1. Hindi News
  2. Explainers
  3. यूरोप के लिए सिरदर्द बने ये 7 रूट्स, हर साल यहां से आते हैं लाखों घुसपैठिए; समझिए बॉर्डर पर तमाम बंदिशों के बावजूद कैसे होता है मुमकिन

यूरोप के लिए सिरदर्द बने ये 7 रूट्स, हर साल यहां से आते हैं लाखों घुसपैठिए; समझिए बॉर्डर पर तमाम बंदिशों के बावजूद कैसे होता है मुमकिन

मोरक्को से स्पेन के Ceuta तक पहुंचे हजारों अवैध प्रवासियों ने दुनिया को दिखा दिया है कि कड़ी सुरक्षा के बाद भी एशिया-अफ्रीका से लाखों लोग हर साल कैसे समुद्री और जमीनी रास्तों के जरिए यूरोप में एंट्री लेते हैं। आइए यूरोप में घुसपैठ के 7 प्रमुख रूट्स के बारे में जानते हैं।

यूरोप में घुसपैठ का मुद्दा इन दिनों फिर से खूब चर्चा में क्योंकि स्पेन के स्वायत्त क्षेत्र Ceuta में 60 हजार से ज्यादा घुसपैठिए समंदर पार करके मोरक्को से पहुंच गए हैं। भारी सुरक्षा के बावजूद ये सभी Ceuta के समुदी तट पर आए और शहर में घुसपैठ कर दी। इसकी वजह से हालात इतने बिगड़ गए कि स्पेन को अपनी सेना तक समंदर पार Ceuta में भेजनी पड़ी। लेकिन घुसपैठियों की समस्या कोई नई नहीं है। हर साल लाखों घुसपैठिए अफ्रीका और एशिया महाद्वीप से 7 अलग-अलग प्रमुख रूट्स से यूरोप में पहुंचते हैं। इस आर्टिकल में यूरोप में घुसपैठ वाले 7 रूट्स के बारे में जानते हैं। और ये भी समझते हैं हजारों किलोमीटर की दूरी और पूरे भूमध्य सागर यानी Mediterranean Sea को पार करके कैसे अवैध प्रवासी यूरोप में घुस जाते हैं।

यूरोप में घुसपैठ के 7 प्रमुख रूट

यूरोपियन बॉर्डर एंड कोस्ट गार्ड एजेंसी Frontex के अनुसार, यूरोप में घुसपैठ के 7 प्रमुख रास्ते हैं। इसमें समुद्री और जमीन रूट दोनों शामिल हैं। अवैध प्रवासी जमीनी रास्ते से जंगलों, पहाड़ों और बॉर्डर पर लगे कंटीले तारों को पार करके घुसपैठ करते हैं। हैरान करने वाली बात है कि भारत के करीब 78 फीसदी जितने बड़े क्षेत्रफल वाले Mediterranean Sea को तो वे जर्जर नावों और रबर से बनी छोटी बोट के सहारे ही पार कर लेते हैं। ऐसा करने में मौत का जोखिम भी बहुत ज्यादा होता है लेकिन इसके बावजूद लाखों घुसपैठिए यूरोप में एशिया और अफ्रीका से पहुंच जाते हैं। यूरोप में घुसने के 7 प्रमुख रूट सेंट्रल मेडिटेरेनियन रूट, ईस्टर्न मेडिटेरेनियन रूट, वेस्टर्न अफ्रीकन (अटलांटिक) रूट, वेस्टर्न बाल्कन रूट, वेस्टर्न मेडिटेरेनियन रूट, ईस्टर्न बॉर्डर्स रूट और इंग्लिश चैनल रूट हैं, इन्हें घुसपैठिए कैसे पार करते हैं, आइए जानते हैं।

