1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. 'लॉक अप 2' का ग्रैंड फिनाले आज, ₹1 करोड़ और ट्रॉफी के लिए भिड़ेंगे 5 दावेदार, दो कंटेस्टेंट के बीच महामुकाबला

'लॉक अप 2' का ग्रैंड फिनाले आज, ₹1 करोड़ और ट्रॉफी के लिए भिड़ेंगे 5 दावेदार, दो कंटेस्टेंट के बीच महामुकाबला

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Aug 05, 2026 02:31 pm IST,  Updated : Aug 05, 2026 02:33 pm IST

आज रात 8 बजे नेटफ्लिक्स पर 'लॉक अप 2' ग्रैंड फिनाले प्रसारित होने वाला है। इसमें पांच कंटेस्टेंट आमने-सामने नजर आएंगे। 1 करोड़ प्राइज मनी के लिए दो कंटेस्टेंट की दावेदारी पक्की मानी जा रही है।

farah ritiesh- India TV Hindi
फराह खान और रितेश देशमुख। Image Source : NETFLIX

हफ्तों चले ड्रामे, तीखी बहसों, भावुक बयानों और पुरानी गलतियों के सुधार के बाद आखिर रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' के दूसरे सीजन का अंत आज होने जा रहा है। फराह खान और रितेश देशमुख द्वारा होस्ट किए जा रहे इस शो के ग्रैंड फिनाले में टॉप 5 फाइनलिस्ट के बीच विजेता की ट्रॉफी और मोटी इनामी राशि हासिल करने के लिए आखिरी मुकाबला देखने को मिलेगा। शो के लेकर फैंस उत्साहित हैं। बीते एपिसोड में लैला और आकांक्षा चमोला बाहर हो गए हैं। आज 5 फाइनलिस्ट की तकदीर का फैसला होगा।

कब और कहां देखें ग्रैंड फिनाले?

दर्शकों के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए 'लॉक अप: सच या सजा' का यह बहुप्रतीक्षित फिनाले आज, 5 अगस्त की रात 8 बजे से सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जाएगा। शो के प्रोमो से साफ जाहिर है कि विजेता के नाम का ऐलान इतनी आसानी से नहीं होगा। फाइनल एपिसोड में कई कड़े पड़ाव होंगे, जहां कंटेस्टेंट्स को न सिर्फ आखिरी टास्क पार करना होगा, बल्कि मीडिया और मशहूर हस्तियों के तीखे सवालों का सामना भी करना पड़ेगा।

फाइनल की दौड़ में शामिल 5 धुरंधर

शो के अंतिम एपिसोड से ठीक पहले अकांक्षा चमोला और वरुण यादव का सफर खत्म हो गया, जिसके बाद फाइनल के 5 चेहरे सामने आए। इस सीजन के मुख्य फाइनलिस्ट में शिवांगी जोशी, श्रेया कालरा, राम कपूर, योगेश रावत और शिल्पा शिंदे अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। शिवांगी जोशी ने सबसे पहले फिनाले में प्रवेश किया था, जब हर्षद चोपड़ा ने उनके लिए खुद का स्थान छोड़ दिया था। वहीं श्रेया कालरा ने घर के सदस्यों के वोटों के आधार पर अपनी सीट सुरक्षित की। दूसरी ओर राम कपूर, शिल्पा शिंदे और योगेश रावत ने मुश्किल नॉकआउट चैलेंज को जीतकर फिनाले का टिकट हासिल किया। सोशल मीडिया के रुझानों को देखें तो मुख्य मुकाबला शिवांगी और श्रेया के बीच माना जा रहा है।

इनामी राशि और जीत का दांव

इस पूरे सीजन में प्रतियोगी न केवल अपनी पुरानी छवि को सुधारने की कोशिश कर रहे थे, बल्कि शो की चमचमाती ट्रॉफी और ₹1 करोड़ का नकद पुरस्कार जीतने के लिए भी संघर्ष कर रहे थे। हालांकि मुख्य विजेता को ही यह पूरी राशि मिलेगी, लेकिन फाइनलिस्ट योगेश रावत पहले ही एक टास्क जीतकर ₹10 लाख अपने नाम कर चुके हैं।

ग्रैंड फिनाले की मुख्य झलकियां

फिनाले की शुरुआत एक अंतिम टास्क से होगी, जो यह तय करेगा कि प्रतिभागी किस क्रम में आगे बढ़ेंगे। इसके बाद एक प्रेस वार्ता और सेलिब्रीटी राउंड होगा, जिसमें प्रिंस नरुला, शिव ठाकरे, आवेज दरबार और कुछ जाने-माने पत्रकार कंटेस्टेंट्स के खेल पर उनसे सवाल-जवाब करेंगे। इस वोटिंग का असर नतीजों पर भी पड़ेगा। इसके अलावा फिनाले एपिसोड में सभी फाइनलिस्टों की शानदार परफॉर्मेंस के साथ-साथ शो से बाहर हो चुके पूर्व कंटेस्टेंट्स जैसे पामेला सेरेना, वरुण यादव और अकांक्षा चमोला की मौजूदगी भी देखने को मिलेगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि इन पांचों में से कौन बाजी मारता है।

ये भी पढ़ें:  हारकर भी बाजी मार गईं शिवंगी जोशी, लॉकअप पर लगा बड़ा आरोप, लोग बोले- यही बनेगी स्क्रिप्टेड विनर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन