1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. Lock Upp Season 2 Finale Winner Updates: 'लॉक अप 2' की बॉस बनीं श्रेया कालरा, शिवांगी और योगेश को पछाड़ उठाई ट्रॉफी, जीता 1 करोड़ का इनाम

Lock Upp Season 2 Finale Winner Updates: 'लॉक अप 2' की बॉस बनीं श्रेया कालरा, शिवांगी और योगेश को पछाड़ उठाई ट्रॉफी, जीता 1 करोड़ का इनाम

40 दिनों के ड्रामे के बाद आज नेटफ्लिक्स पर 'लॉक अप 2' का फिनाले जारी कर दिया गया। श्रेया कालरा ने शिवांगी जोशी को हराकर जीत की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है।

sHREYA KALRA- India TV Hindi
Image Source : NETFLIX श्रेया कालरा।

40 दिनों तक चले जबरदस्त कलेश, अटूट दोस्ती, दिल टूटने के लम्हों, धोखे, कठिन टास्क और नाटकीय एलिमिनेशन के बाद आखिरकार रियलिटी शो 'लॉक अप 2' अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया। 27 जून को 15 प्रतियोगियों के साथ शुरू हुए इस शो में बाद में दो वाइल्ड कार्ड एंट्रियां भी शामिल हुईं। इस लंबे और कठिन सफर के बाद अब फैंस की निगाहें आज रात होने वाले ग्रैंड फिनाले पर टिकी थी, जिसका परिणाम आज आ गया है। ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर प्रसारित हो रहे इस शो के फिनाले में केवल पांच फाइनलिस्ट श्रेया कालरा, शिवांगी जोशी, शिल्पा शिंदे, योगेश रावत और राम कपूर बचे थे, जिसमें से श्रेया कालरा ने बाजी मार ली है।

फिनाले एपिसोड की स्ट्रीमिंग आज रात 8 बजे से शुरू हो गई है, पूरा एपिसोड नेटफ्लिक्स पर सामने आ गया है। इसकी मेजबानी फराह खान और रितेश देशमुख मिलकर की। शो के नए प्रोमो के अनुसार विजेता का फैसला फिनाले टास्क और स्टूडियो में मौजूद लाइव ऑडियंस की वोटिंग के आधार पर किया गया।

Live updates : Lock Upp Season 2 Finale Winner Live Updates

  • 8:36 PM (IST) Posted by Jaya Dwivedie

    फिनाले टास्क से बाहर होने पर भावुक हुए राम कपूर

    फिनाले टास्क से बाहर होने के बाद राम कपूर काफी भावुक नजर आए और उन्होंने कहा कि उन्हें 'लॉक अप 2' में अपने पूरे सफर पर कोई पछतावा नहीं है। उनकी इस बात पर शो की होस्ट फराह खान ने उनकी जमकर तारीफ की और कहा कि वे बेहद शानदार खिलाड़ी रहे हैं और वही इस पूरे शो की असली जान थे।

    राम कपूर ने साथी प्रतियोगियों और दर्शकों से मांगी माफी

    राम कपूर ने अपने साथी कंटेस्टेंट्स और दर्शकों से माफी मांगते हुए कहा कि अगर उनके किसी भी व्यवहार से किसी का दिल दुखा हो, तो वे उन्हें दिल से माफ कर दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शो के अंदर उन्होंने जो कुछ भी किया, वह केवल खेल  का एक हिस्सा था और असल जिंदगी में वे वैसे बिल्कुल भी नहीं हैं।

  • 8:33 PM (IST) Posted by Jaya Dwivedie

    श्रेया कालरा ने जीत हासिल की

    जीत के बाद ट्रॉफी लेते हुए उत्साहित श्रेया कालरा की झलक भी सामने आ गई है। उन्हें ट्रॉफी हाथ में लेकर चूमते हुए देखा जा सकता है। जूरी, मौजूद ऑडियंस, दोनों होस्ट और इनमेट्स के वोट को मिलाकर श्रेया कालरा ने जीत दर्ज की। श्रेया कालरा और शिवांगी के बीच कुल 7 वोट का ही अंतर रहा।

  • 8:10 PM (IST) Posted by Jaya Dwivedie

    श्रेया कालरा ने जीता शो

    शिवांगी जोशी और श्रेया कालरा टॉप टू में पहुंची थी। श्रेया कालरा ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। इनमेट के वोटों की गिनती के बाद शो का विजेता तय किया गया। श्रेया को ज्यादा वोट मिले, वहीं शिवांगी दूसरे पायदान पर रहीं।

