Fact Check: प्रेमानंद जी महाराज का स्वास्थ्य खराब है? क्यों स्थगित हुई पदयात्रा? यहां जानें सच्चाई
India TV Fact Check: वृंदावन के संत प्रेमानंद जी महाराज के स्वास्थ्य को लेकर कई तरह की वीडियो और खबरें सोशल मीडिया पर चल रही है। सोशल मीडिया पर यह बताया जा रहा है कि संत प्रेमानंद जी महाराज का स्वास्थ्य ठीक नहीं है

वृंदावन के संत प्रेमानंद जी महाराज के स्वास्थ्य को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की खबरें और वीडियो वायरल किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि संत प्रेमानंद जी महाराज का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। दावा ये भा किया जा रहा है कि खराब स्वास्थ्य के कारण प्रेमानंद जी की पदयात्रा भी स्थगित कर दी गई है। सोशल मीडिया पर कई दिनों से वायरल हो रही इन खबरों का सच जानने के लिए जब इंडिया टीवी की टीम वृंदावन पहुंची तो सच्चाई कुछ और ही निकली।
क्या हो रहा है दावा?
सोशल मीडिया पर बताया जा रहा है कि संत प्रेमानंद जी महाराज का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। इतना ही नहीं प्रेमानंद जी महाराज की पदयात्रा को लेकर भी सोशल मीडिया पर खबरें चल रही है जिसमें कहा जा रहा है की उनकी पदयात्रा इसलिए स्थगित की गई है क्योंकि वह अस्वस्थ हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक यूजर ने लिखा- "प्रेमानंद जी महाराज इन दिनों श्री केली कुंज आश्रम में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। उनकी चिकित्सकीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन डायलिसिस की जा रही है। संपूर्ण शरीर में सूजन है और दोनों हाथों पर पट्टियां बंधी हुई हैं।"
पड़ताल में क्या सामने आया?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन सभी खबरों की पुष्टि के लिए इंडिया टीवी की टीम वृंदावन के राधा केली कुंज आश्रम में पहुंची जहां पर इस समय प्रेमानंद जी महाराज रुके हुए हैं। आश्रम के लोगों ने कैमरे पर तो बात नहीं की लेकिन बिना कैमरे के आश्रम के लोगों ने बताया कि प्रेमानंद जी महाराज का स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक है। जो वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही है, वह वीडियो 4 साल पुरानी है। इतना ही नहीं आश्रम के लोगों ने बताया कि प्रेमानंद जी महाराज के एकांत दर्शन एकांत वार्तालाप पहले की तरह नियमित रूप से चल रहे हैं।
पदयात्रा क्यों स्थगित की गई?
प्रेमानंद जी महाराज की पदयात्रा इसलिए स्थगित की गई है क्योंकि पहले प्रेमानंद जी महाराज श्री कृष्ण शरणम में ठहरे हुए थे और वहां से 3 किलोमीटर की पदयात्रा करके वह रोजाना राधा केली कुंज आश्रम आते थे। लेकिन अब उन्होंने अपना प्रवास राधा केली कुंज आश्रम में बना लिया है। इसलिए पदयात्रा कुछ समय के लिए स्थगित की गई है।
फैक्ट चेक में क्या सामने आया?
India TV की ओर से किए गए फैक्ट चेक में सामने आया है कि प्रेमानंद जी महाराज का स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावे पूरी तरह से फर्जी हैं। लोगों को ऐसी किसी भी पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी जाती है।
ये भी पढ़ें- Fact Check: यूपी में Gen-Z ने CM योगी के समर्थन में निकाली रैली? जानें क्या है वायरल वीडियो का सच
Fact Check: इंडिया पोस्ट के नाम से एक फर्जी मैसेज हो रहा वायरल, हो जाएं सावधान