हिमेश रेशमिया की फिल्म 'हैप्पी हार्डी एंड हीर' 20 सितंबर 2019 को रिलीज हो रही है।
Ranu Mondal
मुंबई: पश्चिम बंगाल के रेलवे स्टेशन के पास गाना गाकर अपना गुजारा करने वाली रानू मंडल (Ranu Mondal) स्टार बन चुकी हैं। हाल ही में उन्होंने सिंगर हिमेश रेशमिया (Himesh Reshammiya) के साथ उनकी फिल्म 'हैप्पी हार्डी एंड हीर' का सॉन्ग 'तेरी मेरी कहानी' गाया था। इसके शब्द और म्यूजिक लोगों को पसंद आ रहे हैं। इस गाने के बाद हिमेश ने रानू को एक और गाना गाने का मौका दिया है।
हिमेश रेशमिया ने सोशल मीडिया पर रानू मंडल का एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वह उनके साथ गाना रिकॉर्ड करती नज़र आ रही हैं। ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सिंगर ने वीडियो के कैप्शन में लिखा है, 'तेरी मेरी कहानी के जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद रानू मंडल की सुरीली आवाज में हैप्पी हार्डी एंड हीर का एक और गाना 'आदत' रिकॉर्ड किया जा रहा है.. इस गाने की थोड़ी सी झलक.. आप सभी के प्यार और साथ के लिए धन्यवाद..।'
बता दें कि रानू मंडल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था, जिसमें वह लता मंगेशकर का गाना 'एक प्यार का नगमा गा रही थीं।' उनकी सुरीली आवाज से हिमेश रेशमिया इतना प्रभावित हुए कि उन्होंने रानू को अपनी अपकमिंग मूवी में गाने का मौका दे दिया।