1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. 'महाभारत' के छोटे कान्हा और बलराम याद हैं? 38 साल बाद पूरी तरह बदले क्यूट एक्टर, खुद पलटी जिंदगी की दिशा

'महाभारत' के छोटे कान्हा और बलराम याद हैं? 38 साल बाद पूरी तरह बदले क्यूट एक्टर, खुद पलटी जिंदगी की दिशा

'महाभारत' के ज्यादातर कलाकार टीवी और फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा नाम बन गए, लेकिन इस शो के छोटे कान्हा और बलराम याद हैं? ये दोनों अब कहां हैं, किस हाल में हैं और अब क्या करते हैं, ये सब आपको बताते हैं।

Mahabharat cute kirshna and balram- India TV Hindi
Image Source : AKKASH BHARADWAJ/FB कृष्ण और बलराम।

भारतीय टेलीविजन के इतिहास में कुछ शोज ऐसे रहे हैं, जिनकी लोकप्रियता की बराबरी आज के दौर के महंगे और हाई-टेक धारावाहिक भी नहीं कर सकते। 1980 का दशक एक ऐसा ही सुनहरा दौर था, जब बीआर चोपड़ा की 'महाभारत' के प्रसारण के समय सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता था और लोग बेहद श्रद्धा के साथ टीवी स्क्रीन के सामने जुट जाते थे। इस पौराणिक सीरियल ने न केवल दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, बल्कि इसके कलाकारों ने शानदार एक्टिंग से लोगों पर गहरी छाप छोड़ी। इसी शो में दो टौलेंटेड बाल कलाकार नजर आए थे, जिन्होंने छोटी उम्र में ही अपनी मनमोहक मुस्कान से लोगों का दिल जीत लिया था। इन दोनों चाइल्ड आर्टिस्ट ने कान्हा और बलराम का रोल प्ले किया था। अब ये दोनों कहां है और कितना बदल गए हैं, चलिए आपको बताते हैं।

अब कहां हैं छोटे कान्हा?

महाभारत में छोटे कृष्ण के रोल में कोई लड़का नहीं बल्कि लड़की नजर आई थी, ये कोई और नहीं बल्कि शंपा गोपी किशन हैं।  वो महाभारत में माखन चोर के रोल में छा गई थीं। उनके पिता ने ही कालिया मरदन का सीक्वेंस कोरियोग्राफ किया था। उन्होंने कुछ विज्ञापनों और टीवी प्रोजेक्ट्स में छोटी भूमिकाएं निभाई हैं, लेकिन उनका असली पैशन और करियर ग्राफ हमेशा डांस और कोरियोग्राफी के इर्द-गिर्द ही केंद्रित रहा है। शंपा गोपीकृष्ण भारतीय डांस इंडस्ट्री का एक जाना-माना नाम हैं, जो अपनी अनूठी कोरियोग्राफी शैली के लिए पहचानी जाती हैं। शंपा एक बेहद समृद्ध सांस्कृतिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वह प्रसिद्ध कत्थक उस्ताद और कोरियोग्राफर पद्म श्री स्वर्गीय गोपी कृष्ण की बेटी हैं, जिन्होंने हिंदी सिनेमा में शास्त्रीय नृत्य को एक नई ऊंचाई दी थी। झनक झनक पायल बाजे जैसी कोरियोग्राफी के लिए वो जाने जाते हैं। इस वजह से नृत्य शंपा को विरासत में मिला।

शंपा का करियर

शंपा ने टीवी के मशहूर डांस रियलिटी शोज से अपनी खास पहचान बनाई। उन्होंने 'झलक दिखला जा' के कई सीजन में हिस्सा लिया और सुशांत सिंह राजपूत तथा सिद्धार्थ शुक्ला जैसे कलाकारों को कोरियोग्राफ किया। अभिनेता गुरमीत चौधरी के साथ मिलकर उन्होंने 'झलक दिखला जा सीजन 5' की ट्रॉफी भी जीती। इसके अलावा उन्होंने 'डांस इंडिया डांस' में बतौर मास्टर भी काम किया। बॉलीवुड में उन्होंने संजय लीला भंसाली की फिल्म 'गोलियों की रासलीला राम-लीला' के सुपरहिट गाने 'अंग लगा दे' को कोरियोग्राफ कर काफी सुर्खियां बटोरीं।

अब कहां है महाभारत के बलराम?

'महाभारत' में नजर आए छोटे बलराम कोई और नहीं बल्कि आकाश भारद्वाज हैं। आकाश 38 सालों में काफी बदल गए हैं। उन्होंने एक्टिंग की दुनिया के अलावा सिंगिग की दुनिया में भी हाथ आजमाया है। वो लाइव परफॉर्मेंस भी करते हैं। इसके अलावा को वो कई शो में वॉइस ओवर्स भी कर चुके हैं। सोशल मीडिया पर आकाश काफी एक्टिव रहते हैं और अपनी लाइव परफॉर्मेंस की झलकियां साझा करते रहते हैं। अब वो एक्टिंग से ज्यादा म्यूजिक की दुनिया में सक्रिय हैं और उन्होंने खुद ये रास्ता चुना है।

ये भी पढ़ें: मर्डर, सस्पेंस और माइंड गेम, साइको किलर की खौफनाक कहानी, जिसने अपनी ही बहन को उतारा मौत के घाट, OTT पर मस्ट वॉच बनी