1. Hindi News
  2. Explainers
  3. मच्छर या कीड़े के काटने पर खुजली करना क्यों पड़ सकता है भारी? जानिए ऐसा करने से क्या खतरा होता है?

मच्छर या कीड़े के काटने पर खुजली करना क्यों पड़ सकता है भारी? जानिए ऐसा करने से क्या खतरा होता है?

बचपन से हम सुनते आए हैं कि मच्छर के काटने पर या किसी कीड़े के काटने पर खुजली नहीं करनी चाहिए। कहा जाता है कि इससे परेशानी और बढ़ जाती है। लेकिन ऐसा क्यों होता है? आइये जानते हैं इसके पीछे की वजह।

मच्छर के काटने के बाद क्यों होती है खुजली- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मच्छर के काटने के बाद क्यों होती है खुजली

मच्छर या किसी कीड़े के काटने के बाद बहुत तेज खुजली होती है। खुजली करने पर उस वक्त तो राहत मिल जाती है लेकिन इससे खुजली और परेशानी दोनों बढ़ जाती है। कई बार बहुत तेज या ज्यादा देर तक खुजलाने से खुजली और सूजन दोनों बढ़ जाती हैं। यानि जितनी ज्यादा खुजली करेंगे परेशीन उतनी ही बढ़ेगी। हाल ही में वैज्ञानिकों ने इसके पीछे का कारण खोजा है। अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ पिट्सबर्ग की एक नई रिसर्च में कहा गया है कि खुजलाने से शरीर में ऐसी प्रक्रिया शुरू हो जाती है, जिससे त्वचा में सूजन और लालिमा आने लगती है।

त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉक्टर डेनियल कैपलन और उनकी टीम ने इस रिसर्च को पहले चूहों पर किया गया। चूहों की त्वचा पर ऐसा पदार्थ लगाया जिससे खुजली और रैश हो जाएं। कुछ चूहे सामान्य थे और उन्होंने खुजली की। वहीं कुछ चूहों को खास कॉलर जिसे 'कोन ऑफ शेम' पहनाया गया जिससे वो खुजला न पाएं। रिसर्च में पाया गया कि जो चूहे खुजली नहीं कर पाए उनमें सूजन और जलन काफी कम थी। इससे साबित हुआ कि खुजलाने से त्वचा की समस्या वास्तव में बढ़ जाती है।

मच्छर काटने पर खुजली करने से क्या होता है?

डॉक्टर कैपलन के अनुसार, अगर मच्छर के काटने के बाद आप उसे बिल्कुल न खुजलाएं तो ज्यादातर लोगों में 5 से 10 मिनट के अंदर ही खुजली कम होने लगती है। लेकिन बार-बार खुजलाने पर एक छोटा सा दाना कई दिनों तक खुजली, लालिमा और सूजन का कारण बन सकता है। खुजली करने से मच्छर काटने का निशान एक हफ्ते तक बना रह सकता है। 

खुजली करने पर शरीर में क्या होता है?

Image Source : India Tvत्वचा में खुजली क्यों होती है?

हमारी त्वचा में मास्ट सेल नाम की प्रतिरक्षा कोशिकाएं होती हैं, जो शरीर की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाती हैं। जब शरीर को कोई एलर्जी, कीड़े का काटना या कोई नुकसान होता है तो ये कोशिकाएं  हिस्टामिन जैसे रसायन छोड़ती हैं। यही रसायन खुजली और एलर्जी का कारण बनते हैं। जब हम उस जगह पर खुजली करते हैं तो त्वचा में हल्का दर्द भी होता है। इस दौरान नसों से  सब्सटेंस पी नाम का एक केमिकल मैसेंजर निकलता है। ये मास्ट सेल्स को और ज्यादा एक्टिव बनाता है, जिससे-

  • सूजन बढ़ती है
  • खुजली और तेज होती है
  • लालिमा बढ़ सकती है।
  • त्वचा को ज्यादा नुकसान हो सकता है।

यही वजह है कि एक बार खुजली शुरू करने पर खुजली और बढ़ने लगती है। 

खुजलाने से अच्छा क्यों लगता है?

Image Source : India Tvखुजली क्यों होती है?

अगर खुजलाना नुकसानदायक है, तो इससे राहत क्यों मिलती है। ये सवाल सभी के मन में आता है। क्योंकि खुजली होने पर न करना बेचेन कर सकते है। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह हमारे विकास से जुड़ा हो सकता है। ऐसा हो सकता है कि पहली बार खुजली करने पर शरीर पर चिपके कीड़े, पिस्सू या पैरासाइट्स हट जाते हों। रिसर्च में ये भी कहा गया है कि खुजली करने से कुछ बैक्टीरिया कम हो सकते हैं। लेकिन यह फायदा इतना बड़ा नहीं है कि खुजली करने की सलाह दी जाए। यानि कुल मिलाकर मच्छर या कीड़े के काटने पर खुजली करना नुकसानदायक है।

खुजली होने पर क्या करें?

Image Source : India Tvखुजली दूर करने के उपाय

अगर मच्छर, कीड़े के काटने या किसी एलर्जी से त्वचा में खुजली हो रही है, तो डॉक्टर ये उपाय अपनाने की सलाह देते हैं। 

  • हाइड्रोकार्टिजोन (Hydrocortisone) क्रीम लगाएं।
  • कैलामाइन (Calamine) लोशन का इस्तेमाल करें।
  • ओटमील (Oatmeal) से नहाए।
  • मेंथॉल वाली क्रीम का इस्तेमाल करें।
  • आइस पैक या बर्फ रगड़ लें।
  • जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से एंटीहिस्टामिन दवा लें।

इन उपायों को करने से त्वचा को कुछ समय के लिए ठंडक मिलेगी और खुजली कम होने लगेगी। इससे आप खुजली करने से बच सकते हैं। अगर आपने शुरुआत के 10 मिनट खुद को खुजली करने से रोक लिया तो खुजली का सिलसिला टूट सकता है।\

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)