सेंट्रल मेडिटेरेनियन रूट

सेंट्रल मेडिटेरेनियन रूट से अफ्रीकी महाद्वीप के देश लीबिया और ट्यूनीशिया से घुसपैठिए उत्तर में सीधे इटली तक पहुंचते हैं। कुछ लोग Mediterranean Sea में मौजूद माल्टा आईलैंड का भी इस्तेमाल करते हैं। यह पूरी तरह से समुद्री रास्ता और इसे नावों के जरिए अवैध प्रवासी पार करते हैं।

कैटेगरी डिटेल
रूट का नाम सेंट्रल मेडिटेरेनियन रूट
रूट का प्रकार समुद्री मार्ग
अधिकतर किस देश के घुसपैठिए बांग्लादेश, मिस्र, इरिट्रिया
प्रमुख ट्रांजिट देश मुख्य रूप से लीबिया, ट्यूनीशिया
यूरोप में कहां जाते हैं इटली खास तौर से लैम्पेडूसा द्वीप और माल्टा के जरिए।
मार्ग का विवरण नॉर्थ अफ्रीका के तट से समुद्र के रास्ते सेंट्रल मेडिटेरेनियन सी पार कर साउथ इटली या माल्टा पहुंचने का प्रयास करते हैं।
बॉर्डर पार करने का जरिया जर्जर नावें, रबर बोट और लकड़ी से मछली पकड़ने वाली नावें।
तस्करों का रोल यह रूट संगठित मानव तस्कर गिरोहों पर बहुत ज्यादा निर्भर करता है। ये गिरोह अवैध समुद्री यात्रा का इंतजाम करते हैं।
खतरे समंदर में डूबने का जोखिम, खराब मौसम, भूख-प्यास और डिहाइड्रेशन, हिंसा, लीबिया में ह्यूमन ट्रैफिकिंग और सशस्त्र समूहों के शोषण का खतरा। अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन के अनुसार, इस रूट पर हर साल बड़ी संख्या में लोग मृत या लापता घोषित किए जाते हैं।

(डेटा सोर्स- Frontex)

ईस्टर्न मेडिटेरेनियन रूट

ईस्टर्न मेडिटेरेनियन रूट के जरिए अवैध प्रवासी तुर्किये, पूर्वी लीबिया और मिस्र से होते हुए साइप्रस, बुल्गारिया और ग्रीस जाते हैं। इसमें वह एजियन आईलैंड या साइप्रस तक की समुद्री यात्रा करते हैं। कुछ लोग ग्रीस के क्रीट द्वीप तक भी जाते हैं। वहीं कुछ अवैध प्रवासी जमीन के रास्ते भी तुर्किये से होते हुए बुल्गारिया का बॉर्डर क्रॉस करते हैं।

कैटेगरी डिटेल
रूट का नाम ईस्टर्न मेडिटेरेनियन रूट
रूट का प्रकार समुद्री और जमीनी दोनों
अधिकतर किस देश के घुसपैठिए अफगानिस्तान, सूडान, मिस्र और सीरिया
प्रमुख ट्रांजिट देश तुर्किये, पूर्वी लीबिया, मिस्र
यूरोप में कहां जाते हैं ग्रीस (एजियन द्वीप और जमीनी सीमा के जरिए), साइप्रस, बुल्गारिया।
मार्ग का विवरण इस रास्ते में तुर्किये से ग्रीस के एजियन आईलैंड या साइप्रस तक की समुद्री यात्रा, तुर्किये-ग्रीस और तुर्किये-बुल्गारिया बॉर्डर पर जमीन से या फिर पूर्वी लीबिया से ग्रीस के क्रीट द्वीप तक।
बॉर्डर पार करने का जरिया रबर और प्लास्टिक से बनी छोटी नावें, लंबी दूरी जैसे लीबिया से क्रीट तक के लिए मछली पकड़ने या पाल वाली बड़ी नावें, जमीनी सीमा पर पैदल चलकर या तुर्किये-ग्रीस सीमा पर Evros नदी पार करके।
तस्करों का रोल इस रूट पर भी ह्यूमन ट्रैफिकिंग नेटवर्क का बड़ा प्रभाव है। वे यात्रा का इंतजाम करते हैं। घुसपैठियों को नावें उपलब्ध कराते हैं। जमीनी सीमाएं पार करने में भी गाइड करते हैं।
खतरे समदंर में डूबने का रिस्क, खराब मौसम, अत्यधिक तापमान और हिंसा।

