1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. आयुष्मान खुराना ने अमिताभ बच्चन को दिया सरप्राइज, KBC 18 पर 'कभी कभी' गाकर दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

आयुष्मान खुराना ने अमिताभ बच्चन को दिया सरप्राइज, KBC 18 पर 'कभी कभी' गाकर दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

 Written By: Himanshi Tiwari
 Published : Oct 04, 2026 08:17 pm IST,  Updated : Oct 04, 2026 08:17 pm IST

आयुष्मान खुराना और सारा अली खान KBC 18 में गेस्ट के तौर पर नजर आने वाले हैं। मेकर्स के नए प्रोमो में आयुष्मान ने बिग बी को जन्मदिन की बधाई देते हुए, सरप्राइज दिया और उनके लिए 'कभी-कभी' गाना गाया।

Ayushmann Khurrana Amitabh Bachchan- India TV Hindi
आयुष्मान खुराना और अमिताभ बच्चन Image Source : INSTAGRAM/@SONYTVOFFICIAL

आयुष्मान खुराना अपनी आने वाली फिल्म 'उड़ता तीर' को प्रमोट करने के लिए अपनी को-स्टार सारा अली खान के साथ 'कौन बनेगा करोड़पति 18' में एक स्पेशल अपीयरेंस देने के लिए तैयार हैं। मेकर्स की तरफ से जारी एक नए प्रोमो में एक्टर को होस्ट अमिताभ बच्चन को जन्मदिन की  बधाई देकर सरप्राइज करते हुए देखा जा सकता है। आयुष्मान शो के बर्थडे स्पेशल एपिसोड में बॉलीवुड के 'शहंशाह' के लिए क्लासिक गाना 'कभी-कभी मेरे दिल में' भी गाते हैं और उनका यह सरप्राइज अमिताभ बच्चन को भी बहुत पसंद आया।

आयुष्मान खुराना ने अमिताभ बच्चन को दी जन्मदिन की बधाई

मेकर्स की तरफ से जारी KBC 18 के नए प्रोमो में एक स्पेशल पल की झलक मिलती है, जहां आयुष्मान खुराना एक रेडियो जॉकी बन जाते हैं और क्लासिक रेडियो-होस्ट स्टाइल में अमिताभ बच्चन का स्पेशल इंट्रोडक्शन देते हैं। वह 'कभी-कभी' गाना भी गाते हैं, जो बिग बी की फिल्मों में से एक से जुड़ा है। अपने सिग्नेचर रेडियो स्टाइल में बिग बी का इंट्रोडक्शन देते हुए आयुष्मान ने कहा, 'रेडियो अंदाज में आपका इंट्रोडक्शन दिया जाए... KBC रेडियो पर 'मान न मान, मैं हूं आपका आयुष्मान! यह अमिताभ बच्चन का जन्मदिन सप्ताह है तो AB 84.0 पर आगे देखिए, बने रहिए।' इसके बाद वह मशहूर गाना 'कभी-कभी मेरे दिल में' गाते हैं और ऑडियंस उनकी परफॉर्मेंस के लिए चीयर करती है। इंस्टाग्राम पर प्रोमो शेयर करते हुए सोनी लिव ने लिखा, 'AB के लिए आयुष्मान की म्यूजिकल बर्थडे विश! देखिए कौन बनेगा करोड़पति, सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे, सिर्फ #SonyEntertainmentTelevision और Sony LIV पर।'

'उड़ता तीर' की रिलीज डेट

आयुष्मान खुराना की आने वाली स्पाई कॉमेडी फिल्म 'उड़ता तीर' 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसका ट्रेलर आ चुका है। पहले यह फिल्म 9 अक्टूबर को रिलीज होने वाली थी, लेकिन मेकर्स ने इसे आगे बढ़ाने का फैसला किया और 2 अक्टूबर को इसकी घोषणा की। उसी दिन अजय देवगन की 'दृश्यम 3' रिलीज हुई थी। आकाश कौशिक के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राम कपूर, गुलशन ग्रोवर, बृजेंद्र काला और अन्य कलाकार भी हैं।

 अमिताभ बच्चन का बर्थडे वीक 

सोनी टीवी के मशहूर क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' का अठारहवां सीजन सोमवार से शनिवार, रात 9 बजे से प्रसारित होता है। दर्शक इस शो को सोनी लिव पर भी देख सकते हैं। अमिताभ बच्चन के बर्थडे वीक स्पेशल एपिसोड में सुपरस्टार की विरासत और शो के साथ उनके लंबे जुड़ाव का जश्न मनाया जाएगा। दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन 11 अक्टूबर 2026 को 84 साल के हो जाएंगे।

ये भी पढ़ें - अमिताभ बच्चन को म्यूजिक न सीख पाने का है मलाल, 84 की उम्र में सीखने की जताई इच्छा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।