Fact Check: इन दिनों सोशल मीडिया पर किसी भी बात को गलत दावे के साथ पेश करना बहुत ही आसान है। हालांकि इसका बहुत ज्यादा नुकसान भी होता है और ये खतरनाक है। फेक खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो जाती हैं। इन्हीं फेक न्यूज से आपको सावधान करने के लिए हम लेकर आते हैं India TV फैक्ट चेक। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पोस्ट काफी तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि 'चुनाव में हार मिलने के बाद तेज प्रताप यादव की तबीयत खराब हो गई।'
क्या हो रहा है वायरल?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक पोस्ट में यह दावा किया जा रहा है कि 'चुनाव में हार मिलने के बाद तेज प्रताप यादव की तबीयत खराब हो गई।' सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक यूजर ने अपनी पोस्ट में यह दावा किया है। इसके साथ ही यूजर ने अपने एक्स अकाउंट पर एक फोटो भी शेयर की है। इस तस्वीर में देखा जा सकता है कि तेज प्रताप यादव को ऑक्सीजन मास्क भी लगाया गया है। यूजर ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, "तेजू भैया को चुनाव हारने का सदमा लग गया। किसी को विश्वास नहीं था की तेजप्रताप यादव हारेंगे। इनके लिए मुझे बहुत बुरा लग रहा है, पहले प्रेम के कारण परिवार से निकाला गया, फिर पार्टी से 6 साल के लिए बर्खास्त किया गया।अब चुनाव भी हार गए, तो सदमा लगेगा ही, तबीयत ख़राब होगी ही।"
Image Source : screenshotसोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट का स्क्रीनशॉट।
फैक्ट चेक
चूंकि सोशल मीडिया पर यह पोस्ट काफी तेजी से वायरल हो रही थी, इसलिए हमने दावे की जांच करने का फैसला किया। वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के की-फ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज सर्च की मदद से जांचा। इस दौरान हमें न्यूज वेबसाइट आज तक पर 15 मार्च 2024 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली, जहां वायरल तस्वीर मौजूद थी। रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार के पूर्व मंत्री और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तेज प्रताप को सीने में दर्द की शिकायत हुई थी जिसके बाद उन्हें तुरंत पटना के राजेंद्र नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Image Source : Screenshotआज तक की रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट।
फैक्ट चेक में क्या निकला?
India TV की ओर से किए गए फैक्ट चेक में सामने आया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट के साथ किया जा रहा दावा गलत है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट को तेज प्रताप यादव के अस्पताल में भर्ती होने से जोड़कर वायरल किया जा रहा है, जबकि यह तस्वीर पुरानी है। ऐसे में इंडिया टीवी के फैक्ट चेक में वायरल हो रहा दावा गलत निकला। सोशल मीडिया पर गलत दावे के साथ इस पोस्ट को वायरल किया जा रहा था, इसलिए लोगों को ऐसी किसी भी पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी जाती है। India TV के फैक्ट चेक में वायरल हो रही इस पोस्ट का दावा झूठा निकला।
यह भी पढ़ें-
Fact Check: क्या नीतीश कुमार नहीं होंगे सीएम पद के उम्मीदवार? ललन सिंह का बयान हो रहा वायरल; जानें सच
Fact Check: क्या अमित शाह ने भारतीय सेना को RSS और हिंदुत्व की सेना बताया? जानें वायरल वीडियो का पूरा सच