(डेटा सोर्स- Frontex)

वेस्टर्न अफ्रीकन (अटलांटिक) रूट

वेस्टर्न अफ्रीकन (अटलांटिक) रूट में अवैध प्रवासी पहले मॉरिटानिया, सेनेगल और मोरक्को से अटलांटिक महासागर में मौजूद कैनरी आईलैंड्स पर जाते हैं और वहां से नावों के जरिए स्पेन का रुख करते हैं।

कैटेगरी डिटेल
रूट का नाम वेस्टर्न अफ्रीकन (अटलांटिक) रूट
रूट का प्रकार समुद्री मार्ग
अधिकतर किस देश के घुसपैठिए माली, सेनेगल, गिनी
प्रमुख ट्रांजिट देश मॉरिटानिया, मोरक्को, सेनेगल, गाम्बिया
यूरोप में कहां जाते हैं स्पेन, कैनरी आईलैंड्स होते हुए।
मार्ग का विवरण इस रूट पर घुसपैठिए पश्चिमी अफ्रीका के तट, खासतौर से मॉरिटानिया, सेनेगल और मोरक्को से अटलांटिक महासागर में कैनरी आईलैंड्स तक पहुंचने का प्रयास करते हैं।
बॉर्डर पार करने का जरिया कायुकोस या पतेरास कहलाने वाली लंबी लकड़ी की मछली पकड़ने वाली नावें। इनमें अक्सर क्षमता से कहीं ज्यादा लोगों को बैठाया जाता है।
तस्करों का रोल इस रूट पर मानव तस्करी का संगठित नेटवर्क खासकर मॉरिटानिया और सेनेगल से एक्टिव हैं, जो लोगों को नावों में भरकर अवैध समुद्री यात्रा में मदद करते हैं।
खतरे अटलांटिक महासागर की तेज धाराएं, बहुत लंबी समुद्री दूरी और अनिश्चित मौसम की वजह से डूबने का खतरा, भूख और डिहाइड्रेशन। अगर नावें कैनरी द्वीपों तक नहीं पहुंचीं, तो वे रास्ते में ही डूब जाती हैं।

(डेटा सोर्स- Frontex)

वेस्टर्न बाल्कन रूट

वेस्टर्न बाल्कन रूट पर घुसपैठिए मुख्य रूप से नॉर्थ मैसिडोनिया, सर्बिया, बोस्निया, हर्जेगोविना, अल्बानिया और मोंटेनेग्रो से होकर गुजरते हैं। इस दौरान, रास्ते में आने वाली नदियों को भी क्रॉस करते हैं। यह पूरी तरह से जमीनी रास्ता है।

