1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. अहमदाबाद: फिल्म स्पेशल 26 जैसी घटना, शातिर युवक ने केंद्र सरकार की एजेंसियों में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों ठगे

अहमदाबाद: फिल्म स्पेशल 26 जैसी घटना, शातिर युवक ने केंद्र सरकार की एजेंसियों में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों ठगे

अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने 36 साल के एक शख्स अमन नरेंद्रनाथ वर्मा को गिरफ्तार किया है। उसने लोगों को सरकारी नौकरी दिलवाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी को अंजाम दिया।

Ahmedabad- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT शातिर अमन नरेंद्रनाथ वर्मा गिरफ्तार

अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में फिल्म स्पेशल 26 जैसी घटना घटी है। अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने ऐसे मास्टरमाइंड आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने केंद्र सरकार की विभिन्न एजेंसियों में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये ठग लिए।

क्या है पूरा मामला?

अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में अमन नरेंद्रनाथ वर्मा नाम का शख्स आया है। इसकी उम्र 36 साल है। वह झारखंड के धनबाद के भूईफोर इलाके का रहने वाला है। अमन सिर्फ 12वीं पास है, लेकिन उसने निजी कंप्यूटर इंजीनियरिंग का कोर्स किया है और करीब सात साल तक बैंकिंग सेक्टर में काम भी कर चुका है। अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने झारखंड से इस नकली आयकर अधिकारी अमन नरेंद्रनाथ वर्मा को गिरफ्तार किया है, जो केंद्र सरकार की विभिन्न शाखाओं में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों को ठगता था।

आरोपी अमन वर्मा अपने साथियों के जरिए नौकरी चाहने वाले युवकों और युवतियों से संपर्क करता था। वह अपना झूठा नाम बताकर और केंद्र सरकार की एजेंसी का अधिकारी बनकर लोगों का विश्वास जीतता था। वह रेलवे, इनकम टैक्स, फूड डिपार्टमेंट, हेल्थ डिपार्टमेंट जैसी सरकारी एजेंसियों से मिलते-जुलते नामों वाले ईमेल आईडी बनाता था और उन्हीं के ज़रिए लोगों को ऑफर भेजता था।

इसके बाद बड़े शहरों के नामी होटलों में इंटरव्यू आयोजित करता था, जहां खुद को अधिकारी बताकर इंटरव्यू लेता था। वह ट्रेनिंग का झूठा आयोजन करता और प्रोसेसिंग व अन्य औपचारिकताओं के नाम पर पैसे वसूलता था।

इनकम टैक्स विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर युवती से 9.30 लाख ठगे

इसी तरह उसने झारखंड की एक युवती से, जो झारखंड सरकार में पीआई रह चुकी एक महिला की बेटी थी, इनकम टैक्स में नौकरी दिलाने के नाम पर 9 लाख 30 हजार रुपये ठगे। शिकायत दर्ज होने के बाद साइबर क्राइम ब्रांच ने पूरे मामले का खुलासा किया।

रियल लाइफ के इस स्पेशल 26 वाले नकली इनकम टैक्स ऑफिसर अमन वर्मा की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में सामने आया कि साल 2023 में सीबीआई ने भी इसी तरह के एक मामले में उसे गिरफ्तार किया था और उसने जेल की सजा भी काटी थी।

जेल से छूटने के बाद नकली ईमेल आईडी बनाईं

जेल से छूटने के बाद उसने 14 नए ईमेल आईडी बनाए और इनके माध्यम से देशभर के 35 से अधिक नौकरी चाहने वालों से संपर्क कर लाखों रुपये की ठगी की।

उसके बनाए ईमेल आईडी सरकारी एजेंसियों से मिलते-जुलते थे, जैसे: myhrmssbi.info, incometaxemployeecornerhrms.info, pwdmaha.info, indiapostgov.org, upstoxpro.info, dhnrailnetgov.info, incometaxgov.info, railnetgov.org, indiapostgov.online, maha-arogya.info, rdd-mahgov.info, incometaxhrms.in, railnetgov.com, incometaxgovinfo.inmyhrmssbi.info आदि।

इन ईमेल आईडी से वह फर्जी नियुक्ति पत्र भेजता, सात दिन की ट्रेनिंग का झांसा देता और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 12 लाख रुपये तक मांगता था। बातचीत में जो भी रकम तय होती, वह ले लेता और फिर संपर्क तोड़ देता।

एक साल में 35 से अधिक युवकों और युवतियों को ठगा

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि पिछले एक साल में आरोपी ने 35 से अधिक युवकों और युवतियों को इस तरह ठगा है। अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने अब इस दिशा में आगे की जांच शुरू कर दी है। आरोपी से कई चेकबुक, एटीएम कार्ड, पेन ड्राइव, दो नकली इनकम टैक्स पहचान पत्र और एक लैपटॉप बरामद किया गया है। यह मामला उन सभी लोगों के लिए एक बड़ी चेतावनी है जो सरकारी नौकरी पाने के लिए शॉर्टकट रास्ता अपनाने की सोचते हैं क्योंकि ऐसी लापरवाही उन्हें भारी नुकसान पहुंचा सकती है।