A
  1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: पश्चिम बंगाल में बाइक सवार हिंदू पर तलवार से हमला? वायरल हो रहा VIDEO, जानिए सच्चाई

Fact Check: पश्चिम बंगाल में बाइक सवार हिंदू पर तलवार से हमला? वायरल हो रहा VIDEO, जानिए सच्चाई

सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी फुटेज शेयर हो रहा है, जिसमें एक शख्स बाइक पर घर से निकलते हुए नजर आता है। तभी अचानक दूसरा व्यक्ति तलवार लेकर उस पर हमला कर देता है। वीडियो को शेयर कर यूजर्स दावा कर रहे है कि यह घटना पश्चिम बंगाल की है, जहां एक मुसलमान ने हिंदू व्यक्ति की हत्या कर दी।

फैक्ट चेक- India TV Hindi
Image Source : SCREENSHOT फैक्ट चेक

इन दिनों सोशल मीडिया पर किसी भी बात को गलत दावे के साथ पेश करना बहुत ही आसान है। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कई तरह के दावे किए जाते हैं। इनमें से कई दावे पूरी तरह फर्जी होते हैं। सोशल मीडिया यूजर्स अपने से ही वीडियो और इमेज को बनाकर अपलोड करते हैं। साथ ही इस पर अजीबोगरीब दावे भी करते हैं। ऐसा ही एक और नया मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी फुटेज शेयर हो रहा है, जिसमें एक शख्स बाइक पर घर से निकलते हुए नजर आता है। तभी अचानक दूसरा व्यक्ति तलवार लेकर उस पर हमला कर देता है। वीडियो को शेयर कर यूजर्स दावा कर रहे है कि यह घटना पश्चिम बंगाल की है, जहां एक मुसलमान ने हिंदू व्यक्ति की हत्या कर दी।

हालांकि फैक्ट चेक की जांच में यह वायरल दावा फर्जी साबित हुआ। हमारी पड़ताल में सामने आया कि यूजर्स जिस वीडियो को पश्चिम बंगाल का बताते हुए शेयर कर रहे हैं, वह न तो वहां का है और न ही इसमें दिख रहा हमलावर मुस्लिम समुदाय से है।  

क्या हो रहा है वायरल?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक यूजर ने 13 अगस्त 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “यह देखलो हिन्दुओ यह वीडियो पश्चिम बंगाल में हिन्दुओं की स्थिति को दर्शाती है कि वहां हमारे हिन्दू किस प्रकार रह रहे हैं, जहां हिन्दू घटेगा मुसलमान बढ़ेगा वहां हिन्दू को इसी प्रकार काटा जाएगा जाग जाओ हिन्दुओ अपनी संख्या को घटने मत दो।” वहीं, एक अन्य यूजर ने एक्स पर 13 अगस्त 2025 को समान दावे के साथ वायरल वीडियो को शेयर किया है।

Image Source : screenshotफैक्ट चेक

पड़ताल:

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के एक की-फ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज सर्च की मदद से जांचा। जांच में हमें एक तस्वीर पंजाब केसरी की वेबसाइट पर मिली, जिसे 12 अगस्त 2025 को पब्लिश किया गया था। पंजाब केसरी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 11 अगस्त की है। पीड़ित का नाम कुलतार सिंह है, जो पेशे से वकील हैं। घटना के दिन कुलतार अपने घर से बाइक पर कहीं जा रहे थे, तभी उनके पड़ोसी बिल्लू ने उन पर कृपाण से जानलेवा हमला कर दिया।

Image Source : screenshotफैक्ट चेक

इस रिपोर्ट के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड से सर्च किया, इस दौरान हमें दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर 12-8-2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। यहां पर वायरल वीडियो मौजूद था।

Fact Check में क्या निकला?

हमारी पड़ताल में सामने आया कि यूजर्स जिस वीडियो को पश्चिम बंगाल का बताते हुए शेयर कर रहे हैं, वह न तो वहां का है और न ही इसमें दिख रहा हमलावर मुस्लिम समुदाय से है। असल में, वायरल वीडियो पंजाब के लुधियाना का है। जहां, एक शख्स ने अपने ही पड़ोसी पर तलवार से हमला कर दिया था। पंजाब पुलिस ने बताया कि आरोपी और पीड़ित दोनों ही सिख समुदाय से हैं। इस वीडियो को गलत संदर्भ में पश्चिम बंगाल का बताकर और भ्रामक दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। लोगों को ऐसी किसी भी पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी जाती है। (इनपुट: भाषा)