कैटेगरी डिटेल
रूट का नाम वेस्टर्न बाल्कन रूट
रूट का प्रकार जमीनी
अधिकतर किस देश के घुसपैठिए तुर्किये, अफगानिस्तान, सीरिया
प्रमुख ट्रांजिट देश नॉर्थ मैसिडोनिया, सर्बिया, बोस्निया और हर्जेगोविना, अल्बानिया, मोंटेनेग्रो
यूरोप में कहां जाते हैं हंगरी, क्रोएशिया, रोमानिया, स्लोवेनिया और वहां से आगे पश्चिमी यूरोप में जर्मनी और ऑस्ट्रिया।
मार्ग का विवरण अधिकतर घुसपैठिए पहले ग्रीस या बुल्गारिया पहुंचते हैं। फिर वहां से Schengen Zone में एंटर करने के लिए इस रूट का प्रयोग करते हैं।
बॉर्डर पार करने का जरिया जंगलों-पहाड़ी इलाकों से पैदल चलकर बॉर्डर पार करना। ट्रकों या मालगाड़ियों में छिपकर ट्रैवल करना और तस्करों की तरफ से उपलब्ध कराई गई गाड़ियों का इस्तेमाल।
तस्करों का रोल इस रूट पर मानव तस्करी गिरोह एक्टिव रहते हैं, जो सरहद पार कराने और ट्रांजिट देशों के भीतर ट्रांसपोर्ट का इंतजाम करते हैं।
खतरे कड़ाके की ठंड, खराब मौसम, मानव तस्करों की हिंसा, बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, बिना हवा वाले ट्रकों या अन्य गाड़ियों में छिपने के दौरान दम घुटने का रिस्क।

(डेटा सोर्स- Frontex)

वेस्टर्न मेडिटेरेनियन रूट

वेस्टर्न मेडिटेरेनियन रूट वही है जिसके जरिए अभी मोरक्को से हजारों लोग Ceuta पहुंचे हैं। इसके जरिए घुसपैठिए मोरक्को और अल्जीरिया से नावों में सवार होकर स्पेन या उसके स्वायत्त क्षेत्र Ceuta या Melilla तक पहुंचते हैं। 

कैटेगरी डिटेल
रूट का नाम वेस्टर्न मेडिटेरेनियन रूट
रूट का प्रकार समुद्री और जमीनी दोनों
अधिकतर किस देश के घुसपैठिए अल्जीरिया, सोमालिया, मोरक्को
प्रमुख ट्रांजिट देश मोरक्को, अल्जीरिया
यूरोप में कहां जाते हैं स्पेन और स्पेन के स्वायत्त क्षेत्र Ceuta और Melilla
मार्ग का विवरण मुख्य रूप से मोरक्को और अल्जीरिया से साउथ स्पेन तक समुद्री यात्रा या फिर स्यूटा और मेलिला में प्रवेश।
बॉर्डर पार करने का जरिया समुद्री यात्रा के लिए छोटी नावों और रबर वाली बोट का इस्तेमाल, स्यूटा और मेलिला में एंट्री के लिए सीमा पर लगे बाड़ पर चढ़ना व तैरकर सीमा पार करने की कोशिश करना।
तस्करों का रोल मानव तस्कर गिरोह यहां भी सक्रिय रहते हैं। नावों की व्यवस्था करते हैं। कई मामलों में सरहद पर लगे बाड़ को सामूहिक तौर पर पार कराने की कोशिश भी करते हैं।
खतरे समंदर में डूबने का खतरा, हिंसा और रेजर वायर से चोट का जोखिम।

(डेटा सोर्स- Frontex)

ईस्टर्न बॉर्डर्स रूट

ईस्टर्न बॉर्डर्स रूट बेलारूस और रूस से यूरोपियन यूनियन के सदस्य देशों में एंट्री दिलाता है। यह पूरी तरह से जमीनी रास्ता है। लोग घने जंगलों, रास्ते में पड़ने वाली नदियों और सरहद की बाड़ेबंदी क्रॉस करके यूरोपीय संघ के देशों में पहुंचते हैं।

