1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: पाकिस्तानी प्रोपेगेंडा की नई साजिश! जनरल उपेंद्र द्विवेदी के नाम पर फैलाया गया फर्जी वीडियो

Fact Check: पाकिस्तानी प्रोपेगेंडा की नई साजिश! जनरल उपेंद्र द्विवेदी के नाम पर फैलाया गया फर्जी वीडियो

सोशल मीडिया पर भारत के पूर्व आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी के कथित इस्तीफे का फर्जी वीडियो वायरल किया जा रहा है। PIB फैक्ट चेक ने स्पष्ट किया है कि यह AI से तैयार डीपफेक वीडियो है, जिसे पाकिस्तान समर्थित प्रोपेगेंडा अकाउंट्स ने फैलाया है।

General Upendra Dwivedi Fake Video, PIB Fact Check, AI Deepfake Video- India TV Hindi
Image Source : PIB पूर्व आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी का फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

नई दिल्ली: भारत के पूर्व आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी के इस्तीफे से जुड़ा एक फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दावा किया जा रहा है कि जनरल उपेंद्र द्विवेदी विरोध स्वरूप अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं और सेना की कमान जनरल धीरज सेठ को सौंप रहे हैं। भारत सरकार की प्रेस सूचना ब्यूरो यानी कि PIB की फैक्ट चेक टीम ने इस दावे को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है।

AI की मदद से तैयार किया गया फर्जी वीडियो

PIB फैक्ट चेक के मुताबिक, यह वीडियो कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी AI की मदद से तैयार किया गया डीपफेक है। इसे पाकिस्तान से जुड़े प्रोपेगेंडा सोशल मीडिया अकाउंट्स द्वारा जानबूझकर फैलाया जा रहा है, ताकि लोगों को गुमराह किया जा सके और भारतीय सेना को लेकर झूठी कहानी बनाई जा सके। PIB ने स्पष्ट किया है कि जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने इस्तीफे या विरोध से जुड़ा कोई बयान नहीं दिया है। वायरल वीडियो में उनके बयान के साथ छेड़छाड़ की गई है।

PIB ने साझा किया जनरल द्विवेदी का मूल वीडियो

फैक्ट चेक में बताया गया है कि भारतीय सेना में सेना प्रमुख का बदलाव पूरी तरह एक नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया है। यह बदलाव तय कार्यकाल पूरा होने और सेवा निवृत्ति के बाद स्थापित नियमों और प्रक्रियाओं के तहत किया जाता है। इसमें किसी तरह का विवाद या विरोध शामिल नहीं है। PIB ने इस मामले में मूल वीडियो भी साझा किया है। ओरिजिनल वीडियो में जनरल उपेंद्र द्विवेदी किसी तरह के इस्तीफे की बात नहीं कर रहे हैं, बल्कि अपने उत्तराधिकारी को शुभकामनाएं देते हुए औपचारिक रूप से जिम्मेदारी सौंप रहे हैं।

आप मूल वीडियो यहां देख सकते हैं:

PIB ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

मूल वीडियो में जनरल उपेंद्र द्विवेदी कहते हैं, 'आज मैं यह जिम्मेदारी जनरल धीरज सेठ को सौंप रहा हूं। वह एक अनुभवी सैनिक और सक्षम नेतृत्वकर्ता हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में भारतीय सेना अपनी गौरवशाली परंपराओं, प्रोफेशनलिज्म और संकल्प के साथ और भी बुलंदियों को छुएगी।' PIB ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे संदिग्ध वीडियो और संदेशों पर बिना पुष्टि के भरोसा न करें। किसी भी संवेदनशील या महत्वपूर्ण जानकारी की सत्यता आधिकारिक स्रोतों से अवश्य जांचें।

ये भी पढ़ें:

Fact Check: क्या शख्स ने रोड शो के दौरान PM मोदी से की गैस न मिलने की शिकायत? जानें वायरल दावे का सच

Fact Check: 'केंद्र सरकार की महिला वर्क फ्रॉम होम योजना, हर महीने 25000 देने का वादा', जानिए वायरल दावे की सच्चाई