1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. अब अहमदाबाद के एयरपोर्ट परिसर में ले जाया जा रहा विमान हादसे का मलबा, जानिए इसके पीछे की वजह

अब अहमदाबाद के एयरपोर्ट परिसर में ले जाया जा रहा विमान हादसे का मलबा, जानिए इसके पीछे की वजह

विमान हादसे के मलबे से ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है। हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है। वहीं, अब इस मलबे को मेडिकल कॉलेज के छात्रावास अहमदाबाद एयरपोर्ट पर ले जाया जा रहा है।

अहमदाबाद प्लेन हादसे का मलबा- India TV Hindi
Image Source : PTI अहमदाबाद प्लेन हादसे का मलबा

अहमदाबाद में 12 जून को एक मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान के मलबे को गुजरात पुलिस ने हवाई अड्डे परिसर में ले जाना शुरू कर दिया है। सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के लिए रवाना हुआ विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद मेघाणी नगर में छात्रावास परिसर में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में 270 लोगों की जान चली गई थी। 

AAIB की निगरानी में रखा जाएगा मलबा

एक अधिकारी ने कहा कि मलबे को दुर्घटनास्थल से गुजरात राज्य विमानन अवसंरचना कंपनी लिमिटेड (GUJSAIL) की इमारत में ले जाया जा रहा है, जो हवाई अड्डे के परिसर में है। इसे विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की निगरानी में रखा जाएगा। 

मलबे को शिफ्ट करने में लगेगा 72 घंटे का समय

संयुक्त पुलिस आयुक्त, सेक्टर-दो, जयपालसिंह राठौर ने कहा, ‘हमने यहां दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान के मलबे को आज से जीयूजेएसएआईएल की इमारत में ले जाना शुरू कर दिया है।’ उन्होंने कहा, ‘पूरे मलबे को स्थानांतरित करने में 48 से 72 घंटे लगेंगे।’ 

ये अमेरिकी एजेंसी भी कर रही जांच

अधिकारी ने कहा, ‘मलबा एएआईबी के कब्जे में रहेगा जो विमान दुर्घटना की जांच कर रहा है।’ एएआईबी के अलावा, अमेरिकी राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) विमान दुर्घटना की अंतरराष्ट्रीय जांच का नेतृत्व कर रहा है। 

232 परिवारों को सौंपे गए शव

अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना में मारे गए लोगों में से कम से कम 247 लोगों की अब तक डीएनए नमूने के मिलान के माध्यम से पहचान की गई है और 232 शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं। (भाषा के इनपुट के साथ)