1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. 'पारो' बनकर KBC में छाईं माधुरी दीक्षित, तारीफ करने से खुद को नहीं रोक पाए अमिताभ बच्चन, बोले- 'क्या बात है'

'पारो' बनकर KBC में छाईं माधुरी दीक्षित, तारीफ करने से खुद को नहीं रोक पाए अमिताभ बच्चन, बोले- 'क्या बात है'

कौन बनेगा करोड़पति के नए प्रोमो में अमिताभ बच्चन एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित की प्रशंसा करते हुए दिखाई दिए। बॉलीवुड की 'धक धक गर्ल' शो में 'पारो' बन छा गईं।

Madhuri Dixit Amitabh Bachchan- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@SONYTVOFFICIAL माधुरी दीक्षित और अमिताभ बच्चन

'कौन बनेगा करोड़पति' में अमिताभ बच्चन के बर्थडे वीक के दौरान 'कोन होनार करोड़पति' की होस्ट माधुरी दीक्षित एक कंटेस्टेंट के तौर पर शामिल हुईं। वहां उन्होंने 'देवदास' फिल्म की अपनी 'पारो' वाली भूमिका को बखूबी निभाया, जिसे देखकर अमिताभ बहुत खुश हुए। शो के एक नए प्रोमो में अमिताभ एक्ट्रेस का यह अंदाज देख खुद को उनकी तारीफ करने से रोक नहीं पाए, क्योंकि माधुरी अपने सबसे मशहूर किरदार पारो में पूरी ढल गई हैं। उनकी हर अदा वहां मौजूद सभी दर्शकों को भी बहुत पसंद आई, जिससे एक्ट्रेस ने उनका दिल जीत लिया।

माधुरी दीक्षित ने जीता अमिताभ का दिल

प्रोमो में अमिताभ कंप्यूटर से माधुरी के लिए एक गाना बजाने के लिए कहते हैं। गुलाबी रंग की खूबसूरत साड़ी में एक्ट्रेस अपनी जगह पर बैठे-बैठे ही 'देवदास' फिल्म के गाने 'काहे छेड़ मोहे' पर परफॉर्म करती हैं। अमिताभ उनकी परफॉर्मेंस की तारीफ करते हुए और घूमते हुए काफी इंप्रेम नजर आते हैं, जब ऑडियंस चीयर करती है और माधुरी अपनी अदाएं दिखाती हैं तो होस्ट ताली बजाते हुए कहते हैं, 'क्या बात है! कमाल है, कमाल है, माधुरी जी।' प्रोमो शेयर करते हुए, मेकर्स ने कैप्शन में लिखा, 'माधुरी का अंदाज, सबके लिए खास। देखिए कौन बनेगा करोड़पति सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे, सिर्फ #SonyEntertainmentTelevision और Sony LIV पर। #KaunBanegaCrorepati #KBC #SochnaPadega।' एक कमेंट में लिखा था, 'इस एपिसोड के लिए बहुत ज्यादा एक्साइटेड हूं!' दूसरे ने लिखा, 'वह क्वीन हैं।'

अमिताभ बच्चन का बिजी शिड्यूल

अमिताभ हाल ही में नाग अश्विन की 'कल्कि 2898 AD' में नजर आए थे। अब वह जल्द ही प्रभास और कमल हासन के साथ इसके सीक्वल में दिखाई देंगे। हालांकि, एक्टर अभी KBC के सीजन 18 की शूटिंग में बिजी हैं, जो अभी टेलीकास्ट हो रहा है। हाल ही में एक एपिसोड में उन्होंने बताया कि वे फिसल गए थे और उनके घुटने में चोट लग गई थी। एक्टर अपनी सीट की ओर दौड़ते हुए शो में आए, लेकिन तुरंत बैठ गए। उन्होंने बताया, 'आमतौर पर मैं अपना मोनोलॉग बीच में खड़े होकर करता हूं, लेकिन आज मेरे घुटने में चोट है। कल शूटिंग के दौरान मैं फिसलकर गिर गया था और मेरे घुटने में चोट लग गई।'

अमिताभ बच्चन को नहीं मिलता सोने का समय

बिग बी ने हाल ही में एक ब्लॉग पोस्ट में यह भी लिखा कि वे इतने बिजी हैं कि सो भी नहीं पा रहे हैं, 'कहा जाता है कि रात की नींद इंसानी शरीर के लिए सबसे अच्छा रिपेयर मैकेनिज्म है और मुझे इसके लिए समय निकालने में मुश्किल होती है, लेकिन आज रात कोशिश कर रहा हूं। अब जल्दी सोकर काम के लिए जल्दी उठना है। यह एक अलग एहसास है, कई विचारों और आइडियाज का दौर सब कुछ जोश और उन लक्ष्यों को हासिल करने की भावना से भरा है, जिन्हें कभी अपना मकसद माना था। यह सब मंजिल तक समय पर पहुंचने के लिए जबरदस्त ताकत देता है और अब मुझे बिस्तर की ओर भागना चाहिए।'

ये भी पढ़ें - आयुष्मान खुराना ने अमिताभ बच्चन को दिया सरप्राइज, KBC 18 पर 'कभी कभी' गाकर दी जन्मदिन की शुभकामनाएं