सुमोना चक्रवर्ती पिछले कुछ महीनों से लाइमलाइट से पूरी तरह दूर थीं। न सिर्फ सोशल मीडिया बल्कि पब्लिक इवेंट्स में भी उन्हें स्पॉट नहीं किया गया। ऐसे में अब एक पोस्ट साझा करते हुए सुमोना चक्रवर्ती ने इसकी वजह बताई है। सुमोना ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने सोशल मीडिया से अपनी दूरी की वजह के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बनाताय कि वह लंबे समय से एंडोमेट्रियोसिस से पीड़ित थीं और आखिरकार हाल ही में उन्होंने इसकी सर्जरी का फैसला लिया। सुमोना ने सबसे पहले 2021 में अपने स्टेज IV एंडोमेट्रियोसिस के बारे में बात खुलासा किया था। अब उन्होंने बताया कि वह सालों से इस स्थिति को संभालने की कोशिश कर रही थीं, मगर इसके बाद भी यह बढ़ते जा रहा था, जिसके बाद उन्होंने इससे छुटकारा पाने के लिए सर्जरी का सहारा लेने का फैसला किया।
सुमोना चक्रवर्ती का पोस्ट
सुमोना चक्रवर्ती ने इंस्टाग्राम पर लंबा-चौड़ा पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने अपनी मानसिक और शारीरिक सेहत और अन्य मुद्दों पर खुलकर बात की। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- 'लंबे समय बाद फिर से सामने आकर खुशी हो रही है। मैं पिछले दो महीने से दुनियादारी से दूर थी। मैं जानबूझकर सोशल मीडिया से दूर थी। 4 मई को मेरी एंडोमेट्रियोसिस की सर्जरी हुई। मैं कई सालों से इससे छुटकारा पाने की कोशिश में थी, लेकिन दुर्भाग्य से यह बीमारी बहुत ज्यादा बढ़ गई थी। फिर मुझे लगा इसे गुडबाय कहने का समय आखिरकार आ गया है। मैंने मेंटली और फिजिकली हील करने में दो समय बिताए। और आज मैं असल में कह सकती हूं कि मैं ठीक हूं।'
डॉक्टर्स की तारीफ की
सुमोना ने आगे अपने पोस्ट में अपने डॉक्टर्स की भी तारीफ की। उन्होंने लिखा- 'मेरे डॉक्टर्स मेरे लिए किसी एंजेल से कम नहीं हैं। मैं उनकी हमेशा आभारी रहूंगी। मैं ये पोस्ट किसी प्रमोशन या सहानुभूति के लिए नहीं लिख रही, बल्कि इसलिए शेयर कर रही हूं क्योंकि इसने जिंदगी को लेकर मेरा नजरिया बहुत बदल दिया है। इंस्टाग्राम और व्हॉट्सएप हमेशा के लिए डिलीट कर देने के विचार से ये समझने तक कि ये प्रैक्टिकल मूव नहीं है। आखिरकार मैं अभी रिटायर नहीं हो रही हूं। मेरे पास काम है, फैमिली है, दोस्त हैं और जिंदगी है। मैं नंबर गेम, लाइक्स, फॉलोअर्स या कमेंट के पीछे भागने की जगह एक अच्छी सोच वाले लोगों, खासकर महिलाओं का एक समुदाय बनाना चाहूंगी।'
जिंदगी को लेकर बदला नजरिया
'मैं एक ऐसी जगह बनाना चाहती हूं जहां शारीरिक और मानसिक सेहत, पेरिमेनोपॉज, एंडोमेट्रियोसिस, यात्रा, किताबें, पौधे, खाना, पालतू जानवर, सिंगल रहने का फैसला, या DINK (डबल इनकम, नो किड्स) कपल होने के बारे में बात की जा सके। ये सब फिलहाल मेरे दिमाग की सोच है, जिसे मैं शेयर कर रही हूं। मुझे अभी भी नहीं पता कि इसे कैसे करना है। मैंने पिछले कुछ सालों में एक बात नोटिस की है कि मेरी पोस्ट पर आने वाले आम कमेंट्स के अलावा जो अश्लील कमेंट्स होते हैं, जो मेरे शरीर के किसी हिस्से का मजाक उड़ाते हैं ज़्यादातर पुरुषों की तरफ़ से ही आते हैं। मगर अच्छे लोग ये सब नहीं करते। वे पढ़ते हैं, लाइक करते हैं। कभी-कभी वे मुझे प्राइवेट मैसेज करते हैं और फिर आगे बढ़ जाते हैं।'
सुमोना का वर्कफ्रंट
वर्कफ्रंट की बात करें तो सुमोना चक्रवर्ती आखिरी बार रोहित शेट्टी के स्टंट बेस्ड रियेलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 14' में नजर आई थीं। वहीं कपिल शर्मा के शो 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल शर्मा' ने भी उन्हें खास पहचान दिलाई है। इसके अलावा सुमोना कई अन्य टीवी शोज और फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं।
ये भी पढ़ेंः 'स्क्रिप्टेड है कपिल शर्मा शो' कॉमेडी किंग की रील लाइफ वाइफ का खुलासा, बातों-बातों में खोल के रख दी सारी पोल
धुनुची डांस कर रही थीं सुमोना चक्रवर्ती, तभी हुआ कुछ ऐसा, घबरा गईं एक्ट्रेस, अब लोग कर रहे ऐसे-ऐसे कमेंट