1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. 'बिग बॉस 20' में रो पड़े काजी तौकीर, बीमारी के दौरान यंग-स्काउट ने किया बुली, सलमान खान ने जमकर लगाई क्लास

'बिग बॉस 20' में रो पड़े काजी तौकीर, बीमारी के दौरान यंग-स्काउट ने किया बुली, सलमान खान ने जमकर लगाई क्लास

सलमान खान ने 'बिग बॉस 20' में काजी तौकीर के साथ स्काउट ओपी के बर्ताव पर नाराजगी जाहिर की और उनके एक बीमार व्यक्ति को खाना देने के तरीके पर भी सवाल खड़े किए। वीकेंड का वार के दौरान जब सलमान खान ने काजी तौकीर का साथ दिया, सिंगर की आंखें नम हो गईं।

bigg Boss 20- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@JIOHOTSTARREALITY काजी तौकीर, सलमान खान।

'बिग बॉस 20' के वीकेंड के वार में हर बार की तरह इस बार भी होस्ट सलमान खान ने घरवालों को पूरे हफ्ते का रिपोर्ट कार्ड थमा दिया। इस दौरान उन्होंने कई मुद्दे उठाए और घरवालों को सच का आईना दिखाया। इसी के साथ इस सीजन के पहले 2 वाइल्डकार्ड एंट्री का भी स्वागत किया। शो में एक्टर मनीष गोयल और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर नकुल धुल ने बतौर वाइल्ड कार्ड एंट्री की है। 'बिग बॉस' के इस वीकेंड का वार में सलमान खान ने स्काउट ओपी और यंग को भी काजी तौकीर के साथ किए बर्ताव को लेकर फटकार लगाई और सिंगर इतने भावुक हो गए कि रोने लगे।

सलमान खान ने स्काउट की लगाई क्लास

वीकेंड का वार के दौरान सलमान खान ने स्काउट ओपी से पूछा कि जब लव गिल काजी के लिए खाना लेकर जा रही थीं, तो उन्होंने उन्हें क्यों रोक दिया और खुद उनके लिए खाना लेकर क्यों गए? सलमान खान पूछते हैं- 'स्काउट, जब आपको काजी से परेशानी थी तो आप खाना लेकर क्यों गए? आपने लव को खाना लेकर क्यों नहीं जाने दिया और उन्हें खाना क्यों नहीं देने दिया?' उन्होंने ये भी पूछा कि स्काउट कैमरे के सामने क्या दिखाना चाहते थे। उन्होंने पूछा- 'क्या आप ये दिखाना चाहते थे कि देखो मैं एक बीमार आदमी को खाना खिला रहा हूं? क्या सोच रहे थे कि ये टीवी पर अच्छा दिखेगा?'

वीकेंड का वार में फूट-फूटकर रोए काजी तौकीर

इसके जवाब में स्काउट कहते हैं- 'सर, मेरा ऐसा कोई इरादा नहीं था।' लेकिन, उनकी बात से असहमत होते हुए सलमान खान उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाते हैं। उन्होंने कहा कि आपने जिस तरह बीमार काजी को खाना दिया, वो तरीका बहुत गलत और बेरहम था। उन्होंने कहा- 'जैसे आपने काजी को खाना दिया, जेल में बी ऐसे खाना नहीं देते। जेल में भी प्यार से मग से खाना देते हैं। रोटी थाली में देते हैं। जेल में भी प्यार से खाना दिया जाता है। लेकिन, आपका तरीका बहुत ही घटिया और बेरहम था।' ये सुनकर काजी तौकीर भावुक हो गए और उन्हें रोता देखकर माही विज भी इमोशनल हो गईं। बता दें, इससे पहले बिग बॉस की पूर्व विनर गौहर खान ने भी स्काउट के काजी को खाना देने के तरीके पर सवाल उठाया था।

बिग बॉस 20 में दो वाइल्डकार्ड एंट्री

वीकेंड का वार में ही सलमान खान ने दो वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट्स का भी स्वागत किया। पहले तो उन्होंने टीवी एक्टर मनीष गोयल को घरवालों से मिलवाया और उसके बाद नकुल धुल ने घर में एंट्री ली, जिन्हें सोशल मीडिया पर मिट्ठू डॉन के नाम से जाना जाता है। नकुल महिलाओं के बारे में दिए अपने बयानों को लेकर विवादों में रहे हैं और काफी ट्रोल भी हो चुके हैं। 'बिग बॉस' में वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट की एंट्री से शो का माहौल और भी मसालेदार और रोमांचक होने वाला है।

ये भी पढ़ेंः 17 की उम्र में करियर की शुरुआत, 6 महीने तक घर नहीं गईं एकता कपूर, जी-तोड़ मेहनत ने बना दिया 'TRP क्वीन'