1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: भारत के उप-सेना प्रमुख ने नहीं कही S-400 के तबाह होने की बात, Altered वीडियो किया गया वायरल

Fact Check: भारत के उप-सेना प्रमुख ने नहीं कही S-400 के तबाह होने की बात, Altered वीडियो किया गया वायरल

Fact Check: सोशल मीडिया पर वायरल एक अल्टर्ड वीडियो में झूठा दावा किया जा रहा है कि भारत के उप-सेना प्रमुख ने स्वीकार किया है कि भारत ने चीनी मिसाइलों के कारण S-400 एयर डिफेंस सिस्टम खो दिया है।

Fact Check- India TV Hindi
Image Source : SCREENSHOT फैक्ट चेक।

पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। भारत की सेनाओं ने पहले पाकिस्तान के आतंकी संगठनों को तबाह किया और फिर पाकिस्तानी सेना को भी घुटनों पर ला दिया था। इस दौरान पाकिस्तान की ओर से किए गए सभी हमले विफल रहे थे। इसका बड़ा कारण भारत के एयर डिफेंस सिस्टम थे जिनमें S-400 भी शामिल है। अब सोशल मीडिया पर S-400 को लेकर एक एडिटेड वीडियो वायरल हो रहा है। भारत के उप-सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल राहुल सिंह का एडिटेड वीडियो शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि उन्होंने ये बात स्वीकार की है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत का S-400 डिफेंस सिस्टम तबाह हो गया था। फैक्ट चेक में ये दावा पूरी तरह से झूठा पाया गया है।

क्या हो रहा है वायरल?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर Truth voice नाम के हैंडल ने भारतीय उप-सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल राहुल सिंह का एडिटेड वीडियो शेयर करते हुए लिखा- "भारतीय उप-सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल राहुल सिंह ने फिक्की को संबोधित करते हुए स्वीकार किया कि भारत वर्तमान में रूस के साथ दो और एस-400 सिस्टम प्राप्त करने के लिए बातचीत कर रहा है क्योंकि 10 मई को दो एस-400 तबाह गए थे।"

Image Source : Screenshotफैक्ट चेक।

पड़ताल में क्या सामने आया?

सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल ओपन सर्च पर जाकर संबंधित कीवर्ड की मदद से इस दावे को लेकर सर्च किया। हालांकि, हमें कहीं भी ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली जिसमें उप सेना प्रमुख राहुल सिंह ने S-400 के तबाह होने की बात कही हो। हमें India TV की ओर से पब्लिश एक खबर मिली जिसमें उप सेना प्रमुख ने बताया था कि भारत ने सिर्फ पाकिस्तान को नहीं बल्कि तीन देशों (चीन-तुर्की) को हराया है। 

जांच को आगे बढ़ाने पर हमें X पर PIB द्वारा किया गया एक पोस्ट मिला। PIB ने लिखा है- "सोशल मीडिया पर वायरल एक अल्टर्ड वीडियो में झूठा दावा किया जा रहा है कि डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल राहुल आर. सिंह ने स्वीकार किया है कि भारत ने चीन के मिसाइलों के कारण S-400 एयर डिफेंस सिस्टम खो दिया है। वीडियो में डिजिटल रूप से छेड़छाड़ की गई है। ये वीडियो 4 जुलाई 2025 को @ficci_india द्वारा आयोजित एक सम्मेलन का है और अपने संबोधन के दौरान डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल राहुल आर. सिंह ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया था।"

Fact Check में क्या निकला?

फैक्ट चेक में सामने आया है कि भारत के उप-सेना प्रमुख जनरल राहुल आर. सिंह के वीडियो को डिजिटल रूप से छेड़छाड़ कर के वायरल किया गया है। उन्होंने S-400 को नुकसान पहुंचने की कोई भी बात नहीं कही है। लोगों को ऐसी किसी भी वीडियो से सावधान रहने की सलाह दी जाती है।

ये भी पढ़ें- Fact Check: नहीं, आर्मी जनरल ने नहीं कहा कि पाकिस्तान ने हमें 'हैरान' किया, जानें मामले की सच्चाई

Fact Check: रेलवे ट्रैक के बीच में सोलर पैनल लगाएगी भारतीय रेलवे? जानें क्या है पूरा सच