दर्जनों हिट फिल्मों और कई टीवी सीरियल्स में नजर आ चुके दिग्गज अभिनेता कंवरजीत पेंटल आपको याद हैं? बीआर चोपड़ा की 'महाभारत' जैसे सफल पौराणिक धारावाहिक में काम करने वाले कंवरजीत पेंटल को अब काम के लिए स्ट्रगल करना पड़ रहा है और इसकी वजह है सोशल मीडिया। पेंटल लंबे समय से फिल्मों और टीवी इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं। बीआर चोपड़ा की महाभारत में उन्होंने 'शिखंडी' की भूमिका निभाई थी। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह बता रहे हैं कि उन्हें उम्र के इस पड़ाव पर काम के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है और इसी के साथ उन्होंने काम न मिलने की वजह भी बताई है। कंवरजीत पेंटल इस वीडियो में इंडस्ट्री के बदलते ट्रेंड पर तंज कसते देखे जा सकते हैं, जहां वह कहते हैं कि उन्हें काम नहीं मिल रहा है क्योंकि इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स नहीं हैं।
कंवरजीत पेंटल का छलका दर्द
फिल्मों और टीवी इंडस्ट्री में लंबे समय से सक्रिय रहे कंवरजीत पेंटल का ये वीडियो मनमीत सिंह ने साझा किया है, जो 'रब ने बना दी जोड़ी' और 'जुग जुग जीयो' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। वीडियो में मनमीत, पेंटल से पूछते हैं- 'सर, आप एक्टर हैं?' जवाब में पेंटल कहते हैं- 'जी नहीं, मेरे इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स नहीं हैं, इसलिए मैं एक्टर नहीं हूं।' इस पर मनमीत कहते हैं- 'मतलब अब मुझे फॉलोअर्स बढ़ाने पड़ेंगे? तो सर, जिसके फॉलोअर्स होते हैं, एक्टर वही होता है?' इस पर पेंटल ने जवाब दिया- 'नहीं, बिलकुल भी नहीं।' फिर मनमीत कहते हैं- 'सॉरी सर, माफ करना मुझे। फॉलोअर्स बढ़ाओ, नहीं तो एक्टिंग करने की कोई जरूरत नहीं है।'
सेलेब्स ने जताई सहमति
कंवरजीत पेंटल और मनमीत सिंह के इस वीडियो पर आम लोगों के साथ ही कई सेलेब्स ने भी प्रतिक्रिया दी है और दोनों की बात पर सहमति जाहिर करते भी दिखे। उनके पोस्ट पर कमेंट करते हुए एक्ट्रेस वैष्णवी मैकडॉनल्ड ने लिखा- 'पेंटल सर, बिलकुल सही कहा आपने।' वैष्णवी के अलावा मंगेश देसाई, डेलनाज ईरानी और तनाज ईरानी ने भी कंवरजीत पेंटल और मनमीत सिंह के वीडियो पर कमेंट करते हुए इस बात पर सहमति जताई है कि अब के समय में एक्टिंग स्किल्स से ज्यादा ये देखा जाता है कि सोशल मीडिया पर एक्टर के फॉलोअर कितने हैं।
गूफी पेंटल के भाई हैं कंवरजीत पेंटल
बता दें, कंवरजीत पेंटल दिवंगत अभिनेता गूफी पेंटल के छोटे भाई हैं। गूफी पेंटल ने 'महाभारत' में शकुनि मामा की भूमिका निभाई थी और कंवरजीत ने शिखंडी का किरदार निभाया था। दरअसल, बीआर चोपड़ा की महाभारत के लिए गूफी पेंटल ने ही कास्टिंग की थी, जिसमें काम करने वाले कलाकारों को घर-घर में पहचान मिली थी। कंवरजीत पेंटल की बात करें तो उन्होंने पिया का घर, जंगल में मंगल, जवानी दीवानी, रफू चक्कर, बावर्ची और सत्ते पे सत्ता जैसी फिल्मों में काम किया है।
ये भी पढ़ेंः 'सरके चुनर' कॉन्ट्रोवर्सी, महिला आयोग के सामने पेश हुए संजय दत्त, लिखित में मांगी माफी, उठाएंगे 50 लड़कियों की पढ़ाई का खर्च
राधा रानी के भक्त बने पारस छाबड़ा, नाक से माथे तक लगाते हैं चंदन, बताया अनोखे तिलक का राज, सुनाई 'बिहारिन दास' की कथा