कैटेगरी डिटेल
रूट का नाम ईस्टर्न बॉर्डर्स रूट
रूट का प्रकार जमीनी रास्ता
अधिकतर किस देश के घुसपैठिए मध्य पूर्व, अफ्रीका और एशिया के कई देश
प्रमुख ट्रांजिट देश बेलारूस, रूस
यूरोप में कहां जाते हैं पोलैंड, लिथुआनिया, लातविया और वहां से आगे अन्य यूरोपियन यूनियन के देश।
मार्ग का विवरण पहले हवाई मार्ग से बेलारूस या रूस पहुंचना और वहां से जमीन के रास्ते से पड़ोसी EU देशों में एंटर करने की कोशिश करते हैं।
बॉर्डर पार करने का जरिया घने जंगलों से पैदल गुजरना, रास्ते में पड़ने वाली नदियां पार करना और बाड़ेबंदी को फांदकर या काटकर आगे बढ़ना।
तस्करों का रोल ह्यूमन ट्रैफिकिंग नेटवर्क घुसपैठियों को यूरोपियन यूनियन के देशों में घुसने में मदद करते हैं।
खतरे घने जंगलों में बहुत ज्यादा ठंड और खराब मौसम, हिंसा का जोखिम।

(डेटा सोर्स- Frontex)

इंग्लिश चैनल रूट

इंग्लिश चैनल रूट के जरिए अवैध प्रवासी बेल्जियन और उत्तर फ्रांस से Dover Strait और इंग्लिश चैनल को पार करके साउथ यूनाइटेड किंगडम में पहुंचते हैं। इस दौरान, वह दुनिया के सबसे बिजी रास्तो में से एक इंग्लिश चैनल को क्रॉस करते हैं।

कैटेगरी डिटेल
रूट का नाम इंग्लिश चैनल रूट
रूट का प्रकार समुद्री रूट
अधिकतर किस देश के घुसपैठिए इरिट्रिया, अफगानिस्तान, ईरान, सूडान, सोमालिया
प्रमुख ट्रांजिट देश फ्रांस, बेल्जियम
यूरोप में कहां जाते हैं यूनाइटेड किंगडम
मार्ग का विवरण इस मार्ग में प्रवासी उत्तरी फ्रांस से Dover Strait और इंग्लिश चैनल को पार कर यूके के दक्षिणी तट तक पहुंचने का प्रयास किया जाता है।
बॉर्डर पार करने का जरिया छोटी नावों या रबर वाली बोट का इस्तेमाल।
तस्करों का रोल इस रूट पर मानव तस्कर गिरोहों की चलती है। ये गिरोह नावों का इंताजम कर देते हैं।
खतरे दुनिया के सबसे बिजी समुद्री मार्गों में से एक इंग्लिश चैनल में डूबने का खतरा।

(डेटा सोर्स- Frontex)

हर साल कितने घुसपैठिए आते हैं?

UN Refugee Agency के अनुसार, 2026 में 49 हजार 786 घुसपैठिए आ चुके हैं। वहीं, 60 हजार से ज्यादा अवैध प्रवासी तो अभी मोरक्को से स्पेन के Ceuta में घुस गए हैं। वहीं पिछले 10 साल का आंकड़ा देखें तो हर लाख 1 लाख से ज्यादा अवैध प्रवासी यूरोप में पहुंचे हैं।

साल यूरोप पहुंचे घुसपैठियों की संख्या मौत या लापता
2025 1 लाख 54 हजार 500 2 हजार 950
2024 1 लाख 99 हजार 400 3 हजार 580
2023 2 लाख 75 हजार 200 4 हजार 110
2022 1 लाख 73 हजार 400 3 हजार 17
2021 1 लाख 32 हजार 800 3 हजार 231
2020 96 हजार 800 1 हजार 881
2019 1 लाख 23 हजार 700 1 हजार 510
2018 1 लाख 41 हजार 400 2 हजार 277
2017 1 लाख 85 हजार 100 3 हजार 139
2016 3 लाख 72 हजार 800 5 हजार 96
2015 10 लाख 31 हजार 700 3 हजार 771

(डेटा सोर्स- Frontex)

ये भी पढ़ें- मिडिल-ईस्ट में जंग जारी रहने से ‘संकट’ दुनियाभर के लिए! लेकिन तेल एक्सपोर्ट करने वाली कंपनियां धड़ाधड़ कमा रहीं मुनाफा, समझिए पूरा गणित