A
Hindi News गुजरात गुजरात में विधायकों के लिए बने नए आवास, अमित शाह ने किया उद्घाटन, जानें क्या हैं सुविधाएं

गुजरात में विधायकों के लिए बने नए आवास, अमित शाह ने किया उद्घाटन, जानें क्या हैं सुविधाएं

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गांधीनगर में 325 करोड़ रुपये की लागत से बने नए विधायक आवासों का उद्घाटन किया। 12 टावरों में तीन बेडरूम वाले 216 फ्लैट बनाए गए हैं, जिनमें जिम, स्विमिंग पूल, कैंटीन और बगीचे जैसी सुविधाएं हैं। शाह ने साणंद में 805 करोड़ की 6-लेन सड़क परियोजना की भी आधारशिला रखी।

Amit Shah, Gujarat MLA housing, Gandhinagar new flats, Gujarat assembly- India TV Hindi Image Source : X.COM/AMITSHAH केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गांधीनगर में नए विधायक आवासों का उद्घाटन किया।

अहमदाबाद: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को गुजरात की राजधानी गांधीनगर में विधायकों के लिए बने नए आवासों का उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने अहमदाबाद जिले के साणंद तालुका में एक बड़ी सड़क परियोजना की आधारशिला भी रखी। बता दें कि गांधीनगर लोकसभा सीट से सांसद अमित शाह दिवाली उत्सव के बीच अपने गुजरात दौरे के तीसरे दिन सूबे की राजधानी पहुंचे हुए थे। उन्होंने सेक्टर 17 में विधायकों के लिए बनाए गए नए आवासीय अपार्टमेंट का उद्घाटन किया। सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस परिसर में 12 टॉवर हैं जिनमें कुल 216 अपार्टमेंट बने हैं। इस नए विधायक आवास का निर्माण 325 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है।

विधायक कॉम्प्लेक्स में हैं कई सुविधाएं

रिपोर्ट्स के मुताबिक, विधायक आवास के हर फ्लैट में 3 बेडरूम हैं और इसका क्षेत्रफल 238.45 वर्ग मीटर (लगभग 2,500 वर्ग फुट) है। कॉम्प्लेक्स में बड़ा बगीचा, बहुउद्देशीय हॉल, कम्युनिटी हॉल, स्विमिंग पूल, जिम, कैंटीन, इनडोर स्पोर्ट्स फैसिलिटी, एक डिस्पेंसरी और स्टोर जैसी सुविधाएं भी हैं। बता दें कि गुजरात विधानसभा में कुल 182 विधायक हैं। साल 1971 में सेक्टर 17 में ही एक बेडरूम वाले अपार्टमेंट बनाए गए थे। बढ़ती जरूरत को देखते हुए 1990-91 में सेक्टर 21 में 14 ब्लॉक बनाकर 2 बेडरूम वाले 168 अपार्टमेंट बनाए गए थे। अभी भी अधिकांश विधायक इन्हीं पुराने भवनों में रह रहे हैं।

साणंद में किया रोड प्रोजेक्ट का शिलान्यास

विज्ञप्ति में बताया गया कि 2022 में राज्य सरकार ने 1971 के पुराने क्वार्टरों को तोड़कर नए 3 बेडरूम वाले अपार्टमेंट बनाने की मंजूरी दी थी। अब यह प्रोजेक्ट पूरा हो चुका है। इससे पहले सुबह शाह ने साणंद तालुका में अहमदाबाद-मालिया रोड के शांतिपुरा-खोराज GDC खंड पर 6 लेन सड़क बनाने की परियोजना की आधारशिला रखी। साणंद तालुका गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है, लेकिन प्रशासनिक रूप से अहमदाबाद जिले में आता है। इस मौके पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहे। इस सड़क पर रोजाना औसतन 43 हजार वाहन गुजरते हैं। ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं को कम करने के लिए मौजूदा 4 लेन की सड़क को 6 लेन में बदलने की जरूरत थी। 805 करोड़ रुपये की इस परियोजना में कुल 28.8 किलोमीटर सड़क को 6 लेन में बदला जाएगा। (PTI)