गुजरात के वलसाड जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। यहां वलसाड़-धरमपुर रोड पर एक मनमाने ट्रक चालक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। घटना की वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ तौर पर ट्रक चालक को देखा जा सकता है कि वह बेतरतीब तरीके से सड़क पर ट्रक चला रहा था। वह सड़क पर बार-बार साइड बदल रहा था। वीडियो में कई बार ऐसा लगा जैसे वह किसी वाहन से जाकर टकरा जाएगा और आखिरकार उसने एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। पूरा मामला वलसाड जिले के जुझवा गांव के करीब का बताया जा रहा है।
घटना का वीडियो आया सामने
दरअसल, घटना का वीडियो ट्रक के पीछे ही चल रहे किसी बाइक सवार ने अपने मोबाइल से बना लिया। वहीं हादसे के बाद से यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखकर ऐसा लग रहा है जैसे ट्रक चालक नशे में धुत हो। वह सड़क पर इस प्रकार ट्रक चला रहा था मानो एक्सीडेंट से कई लोगों को मुसीबत में डाल देता। सड़क पर सरकारी बस आ रही थी जिसमें कई लोग सवार होते हैं वह भी बाल-बाल टकराते बची। अगर बस टकराती तो बड़ा हादसा भी हो सकता था। ट्रक ने आखिर में बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार घायल हो गया। फिलहाल बाइक सवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
कोच्चि में कार ने बाइक को मारी टक्कर
बता दें कि केरल के कोच्चि में कार की टक्कर लगने से बाइक सवार एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उनका दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान कलामसेरी निवासी साजू (62) के रूप में हुई है। हादसे में घायल उनका दामाद आशीष निर्मल (33) जारक्कल का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना कलामसेरी में शुक्रवार रात करीब 11:50 बजे हुई। उन्होंने बताया कि दोनों व्यक्ति मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार टैक्सी ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। (इनपुट- जितेंद्र पाटिल)
यह भी पढ़ें-
बेटे को जंजीर से बांधकर काम पर जाते थे माता-पिता, किया गया रेस्क्यू; सामने आई वजह
तिरुपति: नशे में मंदिर के शिखर पर चढ़कर शराब मांगने लगा शख्स, पुलिस को 3 घंटे तक करनी पड़ी मशक्कत; सामने आया VIDEO