India TV Fact Check: लोकसभा चुनाव के लिए 19 अप्रैल से मतदान शुरू होने वाला है लेकिन उससे पहले सभी राजनेता धुंआदार रैलियां करने में जुटे हैं। इसी क्रम में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसके साथ दावा किया जा रहा है कि ये जनसैलाब कांग्रेस नेता राहुल गांधी की जनसभा में जुटा है। लेकिन जब हमने इस वीडियो का फैक्ट चेक किया तो पाया कि वीडियो असल में ईसाई संगठन ‘होसन्ना मिनिस्ट्रीस’ द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम का है, जो कि 8 मार्च 2024 का है।
क्या हो रहा वायरल?
दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर @divyakumaari नाम की एक यूजर ने इस वीडियो को 11 अप्रैल 2024 को शेयर किया है। इसके साथ कैप्शन में लिखा है, "राहुल गांधी के समर्थन मे ये जन सैलाब मोदी जी की नींद हराम कर देगा"
Image Source : screenshot सोशल मीडिया पर वायरल हो रही ये वीडियो
इस 22 सेकेंड के वीडियो के बैकग्राउंड में कांग्रेस के चुनावी कैंपेन का गाना चल रहा है और वीडियो के अंदर विशाल जन सैलाब दिख रहा है। वीडियो में कहीं भी ना तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिख रहे हैं और ना ही भीड़ में कहीं कांग्रेस का झंडा दिख रहा है।
इंडिया टीवी ने की पड़ताल
जब हमें ये वीडियो मिला तो सबसे पहले इसके कुछ कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल पर रिवर्स सर्च किया। इस दौरान सर्च रिजल्ट में हमें फेसबुक पर एक वीडियो मिली। ये वीडियो Hosanna Fellowship नाम के एक पेज पर 11 मार्च को अपलोड किया गया था। सबसे पहली चीज जो हमने नोटिस की वह ये कि इस वीडियो के बैकग्राउंड में कोई धार्मिक संगीत बज रहा है। इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है, "glory to for Successfully completion of 47th International Feast of Tabernacle from Hosanna ministries" (होसन्ना मंत्रालय की ओर से टैबरनेकल के 47वें अंतर्राष्ट्रीय पर्व को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए गौरव)
Image Source : screenshot Hosanna Fellowship के पेज पर मिली ये वीडियो
इस वीडियो के अंदर भी वही मैदान और एक दम वही दृश्य हैं जो वायरल वीडियो में दिख रहे हैं। इसके बाद हमने 'होसन्ना मिनिस्ट्रीस' को गूगल पर सर्च किया तो HOSANNA MINISTRIES OFFICIAL नाम का यूट्यूब चैनल सामने आया। ये वीडियो यहां 13 मार्च 2024 को अपलोड किया गया था।
इसके बाद हमने ‘होसन्ना मिनिस्ट्रीस’ के बारे में जानकारी जुटाई। होसन्ना मिनिस्ट्रीस की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गयी जानकारी में हमने पाया कि यह एक ईसाई संगठन है। वेबसाइट पर दी गयी जानकारी के अनुसार, होसन्ना मिनिस्ट्रीज़, आंध्र प्रदेश के गुंटूर में स्थित है और भारत का सबसे बड़ा चर्च है, जहां एक समय पर 50,000 से अधिक लोग एक साथ इकट्ठा होकर पूजा करते हैं।
थोड़ा और पड़ताल करने पता लगा कि होसन्ना मिनिस्ट्रीस हर साल मार्च के महीने में ‘फीस्ट ऑफ टैबरनेकल्स’ नामक कार्यक्रम का आयोजन करते हैं। यहूदियों के इस त्योहार का कार्यक्रम एक हफ्ते चलता है, जिसमें भारी संख्या में लोग हिस्सा लेने आते हैं।
फैक्ट चेक में क्या निकला?
हमारी पड़ताल में साफ हुआ कि वायरल वीडियो राहुल गांधी की रैली का नहीं बल्कि ईसाई संगठन के एक कार्यक्रम का है।
ये भी पढ़ें-