A
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. उपचुनाव में मिली जीत से गदगद है AAP, आज से केजरीवाल का 3 दिवसीय गुजरात दौरा, अहमदाबाद से शुरू करेंगे खास अभियान

उपचुनाव में मिली जीत से गदगद है AAP, आज से केजरीवाल का 3 दिवसीय गुजरात दौरा, अहमदाबाद से शुरू करेंगे खास अभियान

अरविंद केजरीवाल और पार्टी कार्यकर्ता गुजरात की विसावदर सीट में जीत दर्ज करने के बाद खासा उत्साह में हैं। इसी को देखते हुए अरविंद केजरीवाल गुजरात के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। यहां से वह एक खास अभियान शुरू करने वाले हैं।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल- India TV Hindi
Image Source : PTI आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल विसावदर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की उपचुनाव जीत के बाद मंगलवार को गुजरात के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। विसावदर सीट पर उपचुनाव को जीतने के आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता काफी खुश हैं। आम आदमी पार्टी गुजरात में संगठनात्मक बदलाव भी कर सकती है।

'गुजरात जोड़ो' सदस्यता अभियान की होगी शुरुआत

आप के एक बयान के अनुसार, केजरीवाल संगठनात्मक बैठकों में भाग लेने और पार्टी के नए लॉन्च किए गए 'गुजरात जोड़ो' सदस्यता अभियान के लिए समर्थन जुटाने के लिए 1 से 3 जुलाई तक अहमदाबाद में रहेंगे। केजरीवाल का ये अभियान 2 जुलाई को अहमदाबाद में शुरू होगा और राज्यभर में विस्तारित किया जाएगा।

नए सिरे से प्रयास का प्रतीक है ये जीत

केजरीवाल ने अहमदाबाद रवाना होने से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, 'मैं विसावदर में जीत के बाद कार्यकर्ताओं से मिलने आज गुजरात जा रहा हूं।' केजरीवाल का गुजरात जोड़ो अभियान राज्य में जमीनी स्तर पर गहरी उपस्थिति स्थापित करने के लिए पार्टी द्वारा नए सिरे से प्रयास का प्रतीक है, जहां बीजेपी ने दो दशकों से अधिक समय से एक प्रमुख राजनीतिक पकड़ बनाए रखी है।

पंजाब चुनाव में आएगा बड़ा तूफान

केजरीवाल ने हाल ही में गुजरात और पंजाब में हुए उपचुनावों में अपनी पार्टी के प्रदर्शन की भी सराहना की। जहां उन्होंने एक-एक सीट बरकरार रखी। उन्होंने कहा, '2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों में आप का बड़ा तूफान आएगा। गुजरात में लोगों ने भाजपा और कांग्रेस दोनों को खारिज करने का फैसला किया है।'

गोपाल इटालिया ने बीजेपी उम्मीदवार को हराया

बता दें कि गुजरात के जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट पर आप के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने जीत दर्ज की। जिन्होंने भाजपा उम्मीदवार किरीट पटेल को 17,554 मतों के अंतर से हराया है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इटालिया को 75,942 वोट मिले, जबकि पटेल को 58,388 वोट मिले। (इनपुट-पीटीआई)