A
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात: कोली समाज के कार्यक्रम में पहुंचे अरविंद केजरीवाल, कहा समाज के सुख-दुख में साथ खड़ी है आम आदमी पार्टी

गुजरात: कोली समाज के कार्यक्रम में पहुंचे अरविंद केजरीवाल, कहा समाज के सुख-दुख में साथ खड़ी है आम आदमी पार्टी

अरविंद केजरीवाल के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के अन्य नेता भी सामूहिक विवाह में शामिल हुए। इस दौरान केजरीवाल ने सामाजिक बुराइयां खत्म करने की अपील की।

Arvind Kejriwal- India TV Hindi
Image Source : X/ARVINDKEJRIWAL अरविंद केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल रविवार को गुजरात के भावनगर में 151 जोड़ों के सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए। यह कार्यक्रम श्री वीर मंधाता कोली समाज संगठन द्वारा किया गया, जो पिछले 12 सालों से जरूरतमंद और अनाथ बेटियों की शादी करवा रहा है। अब तक 2000 से ज्यादा बेटियों की शादी करवाई जा चुकी है। कुछ साल पहले 501 जोड़ों की शादी एक साथ करवाई गई थी। यह सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को कर्ज और दिखावे से बचाने का अभियान है। 

गुजरात में कोली समाज की बड़ी संख्या है। खेती, मछली पालन और मेहनत-मजदूरी से जुड़ा यह समाज वर्षों से आर्थिक रूप से कमजोर रहा है। शादी-ब्याह में ज्यादा खर्च की वजह से कई परिवार कर्ज में डूब जाते हैं। जमीन बेचनी पड़ती है, गहने गिरवी रखने पड़ते हैं। ऐसे में सामूहिक विवाह जैसे आयोजन गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत बनते हैं। यहां बिना फिजूल खर्च के सम्मान के साथ बेटियों की शादी होती है।

एक्स पर शेयर की तस्वीरें

अरविंद केजरीवाल ने शादी समारोह की फोटो शेयर करते हुए एक्स पर लिखा, "गुजरात के भावनगर में कोली समाज द्वारा आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होकर नवदंपतियों को आशीर्वाद देने का सौभाग्य मिला। यह आयोजन सामाजिक एकता, सहयोग और हमारी समृद्ध परंपराओं की सुंदर मिसाल है। सभी नवदंपतियों को सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं।"

कुरीतियों को खत्म करने की अपील

अरविंद केजरीवाल ने बेटियों की खुशियों और परिवारों की जिम्मेदारियों पर बात करते हुए समाज से अपील की कि दिखावे और कुरीतियों को खत्म करें। उन्होंने कहा कि अगर समाज के बच्चों को अच्छी शिक्षा और सही अवसर मिले तो वे देश का नाम रोशन कर सकते हैं। मेहनती और प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए। इस कार्यक्रम में हर जाति और हर धर्म की बेटियां शामिल थीं। यह सिर्फ एक समाज का नहीं, बल्कि पूरे समाज को जोड़ने का आयोजन था।

गुजरात में पकड़ मजबूत कर रही आम आदमी पार्टी

गुजरात में आम आदमी पार्टी धीरे-धीरे अपनी जगह मजबूत कर रही है। जब नेता सामाजिक कार्यक्रमों में बिना राजनीति के शामिल होते हैं, तो लोगों के दिलों में भरोसा बनता है। यही भरोसा भविष्य की ताकत बनता है। यह आयोजन सामाजिक बदलाव का संदेश भी था और एक संवेदनशील नेतृत्व की झलक भी।

यह भी पढ़ें-

गुजरात: शादी समारोह में भगवान राम का भजन बजने पर विवाद, मुस्लिम पक्ष ने जताई आपत्ति, जमकर मारपीट और पथराव, बारात वापस गई

गुजरात में अलग-अलग सड़क हादसों में 11 लोगों की मौत, एक घायल