिस इंस्टाग्राम और फेसबुक पर चेस्टर के साथ अंतरंग फोटो डालने में देरी नहीं करती। पेरिस के चाचा जेरमेन रिश्ते पर रजामंद हैं। पेरिस अपने पापा माइकल जैक्सन की बेहद लाडली थी। लेकिन उनकी मां डेबी रॉ के साथ माइकल के रिश्ते ज्यादा नहीं चले।
1998 में पेरिस के जन्म के एक साल बाद ही दोनों में तलाक हो गया। पेरिस को रखने का हक पापा को मिला। लेकिन जून, 2009 में माइकल की मौत ने पेरिस की दुनिया उजाड़ दी। इसके कुछ दिन बाद एक कार्यक्रम में नन्हीं पेरिस के मुंह से पापा के बारे में बोले गए शब्द दुनिया भर में सुर्खियां बने थे। लेकिन 2013 में आत्महत्या की कोशिश के बाद पेरिस को सुधारगृह भेज दिया गया। इस दौरान उनकी मां और दादी कैथरीन के बीच उनके अधिकार की कानूनी लड़ाई जारी रही। पिछली सर्दियों में ही वह परिवार के साथ लौटी। अब बड़ी हो चुकी पेरिस की जिंदगी चेस्टर के आने के बाद बदल चुकी है। कहा जा रहा है कि पेरिस ने प्रॉमिस रिंग पहनी हुई है, ना कि सगाई की अंगूठी।