1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. अहमदाबाद प्लेन क्रैश: बढ़ सकता है मौतों का आंकड़ा, पुलिस कमिश्नर बोले- '318 बॉडी पार्ट्स मिले'

अहमदाबाद प्लेन क्रैश: बढ़ सकता है मौतों का आंकड़ा, पुलिस कमिश्नर बोले- '318 बॉडी पार्ट्स मिले'

अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर का कहना है कि हादसे वाली जगह से 318 बॉडी पार्ट्स मिले हैं। मलबे से 100 के करीब मोबाइल फोन भी मिले हैं। सभी चीजों की जांच की जा रही है और 2-3 दिन में मौतों का सही आंकड़ा सामने आ सकता है।

Ahmedabad plane crash- India TV Hindi
Image Source : PTI अहमदाबाद विमान हादसा

गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। प्लेन में कुल 242 लोग सवार थे और इनमें से सिर्फ एक यात्री की जान बची है। ऐसे में 241 मौतों की पुष्टि घटना वाले दिन ही हो चुकी है। विमान जिस इमारत से टकराया था, उसमें भी कई लोग मौजूद थे, जिन्हें अपनी जान गंवानी पड़ी है। इसी वजह से मौत का आंकड़ा बढ़ा है। अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर ने 318 बॉडी पार्ट्स मिलने की बात कही है। ऐसे में मौतों का आंकड़ा 300 के पार भी जा सकता है।

अब तक 297 मौतें होने की बात सामने आई है। कई जगहों पर यह आंकड़ा इससे भी कम बताया जा रहा है। अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर ने दो-तीन दिन में मौत का सही आंकड़ा सामने आने की बात कही है।

अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर का बयान

अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर ने कहा "विमान हादसे में मौतों का सटीक आंकड़ा 2-3 दिन में पता चलेगा। हादसे वाली जगह से जांच एजेंसियों को 318 बॉडी पार्ट्स मिले हैं। इसके अलावा मलबे में से करीब 100 के आसपास मोबाइल फोन मिले हैं, जिनकी जांच चल रही है। जांच की सुरुआत में सभी पार्ट्स और मलबे को क्रैश साइट पर सेट करके पूरी घटना को रिक्रिएट किया जायेगा। बोइंग के विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है।"

12 जून को हुआ था विमान हादसा

12 जून को एयर इंडिया का विमान अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुआ था। इस विमान को अनुभवी पायलट उड़ा रहे थे और टेकऑफ तक सब ठीक था। हालांकि, उड़ान भरने के कुथ मिनट के अंदर ही यह विमान हादसे का शिकार हो गया। विमान सीधे जाकर एक मेडिकल कॉलेज की इमारत से टकराया। प्लेन में सवार एक यात्री को छोड़कर सभी की मौके पर ही मौत हो गई। प्लेन लंबी दूरी के लिए निकला था। इस वजह से उसमें भरपूर ईंधन था। इसी वजह से हादसे के बाद विमान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत हो गई। इस विमान का ब्लैक बॉक्स भी मिल चुका है और जांच की जा रही है। अब तक हादसे की असली वजह सामने नहीं आई है। इस बीच एयर इंडिया ने इस हादसे से प्रभावित सभी लोगों को 25 लाख रुपये का मुआवजा देने की बात कही है। वहीं, टाटा समूह ने हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने का फैसला किया है।