अहमदाबादः अहमदाबाद के खोखरा में स्कूल में छात्र की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। गुस्साई भीड़ ने गुरुवार को भी जमकर बवाल किया। हत्या के विरोध में सड़कों पर उतरे लोगों ने सड़क जाम कर दिया है। इस बीच छात्र की हत्या करने वाले आरोपी की इंस्टाग्राम चैट वायरल हो रही है। चैट में आरोपी अपने दोस्त से बातचीत में हत्या की बात कबूल कर रहा है। स्क्रीनशॉट में आरोपी कथित तौर पर यह कहते हुए दिखाई दे रहा है, "जो होगा वो होगा" (जो हुआ सो हुआ)।
स्क्रीनशॉट में चैट कुछ इस तरह दिखाई दे रही है
दोस्त: भाई, क्या तुमने आज कुछ किया?
आरोपी: हां।
दोस्त: क्या तुमने किसी को चाकू मारा?
आरोपी: तुम्हें किसने बताया?
दोस्त: ज़रा एक मिनट के लिए फ़ोन करो।
दोस्त: ***** तुम इसके लिए किसी को चाकू मारकर नहीं मार सकते। तुम उसे बस पीट सकते थे, मार नहीं सकते थे।
आरोपी: जो हुआ सो हो गया।
दोस्त: अपना ख्याल रखना। कुछ समय के लिए अंडरग्राउंड हो जाओ। ये चैट डिलीट कर दो।
आरोपी: ठीक है।
आरोपी ने पूछा कि उसके दोस्त को घटना के बारे में कैसे पता चला, जिस पर दोस्त ने बताया कि उसे रास्ते में एक परिचित मिला था जिसने उसे इसके बारे में बताया था।
आरोपी की पूरी चैट यहां देखिए
Image Source : reporter inputहत्या के आरोपी छात्र की चैट वायरल
Image Source : reporter inputहत्या के आरोपी छात्र की चैट वायरल
जानें क्या है पूरा मामला
बता दें कि अहमदाबाद के एक स्कूल में आठवीं क्लास के स्टूडेंट ने दसवीं क्लास के स्टूडेंट की चाकू मारकर हत्या कर दी। बुधवार दोपहर में जब स्कूल की छुट्टी हुई तो दो स्टूडेंट्स के बीच झगड़ा हो गया। आठवीं क्लास के छात्र ने अपने कुछ साथियों को बुला लिया और दसवीं के स्टूडेंट पर चाकुओं से हमला कर दिया और वहां से भाग गया....जैसे ही ये घटना हुई, पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई...पहले तो किसी को समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ...कैसे हुआ...कुछ देर के बाद दसवीं क्लास के घायल बच्चे को हॉस्पिटल पहुंचाया गया...लेकिन तब तक उसका काफी खून बह चुका था डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका। देर रात बच्चे की मौत हो गई।
स्कूल में परिजनों का हंगामा
बच्चे की मौत की खबर के बाद मैनेजमेंट ने स्कूल में आज छुट्टी कर दी लेकिन सुबह-सुबह हज़ारों पैरेंट्स और कई संस्थाओं के लोग स्कूल पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने स्कूल में घुसकर तोड़फोड़ भी की। प्रिंसिपल से भी मिलने की कोशिश की लेकिन प्रिंसिपल से मुलाकात नहीं हुई...जिससे लोगों का गुस्सा और भड़क गया। लोगों की नाराजगी इस बात को लेकर है कि कोई बच्चा स्कूल में चाकू लेकर कैसे घुसा। कुछ पैरेंट्स का आरोप है कि जब ये घटना हुई तो उसके बाद आधे घंटे तक घायल बच्चा स्कूल के सामने सड़क पर पड़ा रहा लेकिन कोई उसे अस्पताल नहीं ले गया। अगर स्कूल के टीचर्स या प्रिंसिपल बच्चे को वक्त पर हॉस्पिटल ले जाते तो उसकी जान बच सकती थी।