  • 7:50 PM (IST) Posted by Jaya Dwivedie

    हर्षद चोपड़ा ने शिवांगी जोशी संग अपनी बॉन्डिंग पर दिया जवाब

    शो के दौरान जब तेजस्वी प्रकाश ने हर्षद चोपड़ा से सवाल किया कि वे अक्सर खुद से पहले शिवांगी जोशी की जरूरतों और प्राथमिकताओं को आगे क्यों रखते थे तो हर्षद ने बेहद सहजता से अपनी दोस्ती का पक्ष रखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि घर के अंदर लिए गए उनके तमाम फैसलों पर उनकी और शिवांगी की पुरानी दोस्ती का गहरा असर था।

    हर्षद ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, 'हम पिछले कुछ समय से अच्छे दोस्त रहे हैं। जब आप 15-16 अनजान लोगों के बीच सीमित खाने और कठिन परिस्थितियों वाले माहौल में बंद होते हैं तो चीजें अपने आप और स्वाभाविक रूप से ढल जाती हैं। हमने उस वक्त कभी यह नहीं सोचा था कि इसका आगे चलकर क्या परिणाम होगा या इसका हमारे गेम पर क्या असर पड़ेगा।'

  • 7:49 PM (IST) Posted by Jaya Dwivedie

    एलिमिनेशन के बाद भावुक हुए 'लैला' उर्फ वरुण यादव

    'लॉक अप सीजन 2' से बेघर होने के बाद 'लैला' के नाम से मशहूर वरुण यादव ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में उन्होंने अपने पूरे सफर के दौरान लगातार प्यार और समर्थन देने के लिए फैंस का दिल से शुक्रिया अदा किया। इसके साथ ही उन्होंने उन प्रशंसकों से माफी भी मांगी, जो उन्हें इस शो का विजेता बनते देखना चाहते थे। वरुण ने बताया कि एलिमिनेशन से ज्यादा बड़ा दर्द उनके लिए शो के अंदर रहते हुए एक बेहद दर्दनाक व्यक्तिगत क्षति को सहना था।

    शो के दौरान हुआ दादाजी का निधन

    अपनी आपबीती साझा करते हुए वरुण ने खुलासा किया कि जब वे रियलिटी शो के अंदर अपना गेम खेल रहे थे, उसी दौरान उनके दादाजी का देहांत हो गया था। इस कठिन और दुखद खबर के बावजूद शो में बने रहना और आगे बढ़ना उनके लिए मानसिक रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। उन्होंने मुश्किल वक्त में ढाल बनकर खड़े रहने वाले हर इंसान का आभार व्यक्त किया और अपने प्रशंसकों के लिए एक दिल छू लेने वाला संदेश छोड़ते हुए कहा कि फैंस का यही प्यार ही उनकी असली कमाई है।

  • 7:42 PM (IST) Posted by Jaya Dwivedie

    आलोचकों पर भड़का शिवांगी जोशी का परिवार

    'लॉक अप 2' के फिनाले से ठीक पहले शिवांगी जोशी के सफर पर उठ रहे सवालों और आलोचनाओं के बीच उनकी आधिकारिक टीम ने एक विस्तृत बयान जारी कर अभिनेत्री का पुरजोर बचाव किया है। टीम ने ट्रोलर्स और फर्जी नेरेटिव गढ़ने वालों को करारा जवाब देते हुए लिखा, 'टीम शिवांगी की तरफ से एक जरूरी बात, आइए कहानी का सच साफ-साफ समझते हैं, क्योंकि कुछ लोग इसे मोड़ने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। हमारी लड़की का मानना था कि खेल निष्पक्ष तरीके से खेला जा रहा है, लेकिन जब उसे अहसास हुआ कि ऐसा नहीं है और वह इससे दुखी हुई तो क्या उसका आहत होना भी कोई अपराध बन गया? हमें कोई एक ऐसा क्लिप दिखा दीजिए जहाँ उसने किसी से भी अपना खेल छोड़कर उसके लिए खेलने को कहा हो। हम इंतजार कर रहे हैं। क्योंकि असल में जो हुआ, वह इसका बिल्कुल उल्टा था।'

    हर्षद चोपड़ा के त्याग और ट्रोल्स के दावों पर टीम का स्पष्टीकरण

    बयान में आगे हर्षद चोपड़ा द्वारा फिनाले स्पॉट दिए जाने की घटना का जिक्र करते हुए लिखा गया, 'शो का फॉर्मेट ही ऐसा था जहां एक दोस्त के पास दूसरे दोस्त को बचाने का अधिकार था। उसने यह फैसला पूरी तरह अपनी मर्जी और खुले दिल से लिया था। फिर इसकी जिम्मेदारी शिवांगी पर कैसे डाली जा सकती है? जब वह शो में आई तो उसे 'बेज़ुबान' कहा गया और अब जब वह अपने हक के लिए खड़ी हो रही है, तो लोगों को समस्या हो रही है। एक स्टैंड लीजिए!'

