कपिल शर्मा के कॉमेडी चैट शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के आने वाले एपिसोड में शाहिद कपूर, मीरा राजपूत और ईशान खट्टर नजर आने वाले हैं। दिवाली के इस खास अपकमिंग एपिसोड में फैमिली ड्रामा, रोमांस और मस्ती का भरपूर तड़का देखने को मिलेगा। बुधवार को नेटफ्लिक्स इंडिया ने इस एपिसोड का प्रोमो शेयर किया है, जिसमें दर्शकों को इस मजेदार बातचीत की एक झलक देखने को मिलेगी। खास बात यह है कि मीरा पहली बार किसी टीवी शो में नजर आ रही हैं। सोशल मीडिया पर कपिल शर्मा के शो का यह नया प्रोमो यूजर्स को बहुत पसंद आ रहा है।
शाहिद की 'उड़ता पंजाब' देख कैसा था मीरा का रिएक्शन
शाहिद कपूर और ईशान खट्टर ने एक शानदार एंट्री की और हिट गाना 'झिंगाट' पर एक साथ धांसू डांस किया। सोफे पर शाहिद के बगल में बैठते हुए मीरा ने बताया कि यह उनका पहला टीवी अपीयरेंस है। शाहिद ने बताया कि उनकी फिल्म 'उड़ता पंजाब' को देखकर मीरा का रिएक्शन बहुत मजेदार था। इस फिल्म में शाहिद ने एक ऐसे रॉकस्टार का रोल निभाया था, जो ड्रग्स की लत के कारण बहुत बुरी स्थिति में फंस जाता है। फिल्म शुरू होने से पहले मीरा एक्टर शाहिद के बगल में बैठी थीं, लेकिन फिल्म खत्म होने तक वह उनसे काफी दूर खिसक गई थीं। इस पर कपिल ने मजाक करते हुए कहा कि अगर उन्होंने 'कबीर सिंह' दिखाई होती तो मीरा शायद वहां से भाग ही जातीं।
मीरा राजपूत ने बताया शाहिद कपूर कैसे पिता है?
इसके बाद मीरा ने बताया कि शाहिद बच्चों (मीशा और जैन) को बहुत लाड़-प्यार करते हैं और उन्हें काफी बिगाड़ देते हैं, लेकिन ऐसा वे किसी बुरे इरादे से नहीं करते। जब कपिल ने मीरा से पूछा कि शाहिद की कौन सी आदत उन्हें सबसे ज्यादा परेशान करती है तो मीरा ने एकदम गंभीर चेहरा बनाकर पूछा- 'सिर्फ एक?' यह सुनकर शाहिद हैरान रह गए, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं कहा, जिससे वहां मौजूद दर्शक हंस पड़े। यह एपिसोड 31 अक्टूबर को रात 8 बजे नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा।
शाहिद और मीरा की शादी को हुए 11 साल
शो के दौरान कपल ने अपने रिश्ते के बारे में भी बात की। शाहिद कपूर और मीरा राजपूत की अरेंज मैरिज हुई थी। उनके परिवारों ने उन्हें एक धार्मिक समुदाय के माध्यम से मिलवाया था। मीरा को फैसला लेने में करीब छह महीने लगे, लेकिन शाहिद पहली ही मुलाकात में उनकी ओर खींचे चले गए। दिल्ली के एक फार्महाउस में दोनों के बीच कई घंटों तक बातचीत हुई। सूर्यास्त के समय टहलते हुए शाहिद की नजर मीरा की हल्की भूरी (हेजल) आंखों पर पड़ी, जिसने उनके दिल पर कब्जा कर लिया। उम्र में 13-14 साल का अंतर होने और शुरुआत में थोड़ी झिझक के बावजूद, शाहिद ने रिश्ता आगे बढ़ाने का फैसला किया। मीरा, जो शाहिद की स्टारडम से बिल्कुल भी खुश नहीं थीं। आखिरकार इस रिश्ते के लिए मान गईं। दोनों ने 7 जुलाई 2015 को दिल्ली में एक निजी समारोह में शादी कर ली।
शाहिद कपूर की 2026 की फिल्म
शाहिद को आखिरी बार विशाल भारद्वाज द्वारा निर्देशित फिल्म 'ओ रोमियो' में देखा गया था। इस फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में तृप्ति डिमरी, अविनाश तिवारी और नाना पाटेकर भी शामिल थे।
ये भी पढ़ें - 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में पत्नी और गर्लफ्रेंड लेकर पहुंचा फैन, सुनील शेट्टी हुए हैरान, संजय दत्त ने मांगे टिप्स