28 फरवरी को उत्तर प्रदेश में नहीं रहेगी छुट्टी, वायरल हो रही सरकारी आदेश की फर्जी विज्ञप्ति
सरकारी आदेश की फर्जी कॉपी कुछ शरारती बच्चों की तरफ से जारी की गई है। सरकार की असली कॉपी के साथ छेड़छाड़ करके फर्जी कॉपी बनाई गई है और लोगों को गुमराह किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश सरकार के आदेश की कॉपी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। इस कॉपी को शेयर करने के साथ दावा किया जा रहा है कि 28 फरवरी को पूरे उत्तर प्रदेश में छुट्टी रहेगी। हालांकि, ऐसा नहीं है। योगी सरकार ने शनिवार (28 फरवरी) को कार्यदिवस घोषित किया है। इसके बदले 3 मार्च को छुट्टी दी है। ऐसे में सभी कर्मचारियों को लगातार तीन दिन की छुट्टी मिलेगी। छुट्टियों से पहले सैलरी भी उनके खाते में आ जाएगी, ताकि वह होली का त्योहार मना सकें।
वायरल कॉपी में दावा किया गया है कि सरकार ने शनिवार (28 फरवरी) को भी सभी संस्थानों में छुट्टी कर दी है और कुल मिलाकर छुट्टी लगातार पांच दिन की हो गई है। वायरल दावे के अनुसार 28 फरवरी (शनिवार), 1 मार्च (रविवार), 2 मार्च से लेकर 4 मार्च तक होली की छुट्टी दी गई है। ऐसे में पांच दिन तक लगातार छुट्टी का दावा किया गया है। हालांकि, यह दावा गलत है।
फर्जी आदेश की वायरल कॉपी
सामान्य प्रशासन अनुभाग, उत्तर प्रदेश शासन की विज्ञप्ति दिनांक 27 फरवरी, 2026 द्वारा होली पर्व के पावन अवसर पर दिनांक 03 मार्च, 2026 (दिन मंगलवार) को निगोशिएबल इंस्टूमेंट एक्ट, 1881 के अधीन घोषित सार्वजनिक अवकाश के कारण सामान्य कार्य दिवस के अतिरिक्त दिनांक 28 फरवरी, 2026 (दिन शनिवार) को प्रदेश में समस्त सरकारी कार्यालय/संस्थान/बैंक/कोषागार आदि खुले रखने का निर्णय लिया गया था।
उक्त निर्णय के क्रम में यह सूचित किया जाता है कि दिनांक 28 फरवरी, 2026 (दिन शनिवार) की घोषित व्यवस्था निरस्त की जाती है। अतः प्रदेश के समस्त सरकारी कार्यालय/संस्थान/बैंक/कोषागार आदि दिनांक 28 फरवरी, 2026 को पूर्ववत अवकाश पर रहेंगे।
क्या है हकीकत?
असलियत यह है कि योगी सरकार ने होली की छुट्टी तीन दिन के लिए दी है। इस वजह से शनिवार की छुट्टी खत्म कर दी गई है। शनिवार (28 फरवरी) को पूरे उत्तर प्रदेश में सभी सरकारी कार्यालय खुले रहेंगे। इसके बदले कर्मचारियों को मंगलवार (3 मार्च) को छु्ट्टी मिलेगी। सरकार ने 2,3 और चार मार्च को होली की छुट्टी दी है। वहीं एक मार्च को रविवार की छुट्टी रहेगी। ऐसे में कर्मचारियों को कुल चार दिन की छुट्टी मिलेगी।
बुधवार को मनाई जाएगी होली
देशभर में होली का त्योहार 4 मार्च 2026 (बुधवार) को मनाया जाएगा। होलिका दहन (छोटी होली) 3 मार्च 2026 (मंगलवार) की शाम को होगा। होली का त्योहार शांति और खुशहाली के साथ मनाया जाए। इसे लेकर योगी सरकार पूरी तरह तैयार है। संबंधित अधिकारियों और विभागों को इस संबंध में दिशानिर्देश दे दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें-
Fact Check: क्या हवाई जहाज की खिड़की से दिखे भगवान हनुमान? जानें वायरल वीडियो का सच
