1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. 'शिवांगी जीते तो कोई दिक्कत', क्या श्रेया कालरा जीतेगी? ये सवाल पूछते ही एकता कपूर ने दिया दिमाग घुमाने वाला जवाब

'शिवांगी जीते तो कोई दिक्कत', क्या श्रेया कालरा जीतेगी? ये सवाल पूछते ही एकता कपूर ने दिया दिमाग घुमाने वाला जवाब

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Aug 05, 2026 06:08 pm IST,  Updated : Aug 05, 2026 06:11 pm IST

'लॉक अप 2' का आज ग्रैंड फिनाले है। श्रेया कालरा के जीतने की अफवाहों पर एकता कपूर ने कहा कि विजेता का फैसला उनके हाथ में नहीं है। मुख्य मुकाबला श्रेया और शिवांगी जोशी के बीच है।

vishal ekta kapoor- India TV Hindi
विशाल सिंह और एकता कपूर। Image Source : VIRAL BHAYANI

रियालिटी शो 'लॉक अप' का दूसरा सीजन अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। हफ्तों चले भावनात्मक ड्रामे, तीखी बहसों, अप्रत्याशित जोड़ियों और कठिन टास्क के बाद आज इस शो को अपना विजेता मिलने जा रहा है। शो के हालिया एपिसोड में टॉप 5 फाइनलिस्ट के नामों से पर्दा उठाया गया। हालांकि सोशल मीडिया पर दर्शकों और फैंस के बीच असली मुकाबला मुख्य रूप से दो प्रतियोगियों श्रेया कालरा और शिवांगी जोशी के बीच देखने को मिल रहा है। दोनों के प्रशंसकों के बीच जारी खींचतान और विजेता को लेकर आ रही तरह-तरह की खबरों के बीच अब शो की निर्माता एकता कपूर का बयान सामने आया है।

श्रेया के जीतने की खबरों पर क्या बोलीं एकता कपूर?

हाल ही में मुंबई में आयोजित एक अवार्ड समारोह के दौरान रेड कार्पेट पर एकता कपूर का सामना मीडिया से हुआ। पपराजी द्वारा तस्वीरें खींचने के दौरान जब एक रिपोर्टर ने उनसे पूछा, 'सुनने में आ रहा है कि श्रेया कालरा विजेता बन रही हैं?' तो एकता ने तुरंत पलटकर चुटीले अंदाज में सवाल किया, 'क्यों, अगर शिवांगी जीतेगी तो कोई दिक्कत है क्या?' एकता के इस मजेदार जवाब से वहां मौजूद सभी पपराजी हंस पड़े। जब दूसरे फोटोग्राफर ने उनसे पूछा कि वे किसे विजेता बना रही हैं तो निर्माता ने स्पष्ट किया, 'मैं किसी को नहीं जिता रही भाई, यह सब मेरे हाथ में बिल्कुल नहीं है।'

यहां देखें वीडियो

श्रेया और शिवांगी के बीच कांटे की टक्कर

सोशल मीडिया पर जीत की अटकलें तब तेज हुईं जब श्रेया कालरा इस सीजन की सबसे चर्चित कंटेस्टेंट बनकर उभरीं। राम कपूर, आकांक्षा चौधरी और आकांक्षा चमोला के साथ उनके विवादों और शिल्पा शिंदे के साथ उनकी दोस्ती ने दर्शकों का ध्यान खूब खींचा। कई फैंस उन्हें ट्रॉफी का सबसे हकदार मान रहे हैं। दूसरी तरफ शिवांगी जोशी का सफर अलग तरह का रहा। छोटी बातों पर भावुक होने के कारण शुरुआती दौर में उनकी आलोचना जरूर हुई, लेकिन बाद के हफ्तों में खुद के लिए स्टैंड लेने की वजह से उन्हें दर्शकों का भारी समर्थन मिला और वे टॉप 5 में जगह बनाने में कामयाब रहीं।

फैसला करेगी सेलिब्रिटी और पत्रकारों की जूरी

ग्रैंड फिनाले के नए प्रोमो से साफ हुआ है कि इस बार विजेताओं की किस्मत का फैसला एक खास जूरी करेगी, जिसमें कई मशहूर हस्तियां और पत्रकार शामिल होंगे। टॉप 5 फाइनलिस्ट श्रेया कालरा, शिवांगी जोशी, राम कपूर, योगेश रावत और शिल्पा शिंदे अंतिम टास्क में हिस्सा लेंगे। इसके बाद एक सवाल-जवाब का राउंड होगा जहां प्रिंस नरुला, शिव ठाकरे और शाइनी दोषी जैसे सेलिब्रिटी जूरी में बैठकर फाइनलिस्ट्स का आकलन करेंगे और सवाल पूछेंगे। जीतने वाले कंटेस्टेंट को एक करोड़ रुपये प्राइज मनी और ट्रॉफी दी जाएगी।

पूर्व प्रतियोगियों की वापसी

ग्रैंड फिनाले की शाम को यादगार बनाने के लिए फाइनलिस्ट्स और बाहर हो चुके पूर्व कंटेस्टेंट्स शानदार डांस परफॉर्मेंस देंगे। पामेला सेरेना, वरुण यादव और आकांक्षा चमोला जैसे पूर्व प्रतिभागी फिनाले के जश्न में हिस्सा लेने के लिए दोबारा मंच पर नजर आएंगे। फराह खान और रितेश देशमुख द्वारा होस्ट किए जा रहे इस शो की सीधी टक्कर ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो के रियलिटी शो 'अलायंस' से देखने को मिली है और दोनों ही शो ऑनलाइन चर्चा का केंद्र बने रहे।

ये भी पढ़ें: कभी सुपरस्टार सूर्या से 3 गुना ज्यादा कमाती थीं पत्नी ज्योतिका, अब 30 गुना कम हुई कमाई, पति के सामने ही एक्ट्रेस का खुलासा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन