1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. अब कुत्तों के बिस्किट भी मिलावटी! वडोदरा में अवैध रूप से चल रही फैक्ट्री के खिलाफ एक्शन, लाइसेंस रद्द होने के बावजूद चल रहा था कारोबार

अब कुत्तों के बिस्किट भी मिलावटी! वडोदरा में अवैध रूप से चल रही फैक्ट्री के खिलाफ एक्शन, लाइसेंस रद्द होने के बावजूद चल रहा था कारोबार

वडोदरा में अवैध रूप से चल रही फैक्ट्री के खिलाफ एक्शन लिया गया है। यहां कुत्तों के बिस्किट बनाने की फैक्ट्री थी, जिसमें मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। हैरानी की बात ये थी कि लाइसेंस रद्द होने के बावजूद कारोबार चल रहा था।

अवैध रूप से संचालित फैक्ट्री के खिलाफ कार्रवाई।- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV अवैध रूप से संचालित फैक्ट्री के खिलाफ कार्रवाई।

गुजरात के वडोदरा शहर में खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। शहर के वाड़ी इलाके में एक रिहायशी मकान के अंदर अवैध रूप से कुत्तों के बिस्किट बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। विभाग ने कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद माल का निपटान कराया और इकाई को पूरी तरह बंद करने के निर्देश दिए।

मानकों के अनुरूप नहीं थे बिस्किट

दरअसल, वडोदरा के वाड़ी इलाके में रिहायशी क्षेत्र के बीच कुत्तों के बिस्किट बनाने और बेचने का काम किया जा रहा था। शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फैक्ट्री का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि यहां निर्धारित कानूनी मानकों और आवश्यक लाइसेंस के बिना उत्पादन किया जा रहा था। सबसे गंभीर बात यह रही कि उत्पादों पर शाकाहारी होने का प्रतीक इस्तेमाल किया जा रहा था, जबकि पैकेट पर निर्माण और समाप्ति की तारीख भी दर्ज नहीं थी। 

पहले ही रद्द कर दिया गया था लाइसेंस

विभाग के मुताबिक, पहले शिकायत मिलने के बाद संबंधित इकाई का खाद्य लाइसेंस रद्द किया जा चुका था, इसके बावजूद कारोबार जारी रखा गया। इसके बाद विभाग ने दोबारा निरीक्षण कर मौके पर मौजूद माल का निपटान कराया और इकाई को पूरी तरह बंद करने का आदेश दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले में कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

अवैध रूप से चल रहा था काम

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकुर शाह ने कहा, “इस फैक्ट्री में शाकाहारी प्रतीक का इस्तेमाल किया जा रहा था, जबकि उत्पाद पर निर्माण और समाप्ति की तारीख भी दर्ज नहीं थी। पहले शिकायत मिलने के बाद इनका खाद्य लाइसेंस रद्द कर दिया गया था, फिर भी अवैध रूप से काम जारी था। आज दोबारा निरीक्षण कर मौके पर मौजूद सभी माल का निपटान कराया गया है और संबंधित इकाई को पूरी तरह काम बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।”

अवैध शराब की बोतलों को नष्ट किया गया

एक अन्य मामले में शुक्रवार को गुजरात के दो शहरों में 4 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की अवैध शराब की बोतलों और कैन को रोड रोलर का इस्तेमाल करके नष्ट किया गया। गुजरात एक 'ड्राई स्टेट' (शराब-मुक्त राज्य) है, जहां शराब बनाने, बेचने, रखने और पीने पर पाबंदी है। जामनगर में 2.03 करोड़ रुपये की शराब नष्ट की गई, जबकि वडोदरा शहर में 2.91 करोड़ रुपये की शराब और अन्य मादक पेय नष्ट किए गए। (इनपुट- सत्यम नवास्कर)

यह भी पढ़ें-

यमुना रिवर क्रूज का ट्रायल शुरू, CM रेखा गुप्ता ने किया निरीक्षण; जानें टिकट से लेकर रूट तक की हर डिटेल