ओटीटी लवर्स के बीच अक्सर ही नई फिल्मों और सीरीज का जिक्र चलता ही रहता है। खासतौर पर क्राइम-थ्रिलर एक ऐसा जॉनर बन चुका है, जिसके दर्शकों की संख्या दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। सस्पेंस और माइंड गेम्स से भरी फिल्में और सीरीज दर्शकों को खूब पसंद आती हैं। और ऐसा हो भी क्यों ना, इनमें वो ताकत होती है जो अन्य जॉनर की फिल्मों में कम ही देखने को मिलती है। ये ताकत है दर्शकों को स्क्रीन से बांधे रखने की और वो भी पहले से आखिरी फ्रेम तक। ओटीटी पर ढेरों सस्पेंस-थ्रिलर फिल्में और सीरीज भरी हुई हैं। लेकिन, हम आपको यहां एक 127 मिनट की ऐसी फिल्म के बारे में बताते हैं, जिसकी कहानी एक सीरियल किलर के इर्द-गिर्द घूमती है और कहानी दिल को दहला देने वाली है। ये फिल्म है 'रमन राघव 2.O', जो 2016 में रिलीज हुई थी।
साइकोपैथ की डरावनी कहानी
अनुराग कश्यप द्वारा निर्देशित 'रमन राघव' एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म है, जिसकी कहानी भी अनुराग कश्यप ने ही लिखी थी। फिल्म की कहानी 1960 के मुंबई के कुख्यात सीरियल किलर 'रमन राघव' से प्रेरित है, जिसे जैक द रिपर ऑफ इंडिया के रूप में लेबल किया गया था। रमन राघव तब चर्चा में आया था, जब उसने लोहे की रॉड से फुटपाथ पर सो रहे 40 से अधिक लोगों की निर्मम हत्या कर दी थी। वह रात के समय फुटपाथ पर सोए लोगों के सिर पर लोहे की भारी रॉड से वार करता था, ज्यादातर गरीब, मजदूर और बेघर लोग उसका शिकार होते थे। वहीं 'रमन राघव 2.O' की कहानी आधुनिक मुंबई पर सेट की गई है।
रमन राघव की कास्ट
फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी और विक्की कौशल जैसे स्टार मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में जहां नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने 'रमन्ना' सीरियल किलर की भूमिका निभाई है तो वहीं विक्की कौशल ने 'राघव' नाम के भ्रष्ट पुलिसवाले का किरदार निभाया है। जब ये फिल्म रिलीज हुई थी, विक्की कौशल इतने बड़े स्टार नहीं थे। विक्की उन दिनों इंडस्ट्री में बिलकुल नए थे, लेकिन 'मसान' की ही तरह वह 'रमन राघव 2.O' में भी अपने अभिनय का लोहा मनवाने में सफल रहे। वहीं नवाजुद्दीन सिद्दीकी हमेशा की तरह इस किरदार के साथ न्याय करते दिखे। इन दोनों के अलावा शोभिता धुलिपाला, अमृता सुभाष और अशोक लोखंडे भी इसमें अहम किरदार में हैं।
आईएमडीबी रेटिंग
रमन राघव 2.O की आईएमडीबी रेटिंग की बात करें तो इस साइकोलॉजिकल थ्रिलर को 7.3 रेटिंग मिली है और अगर आप ये फिल्म देखने के इच्छुक हैं तो ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 और नेटफ्लिक्स पर ये देख सकते हैं। ये फिल्म सस्पेंस और माइंड गेम्स से भरी है, जो आपको आखिरी तक स्क्रीन से जोड़े रखती है। साइको किलर की भूमिका में नवाजुद्दीन सिद्दीकी बेहद खूंखार लगते हैं, जो अपनी बहन और उसके परिवार की भी हत्या करने से नहीं हिचकिचाता। वहीं नशे की लत में डूबे, भ्रष्ट पुलिसवाले की भूमिका में विक्की कौशल भी दमदार लगते हैं।
ये भी पढ़ेंः 'मुझ पर काला जादू किया', रोते हुए रवि मोहन ने एक्स वाइफ पर लगाए आरोप, मिला जवाब- 'सोते हुए शेर को नहीं जगाना चाहिए'