1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. 'मोदी कहीं नहीं जाएगा' के नारों से गूंजा गुजरात, PM बोले- 'आखिरी सांस तक करूंगा देश की सेवा'

'मोदी कहीं नहीं जाएगा' के नारों से गूंजा गुजरात, PM बोले- 'आखिरी सांस तक करूंगा देश की सेवा'

 Reported By: Nirnay Kapoor,  Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Oct 30, 2026 09:59 pm IST,  Updated : Oct 30, 2026 09:59 pm IST

गुजरात के बनासकांठा में पीएम मोदी के दौरे के दौरान 'मोदी कहीं नहीं जाएगा' के नारे गूंजे। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह आखिरी सांस तक देश की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने 325 करोड़ के पशु प्रजनन केंद्र का उद्घाटन भी किया।

PM Modi Gujarat Visit, Modi Kahin Nahi Jayega, PM Modi Banaskantha Rally- India TV Hindi
गुजरात के बनासकांठा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। Image Source : PTI

Highlights

  • गुजरात में रोड शो से किसानों की रैली तक 'मोदी कहीं नहीं जाएगा' के नारे गूंजे।
  • खरगे की टिप्पणी के जवाब में बीजेपी समर्थकों ने प्रधानमंत्री के समर्थन में नारा बुलंद किया।
  • PM मोदी ने 325 करोड़ रुपये के पशु प्रजनन केंद्र का उद्घाटन कर डेयरी क्षेत्र को नई सौगात दी।

बनासकांठा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दो दिन के दौरे पर गुजरात पहुंचे तो उनका स्वागत एक खास नारे के साथ हुआ। बनासकांठा में रोड शो से लेकर किसानों की रैली तक 'मोदी कहीं नहीं जाएगा' के नारे गूंजते रहे। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। उनके हाथों में ऐसे पोस्टर और बैनर थे, जिन पर लिखा था- 'मोदी कहीं नहीं जाएगा'। कुछ दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से की गई टिप्पणी के जवाब में बीजेपी समर्थकों ने यह नारा दिया।

खरगे के बयान के जवाब में लगे नारे

दरअसल, कुछ दिन पहले पटना में पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा था,'मोदी तो क्या, मोदी का बाप भी जाएगा।' इसके जवाब में प्रधानमंत्री के समर्थकों ने 'मोदी कहीं नहीं जाएगा' का नारा बुलंद किया। बनासकांठा जिले के भीलड़ी में मोदी के रोड शो के दौरान लोगों ने इस नारे के साथ कई तरह की तख्तियां ले रखी थीं। इनमें लिखा था, 'जब तक भारत विकसित नहीं होगा, मोदी कहीं नहीं जाएगा।' कुछ पोस्टरों पर संदेश था कि जब तक भारत आत्मनिर्भर नहीं बन जाता और दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल नहीं होता, तब तक मोदी कहीं नहीं जाएंगे।

रोड शो से जनसभा तक गूंजा ये नारा

प्रधानमंत्री हेलीपैड से बनास डेयरी संयंत्र तक रोड शो में शामिल हुए। इस दौरान वह मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के साथ खुली जीप में सवार थे। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग उनका स्वागत करने पहुंचे थे। रोड शो के बाद मोदी भीलड़ी स्थित भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर पहुंचे। यहां आयोजित जनसभा में भी बड़ी संख्या में किसान और महिलाएं मौजूद थीं। कई महिलाएं भी हाथों में 'मोदी कहीं नहीं जाएगा' लिखे पोस्टर लेकर पहुंची थीं। सभा में प्रधानमंत्री के स्वागत के दौरान भी यही नारे लगाए गए।

'आखिरी सांस तक देश की सेवा करता रहूंगा'

सभा में लोगों के नारों का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने भी कहा कि वह कहीं नहीं जाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प अपनी आखिरी सांस तक देश की सेवा करना है। हर्ष संघवी ने कहा कि खरगे की टिप्पणी के जवाब में दिया गया 'मोदी कहीं नहीं जाएगा' का नारा बनासकांठा के गांवों से लेकर कश्मीर और कन्याकुमारी तक देशभर में गूंज रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री तब तक काम करते रहेंगे, जब तक भारत दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल नहीं हो जाता, आत्मनिर्भर नहीं बन जाता और एक बड़े विनिर्माण केंद्र के रूप में अपनी पहचान नहीं बना लेता।

'बनासकांठा के लोग पहले ही आलू से सोना बना रहे'

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में गुजरात में हो रहे विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने बनासकांठा की डेयरी, पशु प्रजनन केंद्र और यहां के आलू की भी चर्चा की। इसी दौरान उन्होंने बिना नाम लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसा। पीएम मोदी ने कहा कि अब बनासकांठा के लोगों को आलू से सोना बनाने की बात कहकर कोई बहका नहीं सकता। उन्होंने कहा कि बनासकांठा का आलू दुनिया भर में मशहूर है और यहां के लोग पहले से ही आलू से सोना बना रहे हैं।

'भारत की तरक्की से परेशान है अफवाहबाज गैंग'

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में विपक्ष पर भी निशाना साधा। इस समय राहुल गांधी और विपक्ष के अन्य नेता चुनाव आयोग के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेर रहे हैं। विपक्ष की ओर से 'रिजीम चेंज' यानी सत्ता व्यवस्था बदलने जैसे नारे भी लगाए जा रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और दुनिया की तमाम चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर रहा है, लेकिन देश की तरक्की कुछ लोगों को रास नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि 'अफवाहबाज गैंग' भारत के बढ़ते कदमों से परेशान है। इसी वजह से देश को अस्थिर करने की साजिश की जा रही है। प्रधानमंत्री ने लोगों से ऐसी हरकतें करने वालों से सावधान रहने की अपील की।

325 करोड़ रुपये से बना पशु प्रजनन केंद्र शुरू

प्रधानमंत्री ने बनासकांठा के भीलड़ी में 325 करोड़ रुपये की लागत से तैयार भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC) का उद्घाटन भी किया। 127 एकड़ में फैला यह केंद्र बनास डेयरी ने तैयार किया है। इसे राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड यानी कि NDDB की तकनीकी देखरेख और राष्ट्रीय गोकुल मिशन की मदद से विकसित किया गया है। इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य हर साल 25 हजार उच्च गुणवत्ता वाले भ्रूण तैयार करना है। इससे देशी गायों और भैंसों की नस्लों में सुधार करने में मदद मिलेगी। साथ ही दूध उत्पादन बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

14 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात

प्रधानमंत्री मोदी गुजरात दौरे के दौरान करीब 14,000 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास करने पहुंचे हैं। इसके अलावा उन्होंने पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त भी जारी की। इस दौरे में डेयरी और पशुपालन क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाओं के साथ किसानों के लिए किए जा रहे कामों पर भी जोर दिया गया।

ये भी पढ़ें: संजय राउत ने अपनी नई किताब में किया विजय माल्या का बचाव, पीएम मोदी की भी जमकर तारीफ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।