    पेड़ कैंपेन और ऑनलाइन ट्रोलिंग का जवाब देते हुए टीम ने कहा, 'एक अकेली लड़की को चुप कराने के लिए जो यह 'कॉपी-पेस्ट' कमेंट्स और प्रायोजित गुस्से की लहर चलाई जा रही है, उससे साफ है कि वह वाकई मायने रखती है। हर्षद के लिए हमारे मन में कोई नफरत नहीं है, वह हमेशा शिवांगी का सच्चा दोस्त रहा है और हम कभी इसके खिलाफ कुछ नहीं कहेंगे। लेकिन यहाँ दोस्ती कोई गुनाह नहीं थी और न ही शिवांगी ने कोई गलती की है।'

  • 7:33 PM (IST) Posted by Jaya Dwivedie

    छठे हफ्ते का बड़ा ट्विस्ट

    शो के छठे हफ्ते की शुरुआत एक जबरदस्त मोड़ के साथ हुई, जब श्रेया कालरा द्वारा शिवांगी जोशी को बेघर किए जाने के बाद हर्षद चोपड़ा ने दरियादिली दिखाते हुए अपनी फिनाले सीट शिवांगी को सौंप दी। इसके बाद आकांक्षा चौधरी और वरुण यादव भी शो से बाहर हो गए, जिसके साथ ही 'लॉक अप 2' को अपने इस सीजन के टॉप 5 फाइनलिस्ट मिल गए।

  • 7:31 PM (IST) Posted by Jaya Dwivedie

    एकता कपूर के बयान ने फैंस की बढ़ाई उलझन

    श्रेया कालरा या शिवांगी जोशी के विजेता बनने की उड़ती अफवाहों के बीच निर्माता एकता कपूर के एक नए बयान ने फैंस की उलझन और बढ़ा दी है। जब उनसे सीधा सवाल किया गया कि क्या श्रेया इस शो की विनर बन गई हैं तो उन्होंने चुटीले अंदाज में पलटकर पूछा, 'क्यों, अगर शिवांगी जीतेगी तो कोई दिक्कत है क्या?' इसके बाद जब पपराजी ने उनसे साफ-साफ पूछा कि वे किसे विजेता बना रही हैं तो एकता ने स्पष्ट करते हुए कहा, 'मैं किसी को नहीं जिता रही भाई, यह सब मेरे हाथ में बिल्कुल नहीं है।'

  • 7:29 PM (IST) Posted by Jaya Dwivedie

    योगेश रावत ने पहले ही जीते ₹10 लाख, बाकी फाइनलिस्ट्स अभी खाली हाथ

    फिनाले की रेस के बीच टास्क के दौरान योगेश रावत पहले ही ₹10 लाख की इनामी राशि अपने नाम कर चुके हैं, जबकि श्रेया कालरा ने एक खास एडवांटेज जीता है। इस शो का नियम बेहद दिलचस्प है क्योंकि बाकी फाइनलिस्ट्स को कोई भी नकद पुरस्कार नहीं मिलेगा, जबकि 'लॉक अप 2' का अंतिम विजेता बनने वाले खिलाड़ी को सीधे ₹1 करोड़ का बंपर कैश प्राइज दिया जाएगा।

  • 7:28 PM (IST) Posted by Jaya Dwivedie

    श्रेया कालरा और शिवांगी जोशी के बीच कड़ा मुकाबला

    हफ्तों चले भावनात्मक खुलासों, तीखी बहसों, अप्रत्याशित रणनीतियों और कठिन टास्क के रोमांचक सफर के बाद आखिरकार आज रियलिटी शो 'लॉक अप 2' अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। शो के हालिया एपिसोड में टॉप 5 फाइनलिस्ट्स के नामों से पर्दा हटा दिया गया है, लेकिन सोशल मीडिया पर दर्शकों के बीच असली खिताबी जंग मुख्य रूप से दो लोकप्रिय प्रतियोगियों श्रेया कालरा और शिवांगी जोशी के बीच नजर आ रही है। दोनों ही कंटेस्टेंट्स के फैंस के बीच लगातार जारी 'फैन वॉर' और जीत को लेकर लगाई जा रही अटकलों के बीच, अब शो की निर्माता एकता कपूर ने उन अफवाहों पर अपनी बेबाक प्रतिक्रिया दी है जिनमें श्रेया को इस सीजन का विजेता बताया जा रहा था।